Goa Politics: गोवा में BJP के साथ कांग्रेस विधायक दल का हुआ विलय, विधानसभा स्पीकर ने की पुष्टि
गोवा की राजनीति में इस वक्त उथल पुथल मची हुई है। दरअसल यहां कांग्रेस पार्टी के आठ विधायकों ने दल बदल कर लिया जिसके बाद गुरुवार को विधानसभा स्पीकर ने ब ...और पढ़ें

पणजी, एजेंसी। गोवा विधानसभा स्पीकर रमेश तावड़कर (Ramesh Tawadkar) ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ कांग्रेस (CLP) के विलय पर मुहर लगा दी है। गोवा विधानसभा अध्यक्ष तावड़कर ने आज बताया कि उन्होंने कांग्रेस विधायक दल (CLP) के सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में विलय को स्वीकार कर लिया है।
कांग्रेस के 8 विधायकों ने बदला पाला
विधानसभा स्पीकर तावड़कर ने बताया कि कांग्रेस विधायकों द्वारा दिए गए रिजालूशन को देखने के बाद उन्हें इस बात की जानकारी हुई कि उनके पास आवश्यक संख्या बल है। गोवा में कांग्रेस के 11 में से 8 विधायकों ने बुधवार को विधायक दल का भाजपा में विलय करने का प्रस्ताव पारित किया था। 40 सदस्यीय विधानसभा में अब BJP के पास 28 विधायक हैं। यह आंकड़ा आठ कांग्रेसी विधायकों के शामिल होने के बाद है।
चुनाव के थोड़ा पहले ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए माइकल लोबो ने भी पाला बदल लिया है। माइकल लोबो ने बताया हम प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को मजबूत करने के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं, 'कांग्रेस छोड़ो, भाजपा को जोड़ो।' पूरे देश में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है और इस बीच पार्टी को यह झटका लगा है।
साल 2019 में जब 15 में से 10 कांग्रेस विधायकों ने BJP का दामन थामा था और उस वक्त तीन नए मंत्रियों की एंट्री के लिए पार्टी ने तीन मंत्रियों को हटा दिया था और वही पैटर्न अब दोहराया जा रहा है।
गोवा कैबिनेट में फेरबदल की संभावना
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (Pramod Sawant) ने गवर्नर पीएस श्रीधरन पिल्लै (P S Sreedharan Pillai) से गुरुवार सुबह मुलाकात की। कांग्रेस के आठ विधायकों ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ( BJP) का दामन थाम लिया जिसके बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल की बात हो रही है।
बता दें कि बुधवार को नाटकीय घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि इस मुलाकात का राजनीति से कोई लेना देना नहीं। उन्होंने राज्यपाल से राजभवन में मुलाकात की थी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) को किस तरह मनाना है, इसपर ही चर्चा की गई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।