Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'गांधी परिवार कुर्सी के लिए देश भी बेच सकता है' संसद में BJP ने विपक्ष को सुनाई खरी-खरी

    हिंडनबर्ग की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि 22 जुलाई से नौ अगस्त के बीच संसद का मानसून सत्र हुआ और 10 अगस्त को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई। वहीं 25 नवंबर से वर्तमान सत्र शुरू हुआ और 20 नवंबर को एक अमेरिकी कोर्ट में अटार्नी की रिपोर्ट जारी हुई। क्या यह एक महज संयोग है?

    By Jagran News Edited By: Piyush Kumar Updated: Thu, 05 Dec 2024 10:21 PM (IST)
    Hero Image
    राज्यसभा में भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना।(फोटो सोर्स: एएनआई)

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन से ही अदाणी मुद्दे पर सरकार को घेरने और हंगामा करके संसद का कामकाज बाधित करने में जुटी कांग्रेस पर भाजपा ने अब तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने कांग्रेस पर विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देशविरोधी मुद्दों को हवा देने का गंभीर आरोप लगाया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा ने कहा कि गांधी परिवार कुर्सी के लिए देश भी बेच सकता है। साथ ही एक फ्रेंच समाचार पत्र की रिपोर्ट के हवाले से देश की छवि खराब करने के लिए जार्ज सोरोस, ओसीसीआरपी (आर्गेनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट) और राहुल गांधी के बीच के त्रिकोणीय संबंधों को भी उजागर किया है।

    भाजपा ने जार्ज सोरोस पर साधा निशाना

    राज्यसभा में भाजपा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने गुरुवार को शून्यकाल में विदेशी ताकतों और रिपोर्ट के द्वारा भारत की छवि खराब करने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से यह देखने को मिल रहा है कि जब कभी संसद का सत्र शुरू होता है, तो भारत के सामरिक, आर्थिक और सामाजिक हितों के विरुद्ध कोई रिपोर्ट जारी कर दी जाती है। इनमें से अधिकांश रिपोर्ट ओसीसीआरपी की होती हैं, जिसका संबंध जार्ज सोरोस से है।

    उन्होंने कहा कि एक फ्रेंच समाचार पत्र ने ओसीसीआरपी की रिपोर्ट को संदिग्ध बताया है और कहा कि इसे ओपन सोसायटी नाम की एक संस्था सबसे अधिक फंडिंग करती है और यह उसके इशारे पर ही अपनी रिपोर्ट तैयार करती है। यह संस्था जार्ज सोरोस की है। बाद इस संस्था की रिपोर्ट के हवाले से कांग्रेस व राहुल गांधी संसद में हंगामा करते हैं और कामकाज ठप करते हैं।

    संसद सत्र के दौरान ही क्यों सामने आती है रिपोर्ट: भाजपा

    हिंडनबर्ग की भ्रामक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि 22 जुलाई से नौ अगस्त के बीच संसद का मानसून सत्र हुआ और 10 अगस्त को हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई। वहीं 25 नवंबर से वर्तमान सत्र शुरू हुआ और 20 नवंबर को एक अमेरिकी कोर्ट में अटार्नी की रिपोर्ट जारी हुई।

    क्या यह एक महज संयोग है? भाजपा सदस्य ने कहा कि 20 जुलाई, 2023 को संसद सत्र की शुरुआत होने वाली थी और 19 जुलाई को मणिपुर का वीडियो सामने आया था। क्या यह सब महज एक संयोग था। भाजपा सांसद ने एक के बाद कई रिपोर्टों का जिक्र करते हुए इसे भारत को अस्थिर करने की साजिश बताया।

    संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर की सख्त टिप्पणी

    इससे पहले सभापति जगदीप धनखड़ की अनुमति से शून्यकाल में इस मुद्दे को जैसे ही सुधांशु त्रिवेदी ने उठाया, कांग्रेस ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया। इसके चलते सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। इसी मुद्दे पर भाजपा सदस्य डा. संबित पात्रा ने भी प्रहार किया। भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और जार्ज सोरोस दोनों एक ही हैं। पात्रा ने राहुल को सबसे बड़ा देशद्रोही करार दिया।

    निशिकांत दूबे ने कांग्रेस से पूछे सवाल

    लोकसभा में शून्यकाल में भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, 'विपक्ष के कुछ नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सफलता को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे हैं। मीडियापार्ट ने एक रिपोर्ट जारी की है जिसमें उसने कहा है कि एक ओसीसीआरपी नाम का एक संगठन है, जिसका काम है कि भारत की संसद को बिना चले कैसे बंद किया जाए। अगर ओसीसीआरपी कोई रिपोर्ट बनाती है तो कांग्रेस तुरंत उस पर ट्वीट करती है।

    तीन मुद्दे हैं, पहला पेगासस जिस पर उस समय संसद ठीक से नहीं चल पाई। 18 जुलाई को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और संजय राउत ने उस पर ट्वीट किया और संसद पटरी से उतर गई। दूसरा हिंडनबर्ग, कोयला एवं खदानों का मुद्दा था जिस पर जयराम रमेश, संजय राउत ने ट्वीट किया और संसद फिर से पटरी से उतर गई। तीसरा मुद्दा वैक्सीन का था।' उन्होंने कहा, 'मैं विपक्ष के नेता से सिर्फ 10 सवाल पूछना चाहता हूं कि भारत जोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले ओपन सोसायटी फाउंडेशन के सलिल शेट्टी से आपका क्या संबंध हैं?

    क्या उन्होंने भारत जोड़ो आंदोलन को पैसे दिए थे? राहुल गांधी अमेरिका गए और बांग्लादेश के नरसंहार के जिम्मेदार मुश्फिकुल फजल से मिले। राहुल गांधी इल्हान उमर, रो खन्ना और बारबरा ली से मिले जिन्होंने अमेरिका में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम का विरोध किया। आप (राहुल) उन लोगों से मिले जो खालिस्तान बनाना चाहते हैं, जो कश्मीर को अलग करना चाहते हैं। उनके साथ आपके क्या संबंध हैं?' भाजपा ने राहुल गांधी और शेट्टी का यात्रा की तस्वीर भी जारी की।

    यह भी पढ़ें: 'जब भी राहुल गांधी अदाणी के खिलाफ बोलते हैं...', संसद में निशिकांत दूबे का जिक्र कर कांग्रेस ने क्यों मचाया हंगामा?