विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'मतदाताओं ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, पुरुषों से आगे रही महिला वोटर्स', EC ने जारी किए लोकसभा चुनाव के आंकड़े

Published: Thu, 26 Dec 2024 05:29 PM (IST)

चुनाव आयोग ने देश में हुए लोकसभा चुनाव से जुड़ी एक डाटासेट जारी किया है। आयोग द्वारा जारी इस आंकड़े ...और पढ़ें

लोकसभा चुनाव में पुरुषों से आगे रही महिला वोटर्स (फोटो- X/@ECISVEEP)
लोकसभा चुनाव में पुरुषों से आगे रही महिला वोटर्स (फोटो- X/@ECISVEEP)

एजेंसी, नई दिल्ली। लोकतांत्रिक देश में चुनाव का खास महत्व होता है। किसी भी देश में हो रहे चुनाव में अगर लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, तो यह उस राष्ट्र के लिए सुखद एहसास होता है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। चुनाव आयोग के अनुसार हमारे देश में हो रहे चुनावों में लोग दिल से हिस्सा ले रहे हैं।

दरअसल, गुरुवार को चुनाव आयोग ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव और चार राज्यों में हुए चुनावों से जुड़ा एक डाटा जारी किया है। इस डाटा पर नजर डालें तो पता चलता है कि इस लोकसभा चुनावों में 64.64 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदाताओं ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

देश में हुए इस साल के लोकसभा चुनाव में 64 करोड़ से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सबसे खास है कि इस चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। चुनाव आयोग के अनुसार भारत में लोकतंत्र अन्य देशों के मुकाबले अभूतपूर्व है।

चुनाव आयोग ने जारी किए आंकड़े

गुरुवार को चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव से जुड़ी 42 और इसी के साथ चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव (अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम) की 14-14 रिपोर्ट जारी कीं। ऐसा माना जा रहा है कि चुनाव आयोग की ये रिपोर्ट विश्व के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, चुनाव पर्यवेक्षकों के लिए मददगार साबित होंगी।

(फोटो- X/ECI)

इस रिपोर्ट में साझा की गई जानकारी के अनुसार साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में देश के 64.64 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। जो साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के मुकाबले ज्यादा है। इसी के साथ देश के मतदाताओं ने एक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार साल 2024 में हुए चुनाव में 12,459 नामांकन दाखिल किए गए, जबकि 2019 में यह संख्या 11,692 थी। इसके साथ ही इस साल कुल 8360 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।

बढ़ी महिलाओं की भागीदारी

चुनाव आयोग ने जो रिपोर्ट जारी की है, उसके अनुसार पता चलता है कि देश में हो रहे चुनावों में महिला मतदाताओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है। लोकसभा चुनाव में महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक भाग लिया।

(फोटो- पीटीआई)

चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार लोकसभा चुनाव में 65.78% महिला मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, 65.55% पुरुष मतदाता इसमें शामिल हुए। इसके अलावा एक नजर डालें महिला उम्मीदवारों की तो इस संख्या में भी इजाफा हुआ है। 2024 में चुनाव लड़ने वाली महिला उम्मीदवारों की संख्या 800, लेकिन साल 2019 में ये संख्या 726 थी।

आंकड़ों में लोकसभा चुनाव

  • चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के आंकड़ों से जुड़ी 42 और चार राज्य विधानसभा चुनावों की 14-14 रिपोर्ट जारी कीं।
  • 2024 के लोकसभा चुनाव में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया और विश्व रिकॉर्ड बनाया।
  • 2024 में 12,459 नामांकन दाखिल किए गए, जबकि 2019 में यह संख्या केवल 11,692 थी।
  • 2024 लोकसभा चुनाव में 8360 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। वहीं, 2019 में 8,054 उम्मीदवार चुनाव में उतरे थे।

कितने मतदाताओं का पंजीकरण?

चुनाव आयोग के अनुसार साल 2024 में कुल 97.97 करोड़ से अधिक नागरिकों ने खुद को मतदाता के रूप में पंजीकृत किया था। हालांकि, ये संख्या साल 2019 में केवल 91.19 करोड़ से अधिक थी। चुनाव आयोग के अनुसार मतदाताओं की संख्या में 7.43 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली है। चुनाव आयोग की रिपोर्ट के अनुसार इन पंजीकृत मतदाताओं में से 2024 में 64.64 करोड़ लोगों ने वोट डाले थे, जबकि 2019 में 61.4 करोड़ ने वोट डाले थे।

(फोटो- पीटीआई)

रिपोर्ट पर नजर डालें तो पता चलता है कि 2019 की तुलना में थर्ड-जेंडर मतदाताओं की संख्या में 46.4% की वृद्धि हुई है। जहां साल 2024 में 90,28,696 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हुए वहीं 2019 में यह संख्या 61,67,482 रही। इस साल केवल 40 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराना पड़ा। साल 2019 में कुल 540 स्थानों पर ऐसा कराना पड़ा था।

चुनाव आयोग के डेटासेट की कुछ अन्य बातें यहां जानिए

  • आंकड़ों के अनुसार साल 2024 में 13,000 से अधिक पंजीकृत थर्ड जेंडर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
  • इस लोकसभा चुनाव के लिए लगभग 43 लाख मतदाताओं ने मतदान के लिए डाक मतपत्र का विकल्प चुना।
  • आंकड़ों के अनुसार असम के धुबरी संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 92.3 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सबसे कम 38.7 प्रतिशत मतदान हुआ।
  • वहीं, साल 2024 के लोकसभा चुनाव में 11 संसदीय क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत 50 प्रतिशत से कम रहा।

यह भी पढ़ें: 'समय चाहे कितना भी विपरीत हो, राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं', वीर बाल दिवस कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी