Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'दक्षिणी राज्यों में बढ़ रही बुजुर्गों की आबादी, कम पैदा हो रहे हैं बच्चे', चर्चा में चंद्रबाबू नायडू का नया बयान

    Updated: Sat, 16 Nov 2024 11:06 PM (IST)

    दो से अधिक बच्चा पैदा करने की अपील करने वाले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों में बुजुर्गों की संख्या बढ़ रही है। प्रजनन दर कम होने की वजह से बच्चे कम पैदा हो रहे हैं। नायडू का तर्क है कि दीर्घकाल में इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। चंद्रबाबू नायडू जनसंख्या वृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए नीति भी बना सकते हैं।

    Hero Image
    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू। ( फाइल फोटो)

    पीटीआई, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि दक्षिणी राज्यों में बुजुर्गों की आबादी बढ़ रही है जबकि बच्चों के जन्म की दर कम हो रही है, ऐसे में जनसंख्या प्रबंधन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले जनसंख्या वृद्धि को हतोत्साहित करने के लिए नीति बनाई थी, वहीं उनकी सरकार अब इसे प्रोत्साहित करने के लिए नीतियां बना सकती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दक्षिण के राज्यों में 1.6 प्रजनन दर

    चंद्रबाबू ने एक मीडिया हाउस के कार्यक्रम में कहा, लोग पूछ रहे हैं कि जनसंख्या प्रबंधन क्या है। सभी यूरोपीय देशों, यहां तक कि जापान, चीन में भी बुजुर्गों की संख्या बढ़ रही है। इस मामले में केवल भारत को 2047 तक फायदा मिलने वाला है। अब दक्षिण भारत में बुजुर्गों की संख्या बढ़ रही है। दक्षिणी राज्यों में प्रजनन दर 1.6 है। जनसंख्या संतुलन बनाए रखने के लिए प्रजनन दर 2.1 होनी चाहिए।

    भारत के करोड़ों लोग दुनिया में जाएंगे

    नायडू ने कहा कि दक्षिणी राज्यों में जनसंख्या वृद्धि दर फिलहाल सीमा रेखा पर है। जल्द ही जनसंख्या घटने लगेगी। इस पर अगर ध्यान नहीं दिया तो समस्या खड़ी हो जाएगी, वहीं यदि जनसंख्या प्रबंधन कर सकें तो भविष्य में भारत के 30-40 करोड़ लोग पूरी दुनिया में जाएंगे। वे हर जगह सेवाएं देकर पैसा कमाएंगे।

    मोदी आधुनिक दृष्टिकोण वाले नेता

    सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के प्रमुख सहयोगी के रूप में उनकी तेलुगु देशम पार्टी की भूमिका के बारे में नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत ब्रांड को बहुत मजबूत बना दिया है। मोदी आधुनिक दृष्टिकोण वाले मजबूत नेता हैं। हम न केवल उनका समर्थन कर रहे हैं, बल्कि उनके प्रयासों को मजबूत भी करेंगे।

    सीएम नायडू ने दिया नदियां जोड़ने का प्रस्ताव, केंद्र ने दिखाई हरी झंडी

    केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के गोदावरी और पेन्नार नदियों को जोड़ने के प्रस्ताव पर सहमति जताई है। तेलुगू देशम पार्टी ने शुक्रवार को बताया कि केंद्र ने प्रदेश की राजधानी अमरावती के निर्माण में भागीदारी के लिए सिंगापुर के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दिखाई है।

    टीडीपी सांसद लावु कृष्णदेवारायलु ने कहा कि प्रदेश के पिछड़े रायलासीमा क्षेत्र के विकास के लिए अति महत्वपूर्ण दोनों नदियों को जोड़ने के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने हरी झंडी दे दी है। उन्होंने यह घोषणा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर की मुख्यमंत्री नायडू के साथ मुलाकात के बाद की। वित्त मंत्री ने पोलावरम परियोजना को पूरा करने में भी हर संभव मदद देने पर सहमति जताई।

    यह भी पढ़ें: रोड शो के दौरान बिगड़ी गोविंदा की तबीयत, चुनाव प्रचार छोड़कर मुंबई लौटना पड़ा

    यह भी पढ़ें: मुंबई में मुस्लिम मतदाताओं की दिखी अलग तस्वीर, वक्फ बिल पर बनी जेपीसी के चेयरमैन का दिल खोलकर किया स्वागत

    comedy show banner