दिल्ली-यूपी और हरियाणा समेत इन राज्यों को कब मिलेंगे BJP को नए अध्यक्ष? आ गया अपडेट
खबर है कि भाजपा नवरात्रि के दौरान बचे हुए राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव कर सकती है। भाजपा और आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में इस प्रक्रिया को तेज़ी से पूरा करने पर सहमति बनी। उत्तर प्रदेश हरियाणा दिल्ली मुंबई कर्नाटक गुजरात और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने बाकी हैं। 25-26 सितंबर तक कुछ प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की संभावना है।

नीलू रंजन, जागरण। सोमवार से शुरू हो रहे नवरात्र के दौरान बाकी बचे राज्यों में भाजपा को नए प्रदेश अध्यक्ष मिल सकते हैं। बुधवार को देर शाम भाजपा और आरएसएस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में नए प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया तेज करने पर सहमति बनी। अभी तक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, मुंबई, कर्नाटक, गुजरात और त्रिपुरा के नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होना बाकी है।
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार बुधवार को देर रात तक भाजपा के पुराने मुख्यालय रहे 11 अशोका रोड पर बैठक हुई थी। बैठक का मुख्य मुद्दा भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया को पूरा करना था। बैठक में आरएसएस और भाजपा के प्रभावी अरुण कुमार के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महासचिव संगठन बीएल संतोष समेत कुछ अन्य नेता मौजूद थे।
25-26 सितंबर तक प्रदेश अध्यक्षों को नाम की घोषणा संभव
बताया जा रहा है कि इसके एक दिन पहले मंगलवार को संगठनात्मक चुनावों को लेकर ही जेपी नड्डा और अमित शाह के बीच लंबी बैठक हुई थी। बैठक में पितृपक्ष को देखते हुए रविवार के बाद सोमवार से संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया गया। उनके अनुसार 25-26 सितंबर तक चार-पांच प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा भी हो सकती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई
बताया जा रहा है कि बैठक में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। लेकिन इसे शीर्ष नेतृत्व पर छोड़ने का फैसला किया गया। नवंबर में बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव उसके बाद होने की संभावना अधिक है। लेकिन एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव से राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का कोई लेना-देना नहीं है। पार्टी इस बीच भी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।