'UPA का 10 वर्ष का कार्यकाल गंवाया हुआ दशक', भाजपा ने कहा- भ्रष्टाचार जैसी कुरीतियां रहीं हावी
केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत का अभूतपूर्व तरीके से विकास हुआ है और भारतीय अर्थव्यवस्था की नीतियों में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने अभूतपूर्व पैमाने और गति से कामों को निष्पादित किया दशकों से अनसुलझी समस्याओं को हल किया।

पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा ने शुक्रवार को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार (UPA) के 10 साल के कार्यकाल को 'गंवाया हुआ दशक' करार दिया, जिसमें भ्रष्टाचार और करीबियों को फायदा पहुंचाने जैसी कुरीतियां हावी रहीं। पार्टी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'पॉलिटिक्स ऑफ परफार्मेंस' ने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना दिया है।
UPA सरकार ने छोड़ी थी चरमराई हुई अर्थव्यवस्था
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संप्रग सरकार एक चरमराई हुई अर्थव्यवस्था छोड़ गई थी और प्रधानमंत्री मोदी ने पांच वर्ष में इसका पुनर्निर्माण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लगातार दो कार्यकाल में देश में जबर्दस्त संरचनात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।
पिछले 10 वर्षों में भारत का अभूतपूर्व तरीके से विकास हुआ है और भारतीय अर्थव्यवस्था की नीतियों में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पॉलिटिक्स आफ परफॉर्मेंस पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने अभूतपूर्व पैमाने और गति से कामों को निष्पादित किया, दशकों से अनसुलझी समस्याओं को हल किया और भारत के बारे में विमर्श को बदल डाला।- राजीव चंद्रशेखर, केंद्रीय मंत्री
पीएम मोदी ने 10 वर्षों में किया अच्छा काम
चंद्रशेखर ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था इस बात का बेहतरीन और जगमगाता उदाहरण है कि कैसे प्रधानमंत्री मोदी की राजनीति ने पिछले 10 वर्षों में भारत को बदल दिया है और इसे सबसे कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं से दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा दिया है, जो अब शीर्ष तीन में शामिल होने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संप्रग ने देश को महज 5.3 प्रतिशत की जीडीपी पर छोड़ा था, जबकि मोदी की अगुआई में भाजपा नीत राजग सरकार ने देश की जीडीपी वृद्धि दर को 8.4 प्रतिशत पर पहुंचा दिया है, जो दुनिया में सर्वाधिक है। चंद्रशेखर ने कहा कि 2019 से 2024 तक अपने दूसरे कार्यकाल में मोदी ने भारत को विकसित भारत बनाने की नींव भी रखी है।
यह भी पढ़ेंः मणिपुर विधानसभा ने केंद्र से NRC लागू करने का किया आह्वान, सीएम बीरेन सिंह बोले- 15 फरवरी की घटना को लेकर 8 FIR दर्ज
एक और बीआरएस सांसद भाजपा में शामिल
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के सांसद बी.बी. पाटिल शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। इससे पहले गुरुवार पार्टी के अन्य सांसद पी. रामुलु अपने बेटे भारत प्रसाद और बीआरएस के कुछ अन्य नेताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे। माना जा रहा है कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में रामुलु के बेटे भारत प्रसाद को नगरकुरनूल संसदीय क्षेत्र और पाटिल को जहीराबाद सीट से प्रत्याशी बना सकती है। भाजपा में शामिल होने के बाद पाटिल ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर प्रशंसा की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।