'इतनी दयनीय स्थिति में कांग्रेस पहुंच गई... दुख होता है', हरियाणा चुनाव के बाद जेपी नड्डा ने क्यों कही ये बात?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर उन्होंने पलटवार किया। जेपी नड्डा ने कहा कि चुनावी झटकों के कारण कांग्रेस वैचारिक रूप से दिवालिया बन गई है। आज देश की सबसे पुरानी पार्टी दयनीय स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने खरगे को आत्मचिंतन की सलाह दी है।
पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि लगातार चुनावी झटकों ने कांग्रेस को वैचारिक रूप से दिवालिया बना दिया है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अपने 'विफल उत्पाद' को नहीं बचा पाने के चलते विपक्षी पार्टी हताश है। इसीलिए वह भाजपा को आतंकियों की पार्टी कह रही है। बताते चलें, एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा को आतंकियों की पार्टी करार दिया था, जिसकी सत्तारूढ़ पार्टी ने कड़ी आलोचना की।
यह भी पढ़ें: 'क्या पुलिस सो रही थी? राज्य सरकार जिम्मेदारी ले', बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर विपक्ष का बड़ा आरोप
खरगे को आत्मचिंतन करना चाहिए
नड्डा ने एक बयान में कहा कि भारत की सबसे पुरानी पार्टी इतनी दयनीय स्थिति में पहुंच गई है कि दुख होता है। खरगे को कांग्रेस पर लोगों के गिरते भरोसे और पार्टी के बार-बार चुनाव हारने के कारणों पर आत्मचिंतन करना चाहिए। लोग जानते हैं कि कौन सी पार्टी राष्ट्र विरोधी ताकतों, शहरी नक्सलियों और देश को बदनाम करने की कोशिश करने वालों का समर्थन करती है।
देश को बदनाम करने में लगा कांग्रेस नेतृत्व
नड्डा ने कहा, कांग्रेस मोदी की जन-हितैषी और गरीब-हितैषी नीतियों को जमीन पर चुनौती देने में असमर्थ है। इसके बजाय कांग्रेस का पूरा नेतृत्व भाजपा और मोदी को गाली देने और देश को बदनाम करने में लग गया है। खरगे की टिप्पणियां उनकी हताशा और वैचारिक दिवालियापन को दर्शाती हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा अप्रत्याशित जीत हासिल करने के बाद से ही भाजपा और कांग्रेस के बीच वाकयुद्ध चल रहा है।
नड्डा ने की सवालों की बौछार
नड्डा ने कहा कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस नेतृत्व सदमे में है और खरगे की टिप्पणियां न केवल हास्यास्पद हैं, बल्कि उनकी पार्टी के चरित्र को भी उजागर करती हैं। कांग्रेस पर सवालों की बौछार करते हुए नड्डा ने पूछा कि संसद हमले के दोषी अफजल गुरु की सजा पर रोक लगाने के लिए आधी रात को सुप्रीम कोर्ट जाने वालों में कौन शामिल था? बटला हाउस मुठभेड़ पर किसने आंसू बहाए थे? जेएनयू में अफजल गुरु के पक्ष में नारे लगाने वालों को किसने समर्थन दिया? किस सरकार ने भगवा आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल किया? नड्डा ने केंद्र की सत्ता में रहने के दौरान कांग्रेस और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के बीच समझौते को लेकर भी विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा।
इल्हान उमर का मुद्दा उठाया
उन्होंने अमेरिकी सांसद इल्हान उमर से राहुल गांधी की मुलाकात को लेकर भी सवाल किए। जम्मू-कश्मीर की स्थिति से निपटने के सरकार के तौर-तरीकों की इल्हान उमर ने आलोचना की थी और उन्होंने गुलाम जम्मू-कश्मीर का दौरा भी किया था। इसके लिए उनकी भारत में कड़ी आलोचना हुई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।