विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'क्या पुलिस सो रही थी? राज्य सरकार जिम्मेदारी ले', बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर विपक्ष का बड़ा आरोप

Published: Sun, 13 Oct 2024 11:15 PM (IST)

पूर्व मंत्री एवं राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बाद राज्य सरकार तो विपक्ष के निशाने पर है ही सत्तापक्ष ...और पढ़ें

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर विपक्ष का बड़ा आरोप
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर विपक्ष का बड़ा आरोप

राज्य ब्यूरो, मुंबई। पूर्व मंत्री एवं राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बाद राज्य सरकार तो विपक्ष के निशाने पर है ही, सत्तापक्ष के भी कुछ वरिष्ठ नेता गृहमंत्रालय के प्रभारी उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एवं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को भी घेरने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी उन्हें सिर्फ सत्ता चाहिए।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि बाबा सिद्दीकी को जान से मारने की धमकियां मिली थीं। उसके बाद उनकी सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद उनकी हत्या हो गई। क्या पुलिस सो रही थी। हमारी मांग है कि राज्य सरकार इसकी जिम्मेदारी ले। लेकिन लगता नहीं कि वह ऐसा करेगी।

शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने भी सरकार पर निशाना साधा है। उद्धव ने कहा है कि महाराष्ट्र सरकार की नजर अपराधियों पर नहीं हमारी गतिविधियों पर है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि सरकार अपने ही गुट के लोगों को नहीं बचा पा रही है, तो आम लोगों का क्या होगा।

'महाराष्ट्र की जनता असुरक्षित महसूस कर रही'

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। अबकी चुनाव में वह सत्तारूढ़ दलों को सबक सिखाएगी। राकांपा विधायक जीतेंद्र आह्वाड ने सरकार पर पुलिस के काम में दखल देने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि राज्य में कानून-व्यवस्था समाप्त हो गई है। उनकी पार्टी के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं। छोटे बच्चे, बच्चियां, महिलाएं और आम जन सुरक्षित नहीं हैं। सरकार आरोपितों को बचान की राजनति कर रही है। इसमें गृहमंत्री की बड़ी भूमिका है।

विपक्ष के साथ-साथ सत्तापक्ष के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने भी अपनी ही सरकार को घेरते हुए कहा है कि पुलिस को धमकियों के बारे में पता था। पुलिस का कर्तव्य केवल सुरक्षा देने तक सीमित नहीं है। इसमें यह भी शामिल है कि धमकियां कहां से आ रही हैं, और ये धमकियां देनेवाले कौन लोग हैं। इस हत्याकांड में कोई राजनीतिक कारण होने से इंकार करते हुए भुजबल ने कहा कि इसमें कोई राजनीतिक कोण नहीं है। मुझे इस बारे में कोई संदेह नहीं है।

'बाबा सिद्दीकी से मेरी गहरी दोस्ती थी'

पुलिस को सभी कोणों से जांच करनी चाहिए। जबकि इन सभी आरोपों के बीच गृहमंत्रालय के प्रभारी उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि यह दुखद और गंभीर घटना है। बाबा सिद्दीकी से मेरी गहरी दोस्ती थी। उनकी इस प्रकार हुई हत्या से हम सभी स्तब्ध हैं। फडणवीस ने कहा कि हत्या के पीछे जो थ्यौरी आ रही है, वह आधिकारिक नहीं है। कुछ कोणों पर ध्यान देकर जांच चल रही है। स्पष्टता आने पर पुलिस जानकारी देगी। विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर बोलते हुए फडणवीस ने कहा कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी उन्हें सिर्फ सत्ता चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।