'फिर से नीतीश कुमार ही बनेंगे बिहार के मुख्यमंत्री', चिराग पासवान के बदले सुर; SIR को लेकर क्या कहा?
बिहार में सियासी माहौल गरमा गया है। चिराग पासवान ने दावा किया है कि नीतीश कुमार विधानसभा चुनाव के बाद फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि एनडीए चुनावों के लिए एक विजयी गठबंधन है। चिराग पासवान ने बिहार की कानून व्यवस्था पर चिंता जताई थी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में सियासी हलचल तेज हो चुकी है। एक तरफ जहां राज्य में वोटर वेरिफिकेशन का मुद्दा छाया हुआ है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक पार्टियां चुनावी समीकरण सुलझाने में जुटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खुद को 'हनुमान' कहने वाले चिराग पासवान अक्सर अपने बयानों से बिहार के सीएम नीतीश कुमार की सिरदर्दी बढ़ाते रहे हैं। इसी बीच सोमवार को लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने एक ऐसी टिप्पणी की, जिसकी काफी चर्चा हो रही है।
दरअसल, चिराग पासवान ने दावा किया कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार फिर से बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। हाल ही में चिराग पासवान ने बिहार की कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि बिहार सरकार ने अपराधियों के सामने "आत्मसमर्पण" कर दिया है।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए बिहार के हाजीपुर से सांसद चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए चुनावों के लिए एक "विजयी गठबंधन" है और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
नीतीश कुमार निश्चित रूप से मुख्यमंत्री बनेंगे: चिराग पासवान
उन्होंने कहा, "मैंने कई बार दोहराया है कि मेरी प्रतिबद्धता और प्यार प्रधानमंत्री के प्रति है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में (बिहार में) चुनाव लड़े जाएंगे। चुनाव परिणामों के बाद, नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। निश्चित रूप से वह मुख्यमंत्री होंगे।"
SIR पर क्या बोले चिराग पासवान?
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चिराग पासवान ने कहा कि यह प्रक्रिया पहले चार बार हो चुकी है और इसमें कोई अंतर नहीं आया है, सिवाय इसके कि अब डिजिटल प्रौद्योगिकी को जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा, "पहले आपको भौतिक दस्तावेज जमा करने पड़ते थे और अब आप ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।"
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।