Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bharat Jodo Nyay Yatra का मणिपुर से हुआ आगाज, रोजाना आठ-दस किलोमीटर पैदल चलेंगे राहुल गांधी; Congress का ये है पूरा एजेंडा

    Bharat Jodo Nyay Yatra देश में शांति और न्याय का दौर लौटाने का वादा करते हुए कांग्रेस ने मणिपुर से मुंबई तक की अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरूआत की। मणिपुर की राजधानी इंफाल से करीब 40 किलोमीटर दूर थौबल में खोंगजोम युद्ध स्मारक के निकट भारत जोड़ो न्याय यात्रा की बस रवाना होने से पूर्व एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर तीखे हमले किए।

    By Jagran News Edited By: Piyush Kumar Updated: Sun, 14 Jan 2024 11:13 PM (IST)
    Hero Image
    कांग्रेस ने आज से भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की।(फोटो सोर्स: जागरण)

    संजय मिश्र, इंफाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अब तक मणिपुर हिंसा से पीड़ित लोगों के आंसू पोंछने के लिए नहीं आने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला करते हुए इस सूबे के साथ ही देश में शांति, संभावना और न्याय का दौर लौटाने का वादा करते हुए मणिपुर से मुंबई तक की अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरूआत की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राहुल ने कहा कि मणिपुर आरएसएस और भाजपा की अन्याय तथा नफरत की राजनीति का प्रतीक बन गया है और इसीलिए पूरब से पश्चिम भारत की अपनी यात्रा का यहां से आगाज किया है।

    राहुल गांधी ने विकास का नया विजन पेश करने का किया एलान

    लोकसभा चुनाव से पूर्व शुरू हुई न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने देश की जनता के सामने बराबरी और भाईचारे के साथ विकास का नया विजन पेश करने का ऐलान करते हुए कहा कि आम लोगों के मन की बात सुनने के बाद कांग्रेस पार्टी यह विजन लेकर आएगी।

    मणिपुर की राजधानी इंफाल से करीब 40 किलोमीटर दूर थौबल में खोंगजोम युद्ध स्मारक के निकट भारत जोड़ो न्याय यात्रा की बस रवाना होने से पूर्व एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर तीखे हमले किए।

    भाजपा-आरएसएस पर राहुल गांधी ने साधा निशाना

    दिल्ली में कोहरे के चलते करीब तीन घंटे विलंब से कांग्रेस नेताओं की पूरी फौज के साथ यहां पहुंचे राहुल गांधी ने सबसे पहले युद्ध स्मारक पर जाकर अंग्रेजों से लोहा लेने वाले मणिपुर के शहीद सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद यात्रा के रंग में रंगी जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि हम भारत में बड़े अन्याय के दौर से गुजर रहे हैं और इसका असर सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सभी क्षेत्रों में दिख रहा है।

    मणिपुर इस अन्याय का सबसे ज्वलंत उदाहरण है और भाजपा-आरएसएस के लिए मणिपुर तो भारत का जैसे हिस्सा ही नहीं रह गया। इसीलिए न्याय यात्रा को उन्होंने मणिपुर से शुरू करने का निर्णय लिया।

    कांग्रेस देश के लिए नया नजरिया पेश करेगी: राहुल गांधी

    राहुल ने केंद्र सरकार की नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा एक तरफ आर्थिक एकाधिकार कायम हो रहा है और चंद लोगों को देश की सारी संपत्ति तक पहुंच मिल रही है। छोटे और मध्यम व्यवसाय क्षेत्र को ध्वस्त किया जा रहा है। बेरोजगारी भयंकर है ओर महंगाई का उफान चरम पर है।

    देश की शासन व्यवस्था में दलितों, वंचितों, पिछड़ी जातियों और आदिवासियों की कोई भूमिका नहीं है क्योंकि इन्हें शासन व्यवस्था से बाहर रखा गया है। राहुल ने कहा कि नफरत मिटाने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक की 4000 किमी की भारत जोड़ो यात्रा का सकारात्मक प्रभाव हुआ इसीलिए मणिपुर से मुंबई की न्याय यात्रा में जनता के मन की बात सुनकर कांग्रेस देश को अन्याय के दौर से बाहर निकालने का एक नया नजरिया पेश करेगी।

    मल्लिकार्जुन खरगे ने यात्रा को दिखाई हरी झंडी

    किसानों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों, महिलाओं, युवाओं की बातें सुनना इस यात्रा का लक्ष्य है और हम जो विजन रखेंगे उसमें हिंसा, नफरत, एकाधिकार के लिए कोई जगह नहीं होगी। कांग्रेस संभावना, समानता और भाईचारे पर आधारित देश निर्माण का विजन हम जनता के सामने रखने जा रहे हैं।

    मणिपुर के हिंसक उथल-पुथल के दौर के बावजूद खोंगजोम में जुटी हजारों की भीड़ तिरंगा लिए घंटों डटी रही और जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी को राष्ट्रध्वज सौंप न्याय यात्रा का आगाज किया तो भारत माता के जयघोष से सभास्थल गूंज उठा। इसके बाद खरगे ने यात्रा के लिए तैयार विशेष बस का पर्दा हटाया और जनसभा के उपरांत हरी झंडी दिखाकर राहुल की यात्रा को रवाना किया।

    राहुल रोजाना आठ-दस किमी पैदल चलेंगे राहुल गांधी 

    खोंगजोम स्मारक से इंफाल तक की यात्रा के दौरान शाम होने के बावजूद बड़ी संख्या में सड़क किनारे खड़े लोग राहुल की आगवानी करने के लिए खड़े दिखाई दिए जिसमें महिलाओं की तादाद ज्यादा थी। मणिपुर की स्थिति को देखते हुए यात्रा स्थल से लेकर पूरे रूट पर स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय बलों का दस्ता पूरे चौकसी से निगरानी कर रहा था।

    यात्रा शुरू होने के इस मौके पर कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्यों, वरिष्ठ नेताओं, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा सभी राज्यों के पार्टी अध्यक्ष व विधायक दल नेता मौजूद थे। मणिपुर से मुंबई की 6700 किमी हाइब्रिड यात्रा के दौरान राहुल रोजाना आठ-दस किमी पैदल और करीब 80 किमी बस से चलेंगे।

    इस दौरान 15 राज्यों के 115 से अधिक जिलों और 100 लोकसभा सीटों से गुजरते हुए वे 21 मार्च को मुंबई में यात्रा का समापन करेंगे। राहुल ने कहा भी कि वे पूरब से पश्चिम की भारत जोड़ो यात्रा भी पैदल करना चाहते थे मगर लोकसभा चुनाव की वजह से समयाभाव के कारण यह संभव नहीं हुआ।

    खरगे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

    मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मौके पर संबोधन में कहा कि न्याय यात्रा देश में फासीवादी ताकतों को रोकने, लोकतंत्र, संविधान को बचाने और भावी पीढि़यों के जीवन और कैरियर के निर्माण के लिए है। यात्रा लोगों के लिए न्याय की मांग रोजगार की कमी, बढ़ती कीमतों, अमीर-गरीब के बीच बढ़ती खाई, सरकारी कंपनियों को बंद करने और बेचने के खिलाफ है। वहीं किसानों को उचित मूल्य दिलाने तो महिला पहलवानों और अन्य लोगों को न्याय दिलाने के लिए है।

    मणिपुर की हिंसा को लेकर पीएम के उदासीन और असंवेदनशील होने की बात उठाते हुए कहा कि वे यहां हमेशा वोट के लिए आते हैं लेकिन जब लोग पीड़ा और हिंसा का सामना कर रहे तो पीएम ने उनसे मिलने की जहमत नहीं उठाई। खरगे ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के पास समुद्र के तट पर सैर करने का वक्त है मगर मणिपुर के लोगों का दुख-दर्द सुनने के लिए नहीं।

    यह भी पढ़ें: Bharat Jodo Nyay Yatra: मणिपुर से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा, हिमाचल के CM सुक्‍खू भी हुए शामिल