Move to Jagran APP

Year Ender 2019: इन महिला खिलाड़ियों ने 2019 में छूआ आसमान, खिताबों से भरा रहा साल

Year Ender 2019 साल 2019 में भारत की कई महिला खिलाड़ियों ने आसमान छूए हैं। क्रिकेट की नहीं बल्कि तमाम विधाओं में महिलाओं के लिए ये साल सुनहरा रहा है।

By Vikash GaurEdited By: Published: Tue, 31 Dec 2019 03:18 PM (IST)Updated: Tue, 31 Dec 2019 03:18 PM (IST)
Year Ender 2019: इन महिला खिलाड़ियों ने 2019 में छूआ आसमान, खिताबों से भरा रहा साल
Year Ender 2019: इन महिला खिलाड़ियों ने 2019 में छूआ आसमान, खिताबों से भरा रहा साल

नई दिल्ली, जागरण स्पेशल। Year Ender 2019: साल 2019 का समापन लगभग हो चुका है। इस साल भारत की कई महिला खिलाड़ियों ने आसमान छूए हैं। क्रिकेट की नहीं, बल्कि तमाम अलग-अलग खेलों में महिलाओं के सुनहरे दौर की भागीदारी बढ़ी है। कई महिला खिलाड़ियों के लिए ये साल यादगार रहा है। ऐसी ही करीब एक दर्जन महिलाओं के बारे में आज हम बताने जा रहे हैं, जिन्होंने अपने खेल से और खेल के लिए मिले सम्मान से सभी को मंत्रमुग्ध किया है।

loksabha election banner

क्रिकेट जगत से

दिग्गज क्रिकेटर मिताली राज को स्ट्रीट चाइल्ड क्रिकेट विश्व कप के लिए भारतीय टीम का सद्भावना दूत बनाया गया है। वह दुनिया की ऐसी पहली महिला क्रिकेटर बन गईं जिन्होंने वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में बीस साल से ज्यादा का समय बिताया। मिताली राज ने इस साल टी-20 मैचों से संन्यास भी ले लिया। बल्लेबाज स्मृति मंधाना वर्ष की सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुनी गई हैं। आइसीसी की तरफ से जारी विश्व रैंकिंग की सूची में उन्हें विश्व की नंबर एक वन डे बल्लेबाज बताया गया। उन्होंने 51 पारियों में दो हजार रन पूरे किए।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की इंडियन क्रिकेटर्स एसोसिएशन की कमेटी में कानपुर की पूर्व महिला क्रिकेटर इति चतुर्वेदी को जगह दी गई है। बीसीसीआइ के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन की बेटी रूपा गुरुनाथ को तमिलनाडु क्रिकेट संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वह भारतीय बोर्ड की राज्य इकाई की पहली महिला प्रमुख बनीं। 16 वर्षीया शेफाली वर्मा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में हाफ सेंचुरी जड़ने वाली भारत की सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं।

दीपा मलिक को मिला खेल रत्न

पैरालंपिक विजेता दीपा मलिक राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार पाने वाली पहली भारतीय पैरा एथलीट और सबसे सीनियर खिलाड़ी बन गईं। सोनिया लाथर को मुक्केबाजी के लिए, अंजुम मौदगिल को निशानेबाजी के लिए, पूजा ठांडा को कुश्ती के लिए, पूनम यादव को क्रिकेट के लिए, स्वप्ना बर्मन को एथलेटिक्स के लिए, सिमरन सिंह शेरगिल को पोलो के लिए अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कानपुर की रंजना गुप्ता को निशानेबाजी में स्वर्ण पदक के लिए और शूटर अमृता पांडेय को कांस्य पदक के लिए क्रमश: एक लाख रु. और बीस हजार रु. का पुरस्कार यूपी के मुख्यमंत्री ने देने की घोषणा की। भारत की शीर्ष महिला पहलवान विनेश फोगाट प्रतिष्ठित लॉरियस विश्व खेल पुरस्कारों में लॉरियस वल्र्ड कमबैक ऑफ द ईयर की श्रेणी में नामांकित होने वाली पहली भारतीय बनीं। ’

बुलंदशहर में संपन्न हुई यूपी पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में कानपुर की रिया गुप्ता ने न केवल स्वर्ण पदक जीता, बल्कि स्ट्रांग वुमेन ऑफ पावर लिफ्टिंग के खिताब से भी उन्हें नवाजा गया। हैंडबाल खेल में कानपुर का नाम रोशन करने वाली तीन खिलाड़ियों को यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सम्मानित किया।

कुश्ती खिलाड़ियों का जलवा

विनेश फोगाट ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक, सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, मेडवेड कुश्ती टूर्नामेंट में रजत पदक, पोलैंड ओपेन कुश्ती टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। साक्षी मलिक ने भी एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक और सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती में स्वर्ण पदक जीते। ईशा सिंह ने ताइपे में एशियन एयरगन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।

जम्मू-कश्मीर की युवा जिम्नास्ट बवलीन कौर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 में जिम्नास्टिक में तीन स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर अपने राज्य का परचम लहरा दिया। मीना कुमारी मैसराम ने कोलोग्ने मुक्केबाजी विश्वकप में स्वर्ण पदक जीता। चीन के शियान में दिव्या काकरान और मंजू कुमारी ने एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किए।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश के एक मछुआरे की बेटी मनीषा ने महिलाओं की अंडर ट्रैप स्पर्धा (निशानेबाजी) में स्वर्ण पदक हासिल किया। अपूर्वी चंदेल ने आइएसएसएफ विश्व कप की महिलाओं की 10 मी. एयर रायफल स्पर्धा में विश्व रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। बैंकाक में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में पूजा रानी ने गोल्ड मेडल जीता।

महाराष्ट्र की मानसी जोशी ने विश्व पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर सबको आश्चर्यचकित करॉ दिया। उनका एक पैर कृत्रिम है। एक दुर्घटना में उन्होंने अपना एक पैर खो दिया था। मेरठ की पारुल चौधरी ने पांच हजार मी. की रेस में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया। बाद में उन्होंने तीन हजार मीटर की स्टीपलचेज रेस में चैंपियन सुधा सिंह को हराकर न केवल बड़ा उलटफेर किया, बल्कि स्वर्ण पदक भी जीत लिया।

मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड मेडल

पूर्व विश्व चैंपियन मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ भारोत्तोलन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। स्पेन की राजधानी मैड्रिड में हुई विश्व युवा तीरंदाजी चैंपियनशिप के फाइनल में स्वर्णिम निशाना साधकर कोमलिका बारी ने इतिहास रच दिया। भारत की दिग्गज महिला निशानेबाज राही सरनोबत ने म्यूनिख में 25 मी. पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। प्रतिभाशाली युवा स्क्वॉश खिलाड़ी अनहत सिंह ने ईस्टर्न स्लैम स्क्वॉश चैंपियनशिप का खिताब जीता।

बुल्गारिया में हरियाणा की सोनम मलिक ने विश्व कैडेट कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया। नेपाल में हुई यूथ इंटरनेशनल आर्चरी प्रतियोगिता में कानपुर की अंबिका भट्टाचार्य ने स्वर्ण पदक हासिल किया। युवा खिलाड़ी मनु भाकर ने रियो द जनेरियो में 10 मी. एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक एवं आइएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता।

बीजिंग में भी उन्होंने मिक्स्ड स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। एशियन चैंपियनशिप में 800 मी. की दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली तमिलनाडु की धाविका गोमती मारी मुथु को डोप टेस्ट में विफल होने पर अस्थाई तौर पर निलंबित कर दिया गया। पंजाब की 16 वर्षीया बास्केटबॉल खिलाड़ी हरसिमरन कौर को एनबीए ग्लोबल अकादमी ने ट्रेनिंग के लिए चुना। यह न्यौता पाने वाली वह भारत की पहली महिला खिलाड़ी बनीं।

दुति चंद भी पीछे नहीं

59वीं सीनियर राष्ट्रीय ओपेन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मी. रेस में फर्राटा धाविका दुति चंद ने स्वर्ण पदक जीता। दोहा में एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दुति चंद ने 100 मी. की दौड़ में अपना ही रिकार्ड तोड़कर गोल्ड मेडल जीता। नैपोली, इटली में उन्होंने विश्व यूनिवर्सिटी गेम्स में भी 100 मी. की रेस में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। रांची में भी एक प्रतियोगिता में उन्होंने राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

भारत का गौरव मैरीकॉम

यूगोव की तरफ से कराए गए एक सर्वे में विश्व के सबसे लोकप्रिय व्यक्तियों की सूची बनाने के लिए 41 देशों के 42 हजार लोगों को शामिल किया गया था। सर्वे में महिलाओं की सूची में मैरीकॉम टॉप पर रहीं। वह इस सूची में टॉप 25 महिलाओं में जगह बनाने वाली इकलौती भारतीय थीं।

कुआलालम्पुर में एशियन स्पोट्र्स राइटर्स यूनियन के पहले पुरस्कार समारोह में मैरीकॉम को एशिया की सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट का पुरस्कार मिला है। उल्लेखनीय है वह 36 साल की ऐसी एकमात्र महिला मुक्केबाज हैं जिन्होंने विश्व चैंपियनशिप में सात पदक जीते हैं। मणिपुर की मैरीकॉम इस समय विश्व रैंकिंग में नंबर एक स्थान पर पहुंच गई हैं। इंडिया ओपेन मुक्केबाजी में उन्होंने देश को स्वर्ण पदक दिलवाया। हाल ही में मैरी कॉम ने निखत जरीन को भी मात दी थी।

लोकप्रिय रहीं पीवी सिंधू

भारत की बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू फोब्र्स पत्रिका की सूची में दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला खिलाड़ियों की सूची में इकलौती भारतीय महिला बनीं। सिंधू करीब 39 करोड़ रु. की कमाई करके अग्रणी भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। उनकी कमाई में इनामी राशि, सैलरी, विज्ञापन और उपस्थिति शुल्क शामिल था। सिंधू ने चीन की एक खेल सामग्री बनाने वाली कंपनी से करीब 50 करोड़ रु. का चार साल का करार किया। स्विट्जरलैंड में उन्होंने विश्व चैंपियनशिप जीतकर एक नया इतिहास रच दिया। इंडोनेशिया ओपेन के फाइनल में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। एयरो इंडिया 2019 में सिंधू स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस में उड़ान भरकर पहली महिला सह पायलट भी बनीं।

हिमा दास की उपलब्धि

भारत की चर्चित फर्राटा धाविका हिमा दास ने पोलैंड में 200 मीटर रेस में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पोलैंड में ही इसी श्रेणी में उन्होंने अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। चेक गणराज्य में 200 मी. रेस में उन्होंने 11 दिन के भीतर तीसरा अंतर्राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीता। यहीं पर ही उन्होंने 400 मी. की रेस में चौथा स्वर्ण पदक अपने नाम किया साथ ही 300 मी. रेस में भी स्वर्ण पदक जीता। इस प्रकार उन्होंने मात्र 19 दिनों के भीतर पांच स्वर्ण पदक जीत कर एक नया रिकार्ड बनाया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.