Syed Modi International: तन्वी शर्मा की पहले खिताब पर नजर, गायत्री-त्रिशा हैट्रिक लगाने को बेताब
Syed Modi International 2026: तन्वी ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी कर दर्ज की जीत, खिताब के लिए थाईलैंड की सुपानिडा से होगा मुकाबला।

बीबीडी बैडमिंटन अकादमी में मैच के दौरान भारतीय शटलर तन्वी शर्मा, यूपीबीए
HighLights
तन्वी ने उन्नति को हराकर फाइनल में बनाई जगह
तन्वी की कोशिश पहली बार खिताब जीतने की होगी
त्रिशा-गायत्री की जोड़ी हैट्रिक लगाना चाहेंगी
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में शनिवार को भारतीय युवा शटलर तन्वी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में दूसरी वरीयता प्राप्त 17 वर्षीय तन्वी ने हमवतन और तीसरी वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा को 11-21, 21-10, 21-13 से पराजित किया।
पहला गेम गंवाने के बाद तन्वी ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार दो गेम जीतकर फाइनल का टिकट कटाया। इस साल ताइपे ओपन सुपर 300 का खिताब जीत चुकी तन्वी का यह इस सत्र का दूसरा फाइनल होगा।
रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में उनका सामना थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त सुपानिडा काटेथोंग से होगा। सुपानिडा ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त रिको गुंजी को 21-16, 20-22, 21-10 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
पहले गेम में उन्नति का दबदबा
दोनों भारतीय खिलाड़ियों के बीच मुकाबला तेज रफ्तार और छोटी-छोटी रैलियों वाला रहा। पहले गेम में उन्नति ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। तन्वी की गलतियों का फायदा उठाते हुए उन्होंने 9-2 की बढ़त बना ली। नेट पर शानदार शॉट खेलकर उन्नति ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। ब्रेक तक वह 11-5 से आगे थीं।
इसके बाद भी उन्नति ने बेहतरीन ड्राप शॉट लगाकर पहला गेम 21-11 से अपने नाम कर लिया। कोर्ट बदलने के बाद तन्वी पूरी तरह बदले हुए अंदाज में नजर आईं। उन्होंने सटीक शॉट और तेज स्मैश के दम पर 7-1 की बढ़त हासिल कर ली। उन्नति की सर्विस में हुई गलती के बाद तन्वी ने नेट पर भी शानदार खेल दिखाया और ब्रेक तक 11-4 की बढ़त बना ली।
इसके बाद उन्होंने लगातार अंक जुटाते हुए स्कोर 19-10 कर दिया। उन्नति के नेट में शॉट मारते ही तन्वी ने दूसरा गेम 21-10 से जीतकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। निर्णायक गेम में भी तन्वी ने अपनी लय बरकरार रखी। सटीक शॉट और दमदार स्मैश से उन्होंने 9-6 की बढ़त बनाई। ब्रेक तक वह 11-6 से आगे थीं। इसके बाद तन्वी ने 17-9 की बढ़त हासिल कर ली।
अन्य सेमीफाइनल के परिणाम
मिश्रित युगल
मिश्रित युगल में भारत के सात्विक रेड्डी कनापुरम और रेशिका उथायसूरियन को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। मलेशिया की वी यी हर्न और वन्नी गोबी ने भारतीय जोड़ी को 21-17, 21-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
इंडोनेशिया के जफर हिदायतुल्लाह और रिंजानी क्विनारा नास्टिन की जोड़ी ने पांचवीं वरीय हमवतन जोड़ी रेहान नौफल कुशरजैंतो व मेलाती देवा ओक्तविअंती को 21-19, 22-20 से शिकस्त दी।
पुरुष एकल
छठी वरीय फ्रांस के अर्नौड मर्केल ने चीनी ताइपे के जी यिंग वू को 21-13, 21-16 से हराया। चौथी वरीय इंडोनेशिया के रिची दुता रिचार्डो ने हमवतन प्रदिस्का बागास शुजीवो को 21-17, 21-15 से हराया।
पुरुष युगल
कोरिया के ना सुंग संग और वांग चान ने दूसरी वरीय थाईलैंड के पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन टीरारतसाकुल को 21-16, 22-20 से हराया। शीर्ष वरीय इंडोनेशिया के रेमंड इंद्र और निकोलौस जोकिन ने सातवीं वरीय थाईलैंड के चालोएमपोन चारोएनकिटामोर्न और वोरापोल थोंगसा-नगा को 21-14, 21-13 से शिकस्त दी।
महिला युगल
चौथी वरीय इंडोनेशिया की इसयाना स्याहिरा मीदा व रिंजानी क्विनारा नास्टिन ने इंग्लैंड की एबीगेल हैरिस व एस्टेल वैन लीवन को 21-13, 21-18 से हराया।
पिछली विजेता व शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जाली ने यूक्रेन की तीसरी वरीयता प्राप्त पोलिना बुहरोवा और येवहेनिया कांतेमिर को 13-21, 21-10, 21-12 से शिकस्त दी।
यह भी पढ़ें- जीवन के पहले नेशनल गेम में छा गए फरीदाबाद के आलोक, मिनी नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।