Syed Modi International: बैडमिंटन कोर्ट पर भारतीय बेटियों का दबदबा, सेमीफाइनल में उन्नति बनाम तन्वी; गायत्री-त्रिशा को मिला वॉकओवर
सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में पहुंचीं, जबकि गायत्री-त्रिशा की जोड़ी को महिला डबल्स में वॉकओवर मिला।

भारतीय बेटियों का दमदार प्रदर्शन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला सिंगल्स में पिछले वर्ष की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अंतिम-चार में जगह बनाई।
वहीं, महिला डबल्स में पिछली विजेता गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जाली की जोड़ी भी सेमीफाइनल में पहुंच गई। गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित चैंपियनशिप के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने हमवतन अनमोल खर्ब को 21-19, 15-21, 21-18 से हराया। एक घंटे 17 मिनट तक चले मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर हुई।
तन्वी ने कड़े मुकाबले में मारी बाजी
दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने इंडोनेशिया की एनकेडीए प्रतिवी को 21-19, 18-21, 21-14 से शिकस्त दी। एक घंटे तीन मिनट तक चले मुकाबले में तन्वी ने तीसरे गेम में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की।
अब सेमीफाइनल में उन्नति और तन्वी आमने-सामने होंगी। इससे महिला सिंगल्स के फाइनल में एक भारतीय खिलाड़ी का पहुंचना तय हो गया है।
महिला डबल्स में शीर्ष वरीय और गत चैंपियन गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जाली को फ्रांस की मार्गोट लैम्बर्ट और केमिली पोगनैंट के हटने से वाकओवर मिला।
बीमारी के कारण फ्रांसीसी जोड़ी मुकाबले में नहीं उतरी। अब भारतीय जोड़ी का सामना यूक्रेन की पोलिना बुह्रोवा और येव्हेनिया कांतमिर से होगा।
यह भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह को आखिर हुआ क्या है? घटती रफ्तार और बदलता रन-अप बढ़ा रहा टीम इंडिया की चिंता