विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जसप्रीत बुमराह को आखिर हुआ क्या है? घटती रफ्तार और बदलता रन-अप बढ़ा रहा टीम इंडिया की चिंता

By Abhishek TripathiEdited By: Priyanshu Tiwari
Published: Sat, 28 Nov 2026 01:39 AM (GMT+05:30)

जसप्रीत बुमराह को 232 गेंदों से विकेट की तलाश है। वहीं उनकी रफ्तार में भी कमी देखने को मिला है, जबकि दूसरे टेस्ट में अलग रन-अप से भी कुछ गेंदें डाली।

जसप्रीत बुमराह के गेंदबाजी प्रदर्शन में गिरावट

जसप्रीत बुमराह के गेंदबाजी प्रदर्शन में गिरावट

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण, क्राइस्टचर्च। भारतीय तेज गेंदबाजी के सचिन तेंदुलकर को आखिर हुआ क्या है? 2024-25 की बात है...भारतीय टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलने पर्थ पहुंची और वहां पर सिर्फ और सिर्फ विराट कोहली की चर्चा हो रही थी लेकिन रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में पहले टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे जसप्रीत बुमराह ने गेंद और दिमाग से अपना ऐसा जलवा दिखाया कि आस्ट्रेलियाई गलियों में सिर्फ उनकी चर्चा होने लगी।

सिडनी में आखिरी टेस्ट की पहली पारी के दौरान उनको चोट लगी और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। दूसरी पारी में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की। हालांकि कुछ लोगों को लगता था कि अगर वह दूसरी पारी में गेंदबाजी करते तो शायद भारतीय टीम जीत जाती और चार मैचों की सीरीज 2-2 से बराबरी पर छूट जाती।

ऐसा हुआ नहीं और भारतीय टीम 1-3 से सीरीज हार गई। पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर जब ये कहा गया कि बुमराह पांच में से सिर्फ तीन टेस्ट खेलेंगे तो प्रशंसक निराश हुए लेकिन वर्कलोड मैनेजमेंट की दुहाई देकर अपना मन मसोस कर रह गए।

भारतीय टीम प्रबंधन चाहता था कि बुमराह ओवल में होने वाला सीरीज का आखिरी टेस्ट खेलें लेकिन उन्होंने उदार हृदय नहीं दिखाया। यहां न्यूजीलैंड में वेलिंगटन टेस्ट में चार विकेट लेने के बाद दुनिया के दूसरे नंबर के टेस्ट गेंदबाज ने दूसरी पारी की दूसरी गेंद पर ही विकेट लिया, लेकिन उसके बाद से वह न्यूजीलैंड में अब तक विकेट नहीं ले पाए हैं।

232 गेंद से विकेट की तलाश

पहले टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 19.4 ओवर में विकेट नहीं लिया और यहां क्राइस्टचर्च में दूसरे टेस्ट के पहले दिन 19 ओवर फेंकने के बाद भी वह कोई विकेट नहीं ले पाए। यही कारण है कि आकाश दीप को जितना सहयोग मिलना था, उतना नहीं मिला और दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 246 रन बना लिए।

वर्तमान न्यूजीलैंड दौरे में उन्होंने अपना आखिरी विकेट 38.2 ओवर यानी 232 गेंद पहले लिया था। यह उनके करियर में ऐसा तीसरा सबसे लंबा ऐसा दौर है। खास बात यह है कि उन्होंने इस पारी के दौरान कुछ गेंदें कुछ अलग रन अप से फेंकी। इस पारी में उनकी औसत गति भी उनकी वास्तविक गति से कम नजर आई।

न्यूजीलैंड के लिए खुशी

क्राइस्टचर्च में पहले दिन का खेल खत्म होने पर न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 246 रन था। यह वेलिंगटन में पहले दिन के उनके स्कोर से तीन रन ज्यादा है, लेकिन इस टेस्ट में वे ज्यादा खुश होंगे।

वेलिंगटन की पिच बहुत जल्दी सपाट हो गई थी, जिस पर भारत ने न्यूजीलैंड में अपना अब तक का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर बनाया था। वहीं क्राइस्टचर्च में दूसरी नई गेंद भी सीम कर रही थी।

कीवी बल्लेबाजों को कई बार गेंद अपने हाथों और छाती पर झेलनी पड़ी। इस दौरे पर 12 मैचों में 10 टास गंवाने वाली भारतीय टीम ने एक समय एक विकेट पर 110 रन बना लिए थे लेकिन इसी स्कोर पर उन्होंने तीन विकेट गंवाए और स्कोर चार विकेट पर 110 रन हो गया। हालांकि टाम लाथम के अर्धशतक के बाद टाम ब्लंडेल ने पिछले मैच के हीरो ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर कोई विकेट नहीं गिरने दिया।

न्यूजीलैंड के सात बल्लेबाजों में से पांच ने 30 रन का आंकड़ा पार किया। इनमें से चार खिलाड़ियों के बल्ले का किनारा कम से कम एक बार दूसरी स्लिप और गली के बीच से निकला। पहले टेस्ट की दोनों पारियों में बुमराह के पहले ओवर में ही आउट होने वाले लाथम ने इस मैच की पहली पारी में बढ़िया बल्लेबाजी की।

उन्होंने पहले विकेट के लिए डेवोन कान्वे के साथ 77 रनों की साझेदारी की। हालांकि स्लिप पर केएल राहुल ने उनका कैच भी छोड़ा। लाथम दूसरे सत्र के दूसरे घंटे तक टिके रहे। इस दौरान आकाश दीप ने एक ऐसी बेहतरीन गेंद फेंकी जिसे खेलना नामुमकिन था।

अगर लाथम गेंद को छोड़ देते तो वह आफ स्टंप के ऊपरी हिस्से पर लगती, लेकिन गेंद इतनी सीम हुई कि बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर विकेटकीपर के दस्ताने में समा गई। अगले ओवर में अंशुल कंबोज ने हेनरी निकोल्स का विकेट लिया।

इसके अगले ओवर में आकाश दीप ने रचिन रवींद्र का वही हाल किया जो लाथम का किया था। आकाश दीप ने दिन का सबसे बेहतरीन स्पैल फेंका। इसमें उन्होंने सात ओवर में चार मेडन फेंककर सात रन दिए और दो विकेट लिए।

यही कारण था कि डेरिल मिशेल और ब्लंडेल ने चाय के ब्रेक के आसपास काफी संभलकर खेलते हुए शुरुआती 12 ओवरों में केवल 24 रन बनाए।

बुमराह ने अपने 13वें ओवर की शुरुआत में मिशेल को उनके बाएं कंधे के ऊपर से एक खतरनाक बाउंसर डाली। रिषभ पंत ने अपनी बाईं ओर ऊंची छलांग लगाई लेकिन गेंद उनके दस्ताने के किनारे से ही लग पाई। भारतीय कप्तान शुभमन गिल अगर तीसरी स्लिप का प्रयोग करते तो शायद उनको विकेट मिलते लेकिन उन्होंने ऐसा किया नहीं।

गिल ने 61वें ओवर में स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को लगाया। इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में केवल एक बार ऐसा हुआ है जब भारत ने 60 ओवर तक कोई स्पिनर नहीं लगाया। वाशिंगटन ने मिशेल को बैकवर्ड शार्ट लेग पर कैच आउट कराया। इसके बाद ब्लंडेल और फिलिप्स ने 20 ओवर से ज्यादा बल्लेबाजी करते हुए 62 रन जोड़े।

यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टी20 के लिए इंग्लैंड ने टीम में किया बदलाव, रेहान की वापसी; इस खिलाड़ी को पहली बार मिला मौका

यह भी पढ़ें- PAK-A vs BAN-A: हसन नवाज के दम पर पाकिस्तान ने बांग्लादेश को रौंदा, एशिया कप राइजिंग स्टार्स के फाइनल में बनाई जगह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।