PAK-A vs BAN-A: हसन नवाज के दम पर पाकिस्तान ने बांग्लादेश को रौंदा, एशिया कप राइजिंग स्टार्स के फाइनल में बनाई जगह
हसन नवाज के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ए ने बांग्लादेश ए को रौंदकर एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के फाइनल में जगह बना ली है।

पाकिस्तान ए ने फाइनल में बनाई जगह

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में शुक्रवार को हसन नवाज के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ए ने बांग्लादेश ए को पांच विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। पाकिस्तान ने बांग्लादेश को पहले 50 ओवर में सिर्प232 रन पर रोक दिया। इसके बाद 45.2 ओवर में ही लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल में हसन नवाज का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने पहले गेंदबाजी में दो विकेट चटकाए। वहीं बाद में चेज करते हुए 62 रनों की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने।
शहादत के अलावा किसी का नहीं चला बल्ला
बांग्लादेश के लिए मैच में शहादत हुसैन दीपु के अलावा किसी भी बल्लेबाज का बल्ला नहीं चला। तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शहादत अंतिम तक क्रीज पर बने रहे।
शहादत ने 118 गेंदों में 103 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए। शहादत ने तीसरे विकेट के लिए माहिदुल इस्लाम अनकोन के साथ मिलकर 95 रनों की साझेदारी की।
इसके बाद छठे विकेट के लिए उन्होंने एसएम मेहेरोब के साथ 52 रन जोड़े। मेहेरोब ने 28 रन बनाए। वहीं माहिदुल 42 रन बनाकर आउट हुए। शहादत की शतकीय पारी की वजह से बांग्लादेश सम्माजनक स्कोर तक पहुंच पाया। बांग्लादेश ने 50 ओवर के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 232 रन बनाए।
पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा विकेट सुफियान मोकिम ने लिए। मोकिल ने 29 रन देकर तीन विकेट झटके। इसके अलावा, अली रजा और हसन नवाज को दो-दो सफलता मिली।
पाकिस्तान ने बल्लेबाजों के दम पर जीता मैच
लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान की शुरूआत बेहद खराब रही। उसने 21 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद हसन नवाज और शाहजैब खान ने पाकिस्तान की पारी को संभाला।
हसन और खान ने तीसरे विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की। नवाज ने तीन चौके और इतने ही छक्कों की बदौलत 62 रन बनाकर आउट हुए। वहीं खान तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद कप्तान अब्दुल समद और फरहान यूसुफ ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 56 गेंदों में 74 रन जोड़े और टीम को जीत के करीब ले गए। समद चार छक्कों और दो चौके की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए।
वहीं फरहान 39 गेंदों में चार चौकों और दो छक्के की बदौलत 46 रन बनाकर क्रीज पर अंतिम तक बने रहे और टीम की जीत सुनिश्चित की। पाकिस्तान ने ये मैच पांच विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना रविवार को श्रीलंका ए के साथ होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।