जीवन के पहले नेशनल गेम में छा गए फरीदाबाद के आलोक, मिनी नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल
फरीदाबाद के आलोक अंबावता ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित पांचवीं मिनी नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में युगल स्पर्धा में रजत पदक जीता है।

आलोक अंबावता। फाइल फोटो: जागरण (एआई से रासाइज कराई गई तस्वीर)
HighLights
आलोक अंबावता ने राष्ट्रीय मिनी बैडमिंटन चैंपियनशिप में रजत जीता।
युगल स्पर्धा में मानवीर पुनिया के साथ मिलकर शानदार प्रदर्शन किया।
यह आलोक की पहली राष्ट्रीय प्रतियोगिता थी, परिवार में खुशी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित पांचवीं मिनी नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप रजत पदक जीतकर आलोक अंबावता ने जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने युगल स्पर्धा में मानवीर पुनिया के साथ जोड़ी बनाकर फाइनल तक का सफर तय किया। यह आलोक की पहली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता थी, जिसमें उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
जिला बैडमिंटन संघ के महासचिव संजय सपरा ने बताया कि ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-85 निवासी आलोक और रोहतक के मानवीर की जोड़ी का फाइनल मुकाबला दिल्ली के हितेन तथा कनव शर्मा की जोड़ी से हुआ।
इसमें दिल्ली की जोड़ी को 16-14 और 15-11 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले सेमीफाइनल में आलोक और मानवीर ने जोयराज सलम तथा रियोसंगनबा सौबम की जोड़ी को 15-9, 15-15 और 18-16 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। जबकि क्वार्टर फाइनल में माधव जग्गा और वंश शर्मा की जोड़ी को 15-12 और 15-7 से हराया था।
बड़े भाई से प्रेरणा लेकर शुरू किया बैडमिंटन खेलना
आलोक के पिता विक्की अंबावता केंद्रीय एनटीपीसी स्कूल में प्राथमिक कक्षाओं के शिक्षक हैं। उन्होंने कहा कि आलोक पिछले साढ़े चार साल से सेक्टर-सात स्थित केएल मेहता दयानंद स्कूल में जिला बैडमिंटन संघ की अकादमी में अभ्यास कर रहा है।
आलोक ने अपने बड़े भाई दीपांश से प्रेरणा लेकर बैडमिंटन खेलना शुरू किया था। मां नीतू नागर ने बताया कि आलोक केंद्रीय विद्यालय नंबर-एनआइटी तीन में छठी कक्षा का छात्र है। आलोक की इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।