Syed Modi International: गायत्री-त्रिशा की धमाकेदार जीत, पर शीर्ष वरीय ध्रुव-तनीषा टूर्नामेंट से बाहर; अनमोल और तस्नीम ने दिग्गजों को चौंकाया
सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। गायत्री-त्रिशा युगल में क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, जबकि उन्नति, तन्वी, अनमोल और तस्नीम ने भी एकल में जगह बनाई।

सैयद मोदी इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जाली ने महिला युगल में एक और जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
महिला एकल में भी मेजबानों का दबदबा रहा। पिछले संस्करण की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा सहित चार भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम-आठ में जगह बनाई। अनमोल खरब और तस्नीम मीर ने उलटफेर भरी जीत दर्ज की।
गोमतीनगर के योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में गुरुवार को मुख्य ड्रॉ के मुकाबले शुरू हुए। हालांकि दिन का सबसे बड़ा उलटफेर मिश्रित युगल में देखने को मिला, जहां शीर्ष वरीय ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो को हार का सामना करना पड़ा। पुरुष एकल में शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह भी बाहर हो गए।
महिला एकल में भारतीय खिलाड़ियों का दम
उन्नति हुड्डा ने अमेरिका की ईशिका जायसवाल को 21-14, 21-18 से हराया। दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने इंडोनेशिया की एमए पुष्पिता सारी को तीन गेमों तक चले मुकाबले में 18-21, 21-18, 21-18 से शिकस्त दी। अनमोल खरब ने पांचवीं वरीय हमवतन अस्मिता चालिहा को 21-16, 21-15 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
तस्नीम मीर ने छठी वरीय स्काटलैंड की क्रिस्टी गिलमोर को 21-19, 21-5 से बाहर का रास्ता दिखाया। ईशारानी बरुआ को इंडोनेशिया की एनकेडीए पृथ्वी ने 21-9, 9-21, 21-17 से पराजित किया। शीर्ष वरीय जापान की रिको गुंजी ने भारत की रक्षिता संतोष रामराज को मात दी।
ध्रुव-तनीषा की जोड़ी टूर्नामेंट से बाहर
मिश्रित युगल में मलेशिया के वी यी हर्न और वैनी गोबी ने शीर्ष वरीय ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो को 22-20, 21-15 से हराकर बाहर कर दिया। सातवीं वरीय ध्रुव रावत और मनीषा को भी मलेशिया की जोड़ी ने 21-16, 21-15 से शिकस्त दी। हालांकि सात्विक रेड्डी कन्नपुरम-रेशिका और विराज कुवले-रुतुपर्णा पांडा ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
पुरुष एकल में तुषार की जीत
पुरुष एकल में भारत के तुषार सुवीर ने शाश्वत दलाल को 21-14, 21-12 से हराया। दूसरी वरीय मलेशिया के ली जी जिया ने प्रणव शेट्टीगर को शिकस्त दी, जबकि इंडोनेशिया के प्रदिस्का बागास शुजीवो ने शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को 14-21, 21-15, 21-17 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
महिला युगल में गायत्री-त्रिशा की एक और आसान जीत
महिला युगल में शीर्ष वरीय गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जाली ने श्रेया बालाजी और प्रणवी नटराजन को 21-9, 21-8 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अश्विनी भट्ट और शिखा गौतम ने भी जीत दर्ज की। हालांकि, उत्तर प्रदेश की अमोलिका सिंह सिसोदिया-समृद्धि सिंह और श्रुति मिश्रा-प्रिया की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा।
पुरुष युगल में तीसरी वरीय हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने फ्रांस की जोड़ी को 21-12, 22-20 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
यह भी पढ़ें- IND vs NZ 2nd Test Day 1 Live: भारत को आखिरकार मिली सफलता, डेब्यू पर चमके गुरनूर; पहले दिन हुआ लंच
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।