Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Archery World Cup: तीरंदाजी वर्ल्ड कप में भारत का दमदार आगाज, ऋषभ यादव और ज्योति सुरेखा ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

    Updated: Wed, 09 Jul 2025 04:07 PM (IST)

    स्पेन के मैड्रिड में आयोजित तीरंदाजी वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय तीरंदाज ऋषभ यादव और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने इतिहास रच दिया है। दोनों ने कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में 1431 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया। ऋषभ और ज्योति की जोड़ी ने डेनमार्क के तानजा गेलेंथिएन और मैथियास फुलर्टन का पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।

    Hero Image
    ऋषभ यादव और ज्योति सुरेखा ने रचा इतिहास। फोटो- वर्ल्ड आर्चरी

     स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय तीरंदाज ऋषभ यादव और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने मैड्रिड में 2025 तीरंदाजी विश्व कप में एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में 70X (बुल्सआई) के साथ 1431 अंक हासिल किए। इसके साथ ही डेनमार्क के तानजा गेलेंथिएन और मैथियास फुलर्टन का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2023 में क्राकोव-मालोपोल्स्का यूरोपीय खेलों में 1429 अंक बनाए थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ऋषभ यादव ने कंपाउंड मेंस क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने 10 रिंग में 72 में से 68 तीरों पर निशाना साधते हुए 716 अंक हासिल किए। साथ ही 35 एक्स प्वाइंट भी लगाए। यह किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। इस साल यादव का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है और उन्होंने मई में शंघाई लेग में अपना पहला वर्ल्ड कप पदक, ब्रान्ज मेडल भी जीता।

    दोनों ने किया अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

    एशियाई खेलों की चैंपियन सुरेखा ने कंपाउंड महिला क्वालीफिकेशन स्पर्धा में 35 एक्स सहित 715 अंकों के साथ शीर्ष वरीयता हासिल की। ऋषभ की तरह यह प्रदर्शन भी उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ था। अपनी इस नई उपलब्धि के बाद यादव और ज्योति ने ग्वांगजू 2025 विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

    मिक्स्ड कंपाउंड टीम स्पर्धा को ओलंपिक में मिली जगह

    ऋषभ यादव नया विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद बेहद खुश थे और उन्होंने यह भी बताया कि मिश्रित कंपाउंड टीम स्पर्धा को भी 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में शामिल कर लिया गया है। ज्योति पिछले तीन विश्व कप में शीर्ष स्थान हासिल नहीं कर पाई थीं। लेकिन इस बार उनका सपना साकार हुआ। ज्योति ने इस सफलता के पीछे सालों की मेहनत का परिणाम बताया है।

    यह भी पढे़ं- World Boxing Cup: छह भारतीय खिलाड़ी विश्व मुक्केबाज कप के फाइनल में, आज छह स्वर्ण पदकों के लिए जंग

    comedy show banner
    comedy show banner