Para Asian Games 2022: अमित सरोहा और पारुल परमार पैरा एशियाई खेलों में होंगे ध्वज वाहक
अमित सरोहा पैरा एशियाई खेलों में भारतीय ध्वज वाहक बनेंगे। चीन के हांगझू में 22 से 28 अक्टूबर तक होने वाले पैरा एशियाई खेलों में उनके साथ गुजरात की बैडमिंटन खिलाड़ी पारुल परमार भी ध्वज लेकर चलेंगी। पैरा एशियाई खेलों में भारत की तरफ से 332 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जिनमें 196 पुरुष और 133 महिला खिलाड़ी हैं। भारत को 120 से ज्यादा पदक जीतने की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। अमित सरोहा पैरा एशियाई खेलों में भारतीय ध्वज वाहक बनेंगे। चीन के हांगझू में 22 से 28 अक्टूबर तक होने वाले पैरा एशियाई खेलों में उनके साथ गुजरात की बैडमिंटन खिलाड़ी पारुल परमार भी ध्वज लेकर चलेंगी।
अमित अब तक विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दर्जनों पदक जीत चुके हैं। अर्जुन अवॉर्डी अमित सरोहा अनुभवी खिलाडि़यों में से एक हैं। अमित सरोहा इससे पहले वर्ष 2010, 2014 व 2018 एशियाई खेलों में दो स्वर्ण व दो रजत पदक जीत चुके हैं।
यह भी पढ़ें: भारत ने रचा इतिहास, अब तक खेले गए टूर्नामेंट में इस साल जीते सबसे ज्यादा मेडल
अमित सरोहा ने बताया कि एशियाई खेलों में भारतीय खिलाडि़यों ने 107 पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। अब पैरा एथलीट भी पूरी तरह तैयार है।
इन खेलों में 332 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें 196 पुरुष और 133 महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में जकार्ता पैरा एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने 72 पदक जीते थे। इस बार भारतीय टीम 120 से ज्यादा पदक जीतेगी।
पैरा एशियाई खेलों में 446 सदस्यीय दल भेजेगा भारत
भारत हांगझू में 22 से 28 अक्टूबर तक होने वाले चौथे एशियाई पैरा खेलों में 446 सदस्यीय दल भेजेगा जिनमें 303 खिलाड़ी हैं। खेल मंत्रालय ने 17 खेलों में 303 खिलाडि़यों (191 पुरुष और 112 महिला) को मंजूरी दी।
इनके अलावा 143 कोच, अधिकारी और सहयोगी स्टाफ भी जाएंगे। इनमें से 123 खिलाड़ी एथलेटिक्स के ही हैं। यह एशियाई पैरा खेलों में भारत का सबसे बड़ा दल है। पिछली बार जकार्ता में 190 खिलाडि़यों ने 13 खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करके 15 स्वर्ण समेत 72 पदक जीते थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।