महिला के साथ दुष्कर्म के बाद जहर देकर हत्या करने का आरोप, ओडिशा में शर्मसार करने वाली घटना
भुवनेश्वर के नवरंगपुर जिले में एक 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है। युवती शौच के लिए गई थी और वापस नहीं लौटी जिसके बाद वह अचेत अवस्था में मिली। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। नवरंगपुर जिले के कोसागुमुड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय एक महिला की रहस्यमयी मौत ने हत्या और दुष्कर्म के गंभीर आरोपों को जन्म दिया है। मृतका के परिवार और स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग की है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतका बीती रात अपने घर के पास शौच के लिए गई थी और वापस नहीं लौटी।इसके बाद परिवार के लोगों ने उसे खोजा और वह एक आम के पेड़ के नीचे अचेत अवस्था में पड़ी मिली।
तुरंत उसे कोसागुमुड़ा मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार वालों ने कोसागुमुड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि महिला की हत्या की गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़िता के परिवार और स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसे जबरन जहर देकर मार डाला गया। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
मृतका के एक रिश्तेदार ने बताया कि लड़की शाम करीब साढ़े सात बजे शौच के लिए घर से बाहर गई थी और वापस नहीं लौटी। जब परिवार ने उसे ढूंढा तो वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिली। कुछ बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी है। संभव है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म भी हुआ हो।
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। स्थानीय ग्रामीणों ने इस जघन्य अपराध को लेकर गहरा रोष जताया है और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी सजा की मांग की है।
इधर, कोसागुमुड़ा पुलिस ने वैज्ञानिक टीम और खोजी कुत्ते की मदद से जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानीय युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, लेकिन पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेजा गया है।
मौत का कारण दुष्कर्म के बाद जहर देना या गला घोंटना हो सकता है। हालांकि, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा। पापड़ाहांडी के एसडीपीओ सत्यजीत कंदनकेल ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद और जानकारी साझा की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।