ओडिशा में बढ़ता जा रहा बाजरे के प्रति लोगों का झुकाव, 'मिलेट सॉन्ग' ने यूट्यूब पर दर्शकों के दिलों को छू लिया
ओडिशा मिलेट्स मिशन पर ग्रैमी अवार्ड विजेता और संगीतकार-निर्माता रिकी केज का गाना खूब सुर्खियां बटोर रहा है। यूट्यूब पर इस गाने को अब तक दस लाख से अधिक लोग देख चुके हैं जो मिशन के लिए एक अहम उपलब्धि है।

संतोष कुमार पांडेय, अनुगुल। ग्रैमी अवार्ड विजेता और संगीतकार-निर्माता रिकी केज द्वारा रचित द मिलेट सॉन्ग ने यूट्यूब पर 1 मिलियन से अधिक लोगों द्वारा देखे जाने के साथ एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। ओडिशा मिलेट्स मिशन कृषि और किसान अधिकारिता विभाग की तरफ से शुरू किया गया एक कार्यक्रम है और इस पर बेस्ड गाने का इतना सफल होना, अभियान की एक अहम उपलब्धि है।
गाने से मिल सकती है बाजरे को खास पहचान
ओडिशा बाजरा मिशन राज्य में बाजरे की खेती और खपत को बढ़ावा देने के लिए अथक प्रयास कर रहा है। केज का गाना बाजरा और इसके लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के मिशन के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण योगदान है। इससे अब संभावना जताई जा रही है कि अधिक से अधिक लोग बाजरा के महत्व को पहचानेंगे और इसे अपने आहार का एक प्रमुख हिस्सा बनाएंगे।
बाजरे को लेकर लोग हो रहे हैं जागरूक
बाजरा प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और खनिजों का समृद्ध स्रोत है। इसके अलावा, इसकी खेती में अन्य फसलों की तुलना में कम पानी और उर्वरक की आवश्यकता होती है, जिससे यह कृषि के लिए पर्यावरण की दृष्टि से एक स्थायी विकल्प बन जाता है। मिलेट सॉन्ग को मिली जबर्दस्त प्रतिक्रिया लोगों में बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है।
कृषि विभाग ने गाने का जताया आभार
बाजरा गीत को मिली सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कृषि मंत्री रणेंद्र प्रताप स्वैन ने ओडिशा बाजरा मिशन के माध्यम से बाजरा के लाभों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का आभार व्यक्त किया। ओडिशा मिलेट्स मिशन की ओर से कृषि विभाग के प्रमुख सचिव अरबिंद कुमार पाढ़ी ने केज और परियोजना में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि विभाग को उम्मीद है कि अब इस मामूली समझे जाने वाले फसल पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। यहां यह उल्लेख करना उचित है कि केज सहित पांच ग्रैमी पुरस्कार विजेता गीत से लेकर गायन और वाद्य यंत्रों तक बाजरा गीत का हिस्सा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।