विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Odisha Landslide: ओडिशा में बड़ा हादसा, मैगनीज खदान के पास भूस्खलन से 3 की मौत; 6 घंटे बाद निकाले शव

Published: Wed, 02 Jul 2025 11:53 AM (IST)Updated: Wed, 02 Jul 2025 02:30 PM (IST)

ओडिशा के क्योंझर जिले में भूस्खलन से तीन लोगों की दुखद मौत हो गई। यह घटना जोड़ा पुलिस स्टेशन के ...और पढ़ें

ओडिशा में मैगनीज खदान के पास भूस्खलन से तीन की मौत। जागरण फोटो
ओडिशा में मैगनीज खदान के पास भूस्खलन से तीन की मौत। जागरण फोटो

जागरण संवाददाता, बड़बिल। ओडिशा के क्योंझर जिले में मंगलवार को देर शाम भूस्खलन के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना जिले के जोड़ा पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बिछाकुंडी क्षेत्र के दलपहाड़ा के पास हुई।

मृतकों की पहचान बिछाकुंडी क्षेत्र के 32 वर्षीय संदीप मूर्ति, 18 वर्षीय गुरु चंपिया और 19 वर्षीय कांडे मुंडा के रूप में हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, बैतरणी आरक्षित वन क्षेत्र में मैगनीज खनन चल रहा था, तभी भूस्खलन हुआ। इस घटना में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।

6 घंटे के बचाव अभियान के बाद तीन शव निकाले गए। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मौके पर पैदल चलकर जाना पड़ा

स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी शाम को मिलने के बाद बड़बिल एसडीपीओ देवेन्द्र नाथ पिंगुआ, जोड़ा थाना प्रभारी सुशांत प्रधान, अग्निशमन कर्मचारी और वन विभाग कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे।

करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद के बाद देर रात तीन शव निकाले गए। चूंकि घटनास्थल तक वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण बचाव कार्य में लगे अधिकारी और कर्मचारी को एक घंटा तक पैदल चल कर जाना पड़ा था।

जोड़ा डीडीएम दिनेश अग्रवाल क्या बोले

जोड़ा डीडीएम दिनेश अग्रवाल ने कहा कि घटना की जानकारी शाम को मिली। उक्त क्षेत्र चंपुआ वन प्रभाग के बैतरणी संरक्षित जंगल के अंदर आता है और वह क्षेत्र किसी को लीज पर नहीं दिया गया है।

विभाग के अधिकारी जांच के लिए घटनास्थल पर हैं और अभी रिपोर्ट नहीं आई है, रिपोर्ट मिलने के बाद आगे बताया जाएगा।

फॉरेस्टर त्रिनाथ जेना ने क्या कहा?

फॉरेस्टर त्रिनाथ जेना ने इस संबंध में कहा कि बैतरणी संरक्षित जंगल में अवैध मैगनीज खनन के समय भूस्खलन से घटनास्थल से तीन लोगों का शव बरामद किया गया है।

तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। जांच जारी है और जांच के लिए चंपुआ से श्रम विभाग अधिकारी की आने की सूचना मिली है।

जोड़ा खनिज अंचल के बिछाकुंडी और मालदा क्षेत्र में अवैध मैगनीज खनन कार्य वर्षों से चल रहा है और इसकी जानकारी जग जाहिर है।

मैगनीज और लौह अयस्क माफिया स्थानीय आदिवासी गरीब युवाओं को प्रलोभन देकर अवैध खनन में लगा देते हैं। छोटे वाहनों में मैगनीज अयस्क को दूसरे राज्यों में खपा कर मोटी रकम बनाते हैं।