BMC पिटाई मामले में OAS संघ के आंदोलन से कामकाज ठप, राजस्व मंत्री की अपील; जानें क्या है पूरा मामला
भुवनेश्वर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू पर भाजपा नेताओं द्वारा किए गए हमले के विरोध में ओएएस संघ का कार्य बंद आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। ओएएस संघ ने भाजपा नेता जगन्नाथ प्रधान की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा की है जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। राजस्व मंत्री ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। भुवनेश्वर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू की भाजपा नेताओं द्वारा की गई पिटाई के प्रतिवाद में शुरू हुआ ओएएस संघ का सामूहिक कार्य बंद आन्दोलन गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी है।
ओएएस संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक घटना के मुख्य आरोपी भाजपा नेता जगन्नाथ प्रधान की गिरफ्तारी नहीं हो जाती हमारा आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, संघ के आंदोलन से ओडिशा के प्रखंड, तहसील कार्यालय से लेकर जिला कार्यालय तक लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
लोग अपनी विभिन्न समस्या को लेकर ब्लॉक एवं तहसील कार्यालय पहुंच रहें, परन्तु उनकी सुनने वाला वहां कोई नहीं है। ऐसे में ओएएस संघ के इस आंदोलन से अब लोगों में भी नाराजगी बढ़ने लगी है क्योंकि अपने कार्य के लिए तहसील एवं ब्लॉक कार्यालय पहुंचने वाले लोग परेशान हो रहे हैं।
ओएएस संघ के अध्यक्ष ज्योति रंजन मिश्र ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा है कि जब तक मुख्य अभियुक्त भाजपा नेता जगन्नाथ प्रधान की गिरफ्तारी नहीं की जाती तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
सरकार जैसे ही गिरफ्तारी करेगी, हम दो घंटे के अंदर कार्य में अपना योगदान दे देंगे। हमले के पीछे जो लोग हैं उनकी गिरफ्तारी जरूरी है।
जांच को तीन दिनों के अंदर पूरा किया जाना चाहिए। जांच महीनों तक नहीं चल सकती। सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। ज्योति रजन मिश्र ने कहा कि हमें मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है और मुख्यमंत्री जल्द ही उचित निर्णय लेंगे।
उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी से हम भी अवगत हैं, यही कारण है कि रथयात्रा में संघ के 100 अधिकारी कार्य कर रहे हैं।
इसके अलावा, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में भी हमारे अधिकारी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच लोगों की गिरफ्तारी के लिए हम सरकार को धन्यवाद देते हैं।
वहीं, मुख्य अभियुक्त को जब तक गिरफ्तार नहीं किया जाता है, हम आंदोलन वापस नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि आज भी जगन्नाथ प्रधान ने अपने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हमें धमकी दी है।
ओएएस संघ की मांग
ओएएस संघ ने अपनी मांग की एक प्रतिलिपि मुख्यमंत्री के उद्देश्य मुख्य सचिव को दिया
- घटना के मास्टरमाइंड जगन्नाथ प्रधान को गिरफ्तार किया जाए।
- क्षेत्र में काम करने वाले तहसीलदार, उपजिलापाल, बीडीओ आदि को पर्याप्त सुरक्षा दी जाए।
- ओएएस अधिकारियों को ऑफिशियल प्रोटेक्शन मिले।
घटना में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा: राजस्व मंत्री
राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा है कि जो ओएएस अधिकारी आंदोलन पर उनकी भावना एवं घटना से उन्हें कष्ट हुआ है ओडिशा सरकार उनके साथ हैं। सरकार अधिकारियों के दर्द एवं भावनाओं के साथ खड़ी है। इस घटना में मौके पर मौजूद पांच लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।
घटना के पीछे मास्टरमाइंड कौन था उसके लिए समय लगेगा। परन्तु कानून अपना काम करेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ओएएस संघ के अधिकारियों से अपील की कि इस समय प्रदेश में बाढ़ की स्थिति से लोग परेशान हैं, ऐसे में कार्यभार संभालें। सरकार उनके साथ है।
अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू अस्पताल में हुए भर्ती
उधर, बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू की अचानक तबीयत खराब हो गई। कार्यालय में रहते हुए उनकी छाती और पेट के निचले हिस्से में दर्द होने लगा। इससे उन्हें अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की मदद से एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है।
जिसकी भी संपृक्ति है, उसे गिरफ्तार करेंगे- पुलिस आयुक्त
भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्त (सीपी) एस देवदत्त सिंह ने बीएमसी आयुक्त राजेश प्रभाकर पाटिल से मुलाकात की और सुरक्षा सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इसके साथ ही, पुलिस आयुक्त ने अपर आयुक्त रत्नाकर साहू से भी घटना वाले दिन इस बारे में विस्तार से जानकारी ली है।
बाद में मीडिया को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस ने हमले के मामले में तत्काल कार्रवाई की है। पहले दिन तीन और दूसरे दिन दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच की जा रही है। इसमें शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इन पांच लोगों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार होने वालों में भाजपा के कार्पोरेटर अपरूप नारायण राउत (जीवन), रश्मि रंजन महापात्र, देवाशीष प्रधान, संजीव मिश्र, सचिकांत स्वांई शामिल हैं। ये लोग मौके पर मौजूद हैं। वहीं, कई लोगों को को पार्टी से भी निलंबित कर दिया गया है।
क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक स्वच्छ साथी रेवती राउत को केन्द्र कर यह घटना घटी है। स्वच्छ साथी रेवती भाजपा की सभा में कुछ लोगों को ले गई थी। ऐसे में 34 नंबर वार्ड के बीजद के कार्पोरेटर ने उनके नाम पर शिकायत की थी और बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त से हस्तक्षेप करने की मांग की थी।
वहीं, भाजपा नेता जगन्नाथ प्रधान ने कहा है कि बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त ने स्वच्छ साथी के साथ खराब व्यवहार किया है। इस पर जब जगन्नाथ प्रधान ने बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त से बात की तो उन्होंने जगन्नाथ प्रधान के साथ भी बदसलूकी से बात की।
इसी बात को लेकर 30 जून को भाजपा के कार्पोरेटर एवं जगन्नाथ प्रधान के समर्थक बीएमसी कार्यालय गए और बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त साहू से जगन्नाथ प्रधान के साथ दुर्व्यवहार करने को लेकर सवाल जवाब किया तो दोनों में बहस छिड़ गई और फिर भाजपा नेताओं ने उनकी पिटाई कर दी।
इस घटना के बाद ओएएस संघ के साथ बीजद एवं कांग्रेस ने सरकार को घेरा। बीजद एवं कांग्रेस नेताओं ने इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। इसके बाद मामला मुख्यमंत्री के पास पहुंचा। मुख्यमंत्री ने ओएएस अधिकारियों से बात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद अधिकारियों को कार्य में भाग लेने को कहा। इस पर ओएएस अधिकारी राजी भी हो गए थे, परन्तु बाद में जिला ओएएस संघ इस पर राजी नहीं हुआ और कार्य बंद आंदोलन जारी रखने की घोषणा की, जिससे प्रदेश के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
क्या कहते हैं भाजपा नेता जगन्नाथ प्रधान
भाजपा नेता जगन्नाथ प्रधान ने ट्वीट कर लिखा है कि बीएमसी घटना को लेकर एक राजनीतिक दल राजनीति कर रहा है। मैंने पहले भी कहा है और फिर कहता हूं कि यह घटना दुखदायक है एवं निंदनीय है। इसकी मैं कड़ी शब्दों में निंदा करता हूं।
राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था ठप होने की तरफ बढ़ रही है और कानून व्यवस्था बिगड़ने लगी है। इसे ध्यान में रखते हुए मैं राज्य एवं अपनी सरकार के हित के लिए कानून को सम्मान दे रहा हूं। कानून के अनुसार जो भी कार्रवाई की जाएगी, उसके लिए मैं तैयार हूं।
जगन्नाथ प्रधान इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से भी मुलाकात की। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा है कि इस पर जो भी निर्णय लेना हो वह सरकार को लेना है। बीएमसी आयुक्त की पिटाई घटना की हम निंदा करते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।