Odisha Politics: 'कांग्रेस ने जो बनाया उसे बीजेपी...', मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर किया हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ओडिशा में भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने ओडिशा के लिए बहुत काम किया है जबकि भाजपा का योगदान शून्य है। उन्होंने मोदी सरकार पर सरकारी संपत्तियों को बेचने और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। खरगे ने दलितों और आदिवासियों से लड़ने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा सरकार में उन पर अत्याचार हो रहे हैं।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। एआईसीसी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सीधे तौर पर केन्द्र की मोदी और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 55 साल हमारी सरकार केन्द्र में थी। ओडिशा में किसी ने विकास किया है तो कांग्रेस ने किया है।
खरगे ने कहा कि मोदी जी ने कौन सी फैक्ट्री ओडिशा में लाए हैं। भुवनेश्वर में एम्स और इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिक्स जैसे कई संस्थान हमने कायम किए हैं।
नेहरू जी के प्रधानमंत्री काल में भुवनेश्वर को राजधानी किसी ने बनायी तो पंडित जवाहरलाल नेहरू ने बनायी।
भाजपा का ओडिशा के विकास में योगदान जीरो है। यह बिना काम किए मुफ्त में प्रचार लेना चाहते हैं। खरगे ने कहा कि हम लोगों ने ओडिशा के लिए काम किया।
खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने जो आपके लिए बनाया उसे मोदी बेच रहे हैं। जंगल काट रहे हैं, पानी दूसरों को दे रहे हैं। जंगल-जमीन सब मोदी जी अपने मित्रों को दे रहे हैं। हम काम करके दिखाते हैं, सिर्फ नाम के नहीं हैं।
160 पब्लिक सेक्टर हमने बनाया। 160 में से इन्होंने अब तक कम से कम 23 पब्लिक सेक्टर बड़ा कारखाना बेच डाला। मोदी जी का काम है कमाओ आप बेचेंगे हम, खर्च करेंगे हम, इसलिए इन्हें सबक सीखाना जरूरी है।
अडानी-अंबानी के पीछे लग जाती है भाजपा
खरगे ने कहा कि ओडिशा अगर कांग्रेस को जिताएगी, तो हिंदुस्तान में कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा पहले मुख्यमंत्री चुनती है, इसके बाद अंबानी और अडानी पीछे लग जाते हैं, कौन सी जगह अच्छी है, ढूंढते रहते हैं, इसलिए उन्हें सबक सीखाना है, मुझे विश्वास है यहां की जनता उन्हें सबक सिखाएगी।
मोदी के संविधान को खत्म करना भाजपा का एजेंडा
कांग्रेस ने 2006 फॉरेस्ट एक्ट लाया आज उसे मोदी सरकार कमजोर कर रही है। मोदी का एजेंडा है कि इस देश के संविधान को खत्म करना है।
अगर संविधान बदल गया तो आपको जो वोटिंग का अधिकार दिया है, वह अधिकार इनकी सरकार छीन लेगी। यह कोशिश उनकी हमेशा रही है।
महाराष्ट्र में चोरी की सरकार- खरगे
खरगे ने कहा कि मैं दलित कम्यूनिटी से आता हूं, इसलिए मुझे दर्द है कि यदि संविधान बचेगा, तो हम बचेंगे, दलित बचेंगे, आदिवासी बचेंगे। महाराष्ट्र में अब जो सरकार बनी है, वह चोरी की सरकार है, वह चोरों की सरकार है।
बिहार के 7 करोड़ वोटर में से 2 करोड़ वोटर कट रहे हैं, क्या इससे लोकतंत्र बचेगा। ऐसे गद्दारों को हमें निकाल देना चाहिए, उन्हें सबक सीखाना चाहिए, यदि सबक नहीं सिखाए तो आप अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारेंगे।
लड़ोगे नहीं तो मरोगे- खरगे
खरगे ने कहा कि एससी-एसटी, अल्पसंख्यक, आदिवासी, किसान समुदाय को कहना चाहता हूं कि आप लड़ना सीखो, दलित लोगों से कहूंगा तुम अगर लड़ोगे नहीं तो तुम निश्चित रूप से मरोगे। मनु स्मृति लाकर तुम्हें मंदिर से दूर रखा जाता है।
ओडिशा के गंजाम जिला में दो दलित लोगों को पीटा गया, बाल काटे गए, दो किमी तक घुटने पर चलाने की कोशिश की, घास खाने और गंदा नाली पीने को मजबूर किया गया, इसके खिलाफ हमें लड़ना होगा। यह सब भाजपा सरकार में हो रहा है। हमारी पार्टी इसके खिलाफ लड़ रही है।
अगले 1 साल के अंदर होंगी 10 सभाएं
संविधान बचाओ सम्मेलन के प्रारंभ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने स्वागत भाषण दिया और कहा कि राहुल गांधी एक निर्भीक नेता है।
मोदी ने ईडी-सीबीआई लगाकर उन्हें डराने का प्रयास किया मगर राहुल गांधी आप लोगों की आवाज बनकर आपके साथ खड़े रहे।
4000 किलोमीटर की पैदल यात्रा करने वाले हमारे नेता गरीब आदिवासी एवं जन-जन के नेता हैं जननायक हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह की 10 सभाएं अगले 1 साल के अंदर ओडिशा में आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- स्कॉर्पियो में बना रखा था गुप्त तहखाना, चेकिंग के दौरान आबकारी विभाग ने पकड़ा; 110 किलो चांदी के बिस्किट जब्त
यह भी पढ़ें- Rahul Gandhi: 'अडानी परिवार के लिए रोकी महाप्रभु की रथयात्रा', ओडिशा में राहुल गांधी का दावा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।