Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Update Today: दिल्ली, पंजाब से मध्य प्रदेश तक बिछी कोहरे की मोटी चादर; विमान, रेल और बस पर लगा ब्रेक, रेड अलर्ट जारी

    Updated: Thu, 28 Dec 2023 07:11 AM (IST)

    Weather Update Today उत्तर भारत के कई स्थानों पर मंगलवार की रात से ही कोहरा छाया हुआ है। आगरा और बरेली समेत कई जगहों पर दृश्यता शून्य तक पहुंच गई है। इस कारण दिल्ली में यलो अलर्ट तो पंजाब में रेड अलर्ट जारी करना पड़ा है। हवा चल रही है लेकिन गति बहुत धीमी होने के चलते कोहरा छंटने में थोड़ी देर हुई।

    Hero Image
    Weather Update Today: पंजाब से मध्य प्रदेश तक बिछी कोहरे की मोटी चादर

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। (Weather Update Today) पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। पंजाब से मध्य प्रदेश और गुजरात से बंगाल-ओडिशा तक कोहरे की चादर और मोटी हो गई है। धुंध की अवधि भी बढ़ी है। कई राज्यों में धीमी हवा और वातावरण में नमी की अधिकता के चलते सुबह दस बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो रहे। धुंध का आवागमन पर असर पड़ा है। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अधिकांश भाग और उत्तरी राजस्थान में कोहरे का असर बहुत अधिक रहेगा। लोगों को अत्यधिक सावधानी के साथ गाड़ी चलाने का सुझाव दिया जाता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रेनों की रफ्तार भी थमी

    विमानों की उड़ान तो प्रभावित हुई ही है, ट्रेनों की रफ्तार भी थम सी गई है। उत्तर भारत से होकर गुजरने वाली कई राजधानी व वंदे भारत समेत 25 से अधिक ट्रेनें करीब दो से सात घंटे तक विलंब से चल रही हैं। इस कारण हुए सड़क हादसों ने कई लोगों की जान ले ली है। भारत मौसम विभाग (आइएमडी) की ओर से बुधवार सुबह 11:30 बजे सेटेलाइट से ली गई तस्वीर में पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में कोहरे की घनी परत दिखी। अनुमान है कि यह स्थिति अभी दो-तीन दिनों तक रहेगी।

    उत्तर भारत में छाया कोहरा

    उत्तर भारत के कई स्थानों पर मंगलवार की रात से ही कोहरा छाया हुआ है। आगरा और बरेली समेत कई जगहों पर दृश्यता शून्य तक पहुंच गई है। इस कारण दिल्ली में यलो अलर्ट तो पंजाब में रेड अलर्ट जारी करना पड़ा है। हवा चल रही है, लेकिन गति बहुत धीमी होने के चलते कोहरा छंटने में थोड़ी देर हुई। दिल्ली में आईजीआई एयरपोर्ट पर लगातार तीसरे दिन दृश्यता शून्य रही। एयरपोर्ट के सभी रनवे पर रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) महज 100 से 125 मीटर रही। आइजीआइ पर सौ उड़ानों में देरी हुई और कम से कम नौ उड़ानों को डायवर्ट किया गया। कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर कोहरे के कारण देरी की चेतावनी दी है।

    चार घंटे की देरी से रवाना हुई बनारस वंदे भारत

    घने कोहरे के कारण रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। बरौनी-नई दिल्ली हमसफर क्लोन एक्सप्रेस, पटना-आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट विशेष और गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस 12 घंटे से भी ज्यादा विलंब से दिल्ली पहुंचीं। देरी से दिल्ली पहुंचने के कारण हमसफर, राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत के साथ अन्य ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव करना पड़ा। बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस तीन घंटे और शाम को चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से रवाना हुई। घने कोहरे के कारण हुए सड़क हादसों में कई लोगों की मौत हो गई। सिर्फ उत्तर प्रदेश में 13 लोगों की मौत हुई है और दर्जनों घायल हुए हैं। मेरठ में तेजगति क्रेटा ने भाजपा महानगर महामंत्री राजकुमार सोनकर को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

    बढ़ सकती है आंखों में जलन

    दिल्ली में मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि चार दिन के लिए अलर्ट जारी किया गया है। घने कोहरे में ओस के साथ-साथ पार्टिकुलेट मैटर (पीएम) के कण होते हैं, जो फेफड़े में पहुंच सकते हैं। इससे खांसी, जुकाम व सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा व ब्रांकाइटिस के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। इसके अलावा आंखों में जलन हो सकती है। इसलिए घने कोहरे के बीच घर से बाहर न निकलें।

    हादसे के बाद हुई मुर्गे-मुर्गियों की लूट

    आगरा में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में एक मुर्गे-मुर्गियों से लदी गाड़ी भी थी। इसमें करीब डेढ़ लाख रुपये के मुर्गे-मुर्गी भरे थे। सवेरा होने पर आसपास के ग्रामीण और कुछ राहगीर गाड़ी के पिंजरे से मुर्गे-मुर्गी निकालने लगे। देखते ही देखते मुर्गे-मुर्गियों की लूट का सिलसिला शुरू हो गया। कोई बोरे में भरकर ले गया, कोई हाथों में पकड़कर। कुछ राहगीरों ने इस लूट का वीडियो बना लिया, जो इंटरनेट मीडिया पर जमकर प्रसारित हो रहा है।

    कोहरे में नहीं दिखा सिग्नल, आगे निकली ट्रेन

    उप्र के औरैया में दिल्ली की ओर जा रही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस फफूंद रेलवे स्टेशन पर घने कोहरे के चलते लाल सिग्नल तोड़कर आगे निकल गई। पता चलने पर ट्रेन रोक दी गई। साढ़े तीन घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। रेलवे ने जांच शुरू कर दी है।

    छिटपुट बारिश से और बढ़ेगी ठंड

    दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर महज पांच डिग्री सेल्सियस रहा। इस वजह से दिन में ठंड अधिक रही। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के दूसरे दौर के सक्रिय होने के चलते पाकिस्तान के लाहौर से लेकर भारत के मध्य प्रदेश तक मौसम फिर करवट लेगा। इससे 30 दिसंबर से दो जनवरी तक उत्तर एवं पश्चिमी भारत के मैदानी क्षेत्रों में छिटपुट बारिश हो सकती है। इसी दौरान बंगाल की खाड़ी में भी चक्रवातीय स्थिति बनी हुई है। इससे पंजाब, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उप्र व मप्र में बारिश होगी। आइएमडी का दावा है कि जनवरी के पहले हफ्ते से ठंड का असर बढ़ने लग जाएगा, जो अगले 10-15 दिनों तक रहेगा।

    यह भी पढ़ें: Delhi Weather Today: धुंध भरी सुबह... घने कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली, आज के लिए ऑरेंज तो कल के लिए येलो अलर्ट जारी; कई उड़ानें भी रद्द