Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Updates: कोहरे के साथ बर्फीली हवाओं ने मैदान को ठिठुराया, दिल्ली में लगातार दूसरे दिन कोल्ड डे

    Updated: Fri, 05 Jan 2024 11:55 PM (IST)

    समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। घने कोहरे के बीच बर्फीली हवाएं चलने से लोग ठिठुरने को विवश हैं। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन कोल्ड डे की स्थिति रही। कोहरे के कारण विमानों की उड़ान पर भी असर पड़ा। मौसम विभाग के शनिवार और रविवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी कर दिया है।

    Hero Image
    उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दौर जारी। (फाइल फोटो)

    जागरण टीम, नई दिल्ली। समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। घने कोहरे के बीच बर्फीली हवाएं चलने से लोग ठिठुरने को विवश हैं। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन कोल्ड डे की स्थिति रही। कोहरे के कारण विमानों की उड़ान पर भी असर पड़ा। मौसम विभाग के शनिवार और रविवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी कर दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अधिकतम तापमान में सामान्य से सात डिग्री की कमी

    मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दिल्ली के अधिकतम तापमान में सामान्य से सात डिग्री की कमी दर्ज की गई थी, जिससे गंभीर कोल्ड डे स्थिति बनी थी। शुक्रवार को हवाओं का रुख उत्तर पश्चिमी से बदलकर पूर्वी व उत्तर-पूर्वी रहा। हवा की दिशा बदलने से तापमान में आंशिक वृद्धि हुई, इसीलिए समग्र रूप से राजधानी में कोल्ड डे की स्थिति रही, गंभीर कोल्ड डे की नहीं। दिन में आसमान साफ रहा, लेकिन धूप नहीं खिली। पंजाब में ठंड अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। पिछले एक सप्ताह से कई जिलों में धूप न के बराबर ही हो रही है। हवाएं चलने से भी कंपकंपी बढ़ गई है।

    मौसम विभाग के अनुसार, पांच जनवरी को लुधियाना में वर्ष 2013 के बाद पहली बार दिन का तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में कोहरा व शीतलहर जारी है। मौसम वैज्ञानिक मुहम्मद दानिश के मुताबिक उप्र के ज्यादातर जिलों में चार दिनों तक घना कोहरा के साथ शीतलहर दिखेगी। रात में दृश्यता शून्य रहेगी। अगले दो दिन धूप निकलने के आसार नहीं हैं। करीब दस किलोमीटर की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चलेंगी।

    यह भी पढ़ेंः Delhi Weather: दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी, दो दिन छाया रहेगा घना कोहरा; नौ और 10 जनवरी को बारिश की उम्मीद

    नौ और 10 जनवरी को हल्की बरसात होने की संभावना

    मौसम विभाग के मुताबिक नौ और 10 जनवरी को हल्की बरसात होने की संभावना है। बरसात के बाद तापमान में कुछ सुधार हो सकता है। कोहरे के कारण 136 उड़ानों में विलंबकोहरे के कारण दिल्ली में आइजीआइ एयरपोर्ट पर 136 उड़ानों को विलंब का सामना करना पड़ा। इनमें ज्यादातर उड़ानें घरेलू थीं। जयपुर की उड़ान आठ, जबलपुर की तीन, उदयपुर की दो और जम्मू एवं ग्वालियर की उड़ान तीन घंटे के विलंब से रवाना हुई। इसी तरह बडोदरा और उदयपुर की उड़ानें छह घंटे के विलंब से नई दिल्ली पहुंचीं।

    इसके साथ ही खराब मौसम और आपरेशन से जुड़े कारणों की वजह से शुक्रवार को नागपुर, जम्मू और मंगलौर की उड़ानें रद की गईं। 29 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हुई। दुबई की उड़ान चार, मस्कट की पांच और काहिरा की उड़ान तीन घंटे विलंब से रवाना हुई। कोहरे के कारण लेह से जम्मू आने वाला एयर इंडिया का विमान रद हो गया, जबकि जम्मू एयरपोर्ट पर आने वाले छह विमान एक से ढाई घंटे देरी से पहुंचे।

    कोल्ड डे और शीत लहर क्या है?

    मौसम विभाग के अनुसार जब दिन का तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज किया जाता है तो उसे कोल्ड डे कहते हैं। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे भी अधिक नीचे जाता है तो उसे सिवियर कोल्ड डे कहा जाता है। इसी तरह जब न्यूनतम तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज होता है तो वह शीत लहर की स्थिति होती है। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे अधिक नीचे जाता है तो गंभीर श्रेणी की शीत लहर कही जाती है।

    यह भी पढ़ेंः  बक्सर जिले में बूंदाबांदी ने बदला मौसम, दो दिन बारिश के आसार; तापमान में भी गिरावट दर्ज