Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    मौसम का सितम: मैदानी इलाकों में बारिश की आशंका, पहाड़ों पर बर्फबारी का कहर जारी

    By Nancy BajpaiEdited By:
    Updated: Sun, 20 Jan 2019 08:50 AM (IST)

    Weather Alert: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया। मैदानी इलाकों में बारिश की आशंका, फिर बढ़ सकती है ठंड। ...और पढ़ें

    मौसम का सितम: मैदानी इलाकों में बारिश की आशंका, पहाड़ों पर बर्फबारी का कहर जारी

    नई दिल्ली, जेएनएन। जहां मैदानी इलाकों में ठंड का सितम कम होने लगा है, वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के लिए अगले 24 घंटे भारी रह सकते हैं। मौसम विभाग ने यहां भारी बर्भबारी का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही राजधानी दिल्‍ली समेत यूपी, पंजाब के मैदानी इलाकों में भीषण बारिश की भी संभावना जताई गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मैदानी इलाकों में दिखेगा पहाड़ों की बर्फबारी का असर 
    मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के अधिकतर इलाकों में 20-22 जनवरी के बीच बर्फबारी और बारिश होने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए भी यह दो दिन काफी तकलीफदेह हो सकते हैं। यहां के भी अधिकतर इलाकों में बर्फबारी का अंदेशा जताया जा रहा है। हालांकि पहाड़ों पर बर्फबारी का यह असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा।

    पहाड़ों पर फिर शुरू होगी बर्फबारी, हिमस्खलन की चेतावनी
    उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। ऐसे में रविवार को ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम का यह मिजाज मंगलवार तक बने रहने की उम्मीद है। वहीं, कश्मीर के उच्च इलाकों में बर्फबारी शनिवार को ही शुरू हो गई है। इसके चलते प्रदेश में ठंड फिर से बढ़ गई है।

    कहां रहा कितना तापमान
    शहर                   अधि.             न्यूनतम
    श्रीनगर               4.2                -2.0
    पहलगाम            4.3                -4.4
    गुलमर्ग             -2.0                 -7.0
    लेह                    1.2                 -9.2
    कारगिल            -3.0                -18.9 (तापमान डिग्री सेल्सियस में दिया गया है।

    कड़ाके की ठंड से कांपा जम्मू-कश्मीर, जम्मू-श्रीनगर हाईवे भी रहा बंद
    जम्मू-कश्मीर के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को फिर भारी बर्फबारी हुई। जबकि मैदानी इलाकों में बादल छाए रहने से ठंड और बढ़ गई है। जवाहर टनल के आसपास सुबह नौ बजे से हुई बर्फबारी के बाद डेढ़ घंटे के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा। वहीं, सुबह कोहरा छाए रहने के कारण हवाई सेवा प्रभावित रही। प्रशासन ने कश्मीर के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है।

    चार धाम में फिर बढ़ेगी ठंड, बर्फबारी के आसार
    प्रदेश में पिछले तीन दिनों के मुकाबले शनिवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवा चली। इससे मसूरी और देहरादून में ठंड महसूस की गई। जबकि शनिवार को अल्मोड़ा का तापमान भी माइनस तीन डिग्री दर्ज किया गया। जोशीमठ, पंतनगर, पिथौरागढ़ और चंपावत में भी न्यूनतम तापमान तीन डिग्री के आसपास रहा।

    हिमाचल में 22 से 24 तक भारी बर्फबारी की चेतावनी
    हिमाचल प्रदेश में मौसम का रख बदलना शुरू हो गया है। ऐसे में मौसम विभाग ने 22 से 24 जनवरी तक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की चेतावनी देकर हाई अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से कहा है कि वे 22 से 24 जनवरी तक सतर्कता बरतें और कोई जरूरी काम न होने पर घर से अकेले बाहर न निकलें। तेज हवा के कारण प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हिमस्खलन की भी संभावना है।

    मैदानी इलाकों में बारिश की आशंका 
    पिछले दो दिनों से दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में सुनहरी धूप से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत दी, लेकिन पहाड़ों की बर्फबारी ठंड को फिर बढ़ा सकती है। 20-23 जनवरी के बीच हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। ऐसे में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है और ठंड की वापसी का अंदेशा है।