Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UPSC Result 2023-24: IPS आदित्य श्रीवास्तव बने यूपीएससी टॉपर, 15 दिन बाद जारी होंगे मार्क्स

    Updated: Wed, 17 Apr 2024 02:12 AM (IST)

    संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने 17 अप्रैल 2024 को सिविल सेवा परीक्षा 2023 का परिणाम घोषित किया। आईआईटी कानपुर के छात्र एवं ट्रेनी आईपीएस आदित्य श्रीवास्तव ने यूपीएससी रिजल्ट 2023 में टॉप किया है। कुल 1016 उम्मीदवार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में पास हुए। आयोग ने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा में हासिल अंक परीक्षा परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के अंदर वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाएंगे।

    Hero Image
    UPSC Result 2023-24: IPS आदित्य श्रीवास्तव बने यूपीएससी टॉपर, 1016 उम्मीदवार हुए सफल (File Photo)

    पीटीआई, नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने मंगलवार को सिविल सेवा परीक्षा, 2023 का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें कानपुर आइआइटी से पढ़े और प्रशिक्षु आइपीएस आदित्य श्रीवास्तव ने पहला, अनिमेष प्रधान ने दूसरा, डोनुरु अनन्या रेड्डी ने तीसरा, पीके सिद्धार्थ रामकुमार ने चौथा और रुहानी ने पांचवा स्थान हासिल किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UPSC Result 2024 Topper List

    1. आदित्य श्रीवास्तव

    2. अनिमेष प्रधान

    3. डोनुरु अनन्या रेड्डी

    4. पीके सिद्धार्थ रामकुमार

    5. रुहानी

    6. सृष्टि डबास

    7. अनमोल राठौर

    8. आशीष कुमार

    9. नौशीन

    10. ऐश्वर्यम प्रजापति

    यूपीएससी रिजल्ट मार्क्स कब जारी होंगे?

    यूपीएसएसी के अनुसार, कुल 1,016 अभ्यर्थियों ने (664 पुरुष और 352 महिलाओं) ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें 30 दिव्यांग भी शामिल हैं। शीर्ष 25 अभ्यर्थियों में 10 महिलाएं और 15 पुरुष हैं। शीर्ष पांच स्थानों में तीन पुरुष व दो महिलाएं हैं और इनमें से तीन- श्रीवास्तव, रामकुमार व रुहानी प्रशिक्षु आइपीएस हैं। एक दशक से ज्यादा समय में यह पहली बार है जब प्रशिक्षु आइपीएस ने शीर्ष स्थान हासिल किए हैं। आयोग ने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा में हासिल अंक परीक्षा परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के अंदर वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाएंगे।

    यूपीएससी टॉपर आदित्य श्रीवास्तव कौन हैं?

    शीर्ष स्थान हासिल करने वाले 27 वर्षीय आदित्य श्रीवास्तव ने इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। उनके पास एमटेक की डिग्री भी है। वह लखनऊ के रहने वाले हैं। उन्होंने परीक्षा में अपने वैकल्पिक विषय के रूप में भी इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग को चुना था। 2022 की परीक्षा में उन्होंने 236वीं रैंक हासिल की थी। राउरकेला स्थित एनआइटी से कंप्यूटर साइंस में बीटेक 24 वर्षीय अनिमेष प्रधान ने वैकल्पिक विषय के रूप में समाज शास्त्र को चुना था। वह ओडिशा में अंगुल जिले के तलचर कस्बे के निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में कार्यरत हैं।

    यूपीएससी टॉपर डोनुरु अनन्या रेड्डी कौन हैं ?

    दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस से भूगोल में स्नातक (आनर्स) डोनुरु अनन्या रेड्डी ने वैकल्पिक विषय के रूप में मानव विज्ञान को चुना था। 22 वर्षीय रेड्डी तेलंगाना में महबूबनगर की रहने वाली हैं। 27 वर्षीय रामकुमार तिरुअनंतपुरम स्थित कालेज आफ आर्किटेक्चर से स्नातक हैं और उनका वैकल्पिक विषय मानव विज्ञान था। केरल में कोच्चि के रहने वाले रामकुमार ने 2022 की परीक्षा में 121वीं रैंक हासिल की थी। रुहानी दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफेंस कालेज से अर्थशास्त्र में स्नातक (आनर्स) हैं और उनका वैकल्पिक विषय अर्थशास्त्र था।

    यूपीएससी टॉपर रुहानी कौन हैं?

    गुरुग्राम की रहने वाली 28 वर्षीय रुहानी ने 2022 की परीक्षा में 159वीं रैंक हासिल की थी। उन्होंने 2019 में इंडियन इकोनामिक सर्विस की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी और वह नीति आयोग में काम कर चुकी हैं। उनके माता-पिता दिल्ली सरकार में अध्यापक हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस), भारतीय विदेश सेवा (आइएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) में अधिकारियों का चयन करने के लिए यूपीएससी हर वर्ष तीन चरणों में (प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार) में सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है।

    यूपीएससी 2023 परीक्षा के लिए कितने अभ्यर्थियों ने किया आवेदन?

    यूपीएससी ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन पिछले वर्ष 28 मई को किया गया था। इसके लिए कुल 10,16,850 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था जिनमें से 5,92,141 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। 14,624 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए उतीर्ण हुए थे जिसका आयोजन पिछले वर्ष सितंबर में किया गया था। साक्षात्कार के लिए 2,855 अभ्यर्थी चयनित हुए थे। उत्तीर्ण हुए 1,016 अभ्यर्थियों में 347 सामान्य वर्ग, 115 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, 303 अन्य पिछड़ा वर्ग, 165 अनुसूचित जाति और 86 अनुसूचित जनजाति के हैं।

    यूपीएससी 2022 में टॉपर कौन था ?

    आयोग ने बताया कि सरकार ने 1,143 रिक्तियों की सूचना दी थी जिनमें आइएएस में 180, आइएफएस में 37, आइपीएस में 200, विभिन्न ए ग्रुप सर्विसेज में 613 और ग्रुप बी सर्विसेज में 113 पद शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि 2022 की परीक्षा में दिल्ली विश्वविद्यालय की स्नातक इशिता किशोर ने शीर्ष स्थान हासिल किया था। शीर्ष चार स्थानों पर महिलाओं ने बाजी मारी थी। गरिमा लोहिया, उमा हरथी एन. और स्मृति मिश्र ने क्रमश: दूसरा, तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया था।

    प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'मैं सिविल सेवा परीक्षा, 2023 को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई देता हूं। उनकी कड़ी मेहनत, ²ढ़ता और समर्पण रंग लाया है, जिससे सार्वजनिक सेवा में उनके आशाजनक करियर की शुरुआत होगी। उनके प्रयास आने वाले समय में हमारे देश के भविष्य को आकार देंगे। उन्हें मेरी शुभकामनाएं। जो लोग सिविल सेवा परीक्षा में अपेक्षित सफलता अर्जित नहीं कर पाए हैं, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि विफलताएं मुश्किल हो सकती हैं, लेकिन याद रखिए कि यह आपकी यात्रा का अंत नहीं है। भविष्य में परीक्षाओं में सफलता के अवसर मिलेंगे। लेकिन भारत उससे भी परे अवसरों का देश है जहां आपकी प्रतिभा सच्चे अर्थों में चमक सकती है। परिश्रम करते रहिए और अपार संभावनाएं तलाशते रहिए। आप सभी को शुभकामनाएं।'

    यह भी पढ़ें: UPSC Success Story: राजीव की 'डिक्शनरी' में नहीं था 'हार' शब्द, सिविल सेवा परीक्षा में पाई 103वीं रैंक