Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Stapled Visa: नत्थी वीजा क्या है, जिसे लेकर भारत और चीन में हुआ विवाद? स्टांप वीजा से कितना है अलग

    नत्थी वीजा नियमित वीजा से अलग होता है। इसमें पासपोर्ट पर सीधे स्टांप लगाने के बजाय वीजा के साथ एक कागज नत्थी कर दिया जाता है। ऐसा करके चीन पासपोर्ट पर अपनी आधिकारिक स्टांप लगाने से बच जाता है। चीन ने पहली बार 2005 में अरुणाचल प्रदेश के निवासियों को नत्थी वीजा जारी किया था जिसके बाद से ये सिलसिला जारी है। पढ़ें यह खास रिपोर्ट...

    By Jagran NewsEdited By: Achyut KumarUpdated: Sat, 23 Sep 2023 10:17 AM (IST)
    Hero Image
    Stapled Visa: नत्थी वीजा जारी करने को लेकर भारत-चीन में हुआ विवाद

    नई दिल्ली, जागरण रिसर्च डेस्क। चीन ने वर्ष 2000 के बाद भारत के साथ चल रहे सीमा विवाद पर अपनी नीति बदल ली है। अब आक्रामक नीति के तहत उसने अरुणाचल प्रदेश और जम्मू- कश्मीर के निवासियों को नियमित वीजा के बजाय नत्थी वीजा जारी करना शुरू कर दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चीन ने पहली बार नत्थी वीजा कब जारी किया था?

    चीन ने पहली बार 2005 में अरुणाचल प्रदेश के निवासियों को नत्थी वीजा जारी किया था, जिसके बाद से ये सिलसिला जारी है। चीन नत्थी वीजा जारी करके अरुणाचल प्रदेश पर अपने दावे को मजबूती देने के साथ यह संदेश देना चाहता है कि जम्मू-कश्मीर विवादित क्षेत्र है और वह इसे भारत का अभिन्न हिस्सा नहीं मानता। वहीं, भारत ने चीन के इस कदम का कड़ा विरोध करते हुए दोहराया है कि अरुणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर भारत के अभिन्न अंग हैं।

    नत्थी वीजा और स्टांप वीजा का फर्क

    स्टांप वीजा नियमित वीजा है। एक देश दूसरे देश के नागरिकों को नियमित वीजा जारी करता है। नत्थी वीजा नियमित वीजा से अलग होता है। इसमें पासपोर्ट पर सीधे स्टांप लगाने के बजाय वीजा के साथ एक कागज नत्थी कर दिया जाता है। ऐसा करके चीन पासपोर्ट पर अपनी आधिकारिक स्टांप लगाने से बच जाता है।

    यह भी पढ़ें: चीन ने फिर दिखाए तेवर, भारत के 3 वुशू खिलाड़ियों को नहीं दी एंट्री, खेल मंत्री Anurag Thakur ने उठाया बड़ा कदम

    नत्थी वीजा जारी होना क्यों है चिंता का विषय?

    किसी देश के नागरिक के लिए नत्थी वीजा जारी होना चिंता की बात इसलिए है, क्योंकि जब ये नागरिक अपने देश लौटते हैं तो नत्थी वीजा एंट्री और एग्जिट पास फाड़ दिया जाता है। उसकी यात्रा का कोई ब्यौरा रिकार्ड में दर्ज नहीं हो पता है। इसका मतलब है कि नत्थी वीजा के साथ यात्री कहां गया और कब गया इसका कोई सबूत नहीं रह जाता है। किसी भी देश की सुरक्षा के लिहाज से ये चिंता की बात हो सकती है।

    कब शुरू हुआ नत्थी वीजा विवाद?

    चीन ने खास तौर पर अरुणाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के निवासियों के लिए नत्थी वीजा जारी करना शुरू किया था। चीन ने सबसे पहले 2005 में अरुणाचल प्रदेश के निवासियों के लिए नत्थी वीजा जारी किया और जम्मू कश्मीर के नागरिकों के लिए नत्थी वीजा सबसे पहले 2009 में जारी किया गया। इसके बाद से समय समय पर चीन अरुणाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के नागरिकों को नत्थी वीजा जारी करता रहता है। 2009 में कश्मीर के एक निवासी को नई दिल्ली में चीनी दूतावास ने नत्थी वीजा जारी किया था। बाद में उसे एयरपोर्ट पर रोक दिया गया था।

    यह भी पढ़ें: Asian Games: भारतीय खिलाड़ियों के साथ चीन का भेदभाव, एशियन गेम्स में नहीं दी एंट्री; भारत ने अपनाया कड़ा रुख

    संवेदनशील है नत्थी वीजा का मुद्दा

    नत्थी वीजा का मुद्दा जब भी उभरता है तो ये भारत चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश को लेकर चल रहे सीमा विवाद की याद दिलाता है। कांग्रेस के सांसद शशि थरूर ने 28 जुलाई, 2023 को 'एक्स' पर पोस्ट करके तिब्बत के निवासियों को नत्थी वीजा जारी किए जाने की बात कही थी।

    बहुत हो गया। अपने खिलाड़ियों को बार-बार निराश करने के बजाय हमें तिब्बत से भारत के लिए वीजा का आवेदन करने वालों को नत्थी वीजा जारी करना शुरू कर देना चाहिए। और हमें कहना चाहिए कि भारत और तिब्बत के बीच विवादित सीमा का समाधान होने तक हम ऐसा करते रहेंगे।

    - शशि थरूर, सांसद, कांग्रेस

    भारत सरकार का कहना है कि नत्थी वीजा विवाद एक राजनीतिक उपकरण है, जिसका इस्तेमाल चीन अरुणाचल प्रदेश पर अपने दावे को मजबूती देने के लिए करता है।

    नत्थी वीजा से जुड़े पहले के विवाद

    2011 में भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के एक अधिकारी और एक खिलाड़ी को ग्रांड प्रिक्स आयोजन में शामिल होने के लिए चीन जाना था। अधिकारी और खिलाड़ी दोनों अरुणाचल प्रदेश के निवासी थे, लेकिन नत्थी वीजा जारी होने की वजह से ये आयोजन में शामिल नहीं हो पाए। इसी साल अरुणाचल प्रदेश के पांच कराटे खिलाड़ियों के लिए भी चीन ने नत्थी वीजा जारी किया। दो युवा तीरंदाजों के साथ भी यही हुआ ये खिलाड़ी विश्व तीरंदाजी युवा चैंपियनशीप में भाग लेने वाले थे।