आसाराम बापू इस काम में रह चुके हैं गुरमीत राम रहीम के 'गुरु'
साल 2013 में लगभग 72 साल के आसाराम ने कहा था कि वह किसी से शारीरिक संबंध बना ही नहीं सकते।
नई दिल्ली, जेएनएन। डेरा सच्चा सौदा के गुरमीत राम रहीम को सीबीआइ कोर्ट ने 25 अगस्त को दोषी करार दे दिया था, तभी से वह रोहतक की सुनारिया जेल में हैं। संभावना यही जताई जा रही है कि अब उनका लंबा समय जेल की सलाखों के पीछे ही बीतेगा। आसाराम बापू की कहानी भी राम रहीम से काफी मिलती-जुलती है, जो साल 2013 से जेल में हैं। आसाराम बापू को आज सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है और राम रहीम को सीबीआई कोर्ट से झटका लगने वाला है। कोर्ट की सुनवाई के दौरान कई ऐसे पैंतरे राम रहीम ने आपनाए, जो आसाराम बापू पहले ही आजमा चुके थे।
आसाराम और राम रहीम दोनों बलात्कार के आरोपी
आसाराम नाबालिग से बलात्कार के मामले में सजा काट रहे हैं। उनको सुप्रीम कोर्ट ने झटका देते हुए जमानत वाली याचिका खारिज कर दी है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम के खिलाफ बलात्कार के मामले में धीमी सुनवाई को लेकर गुजरात सरकार को भी फटकरा लगाई। आसाराम और उनके बेटे नारायण साई पर दो बहनों से दुष्कर्म का आरोप है। बताते हैं कि आसाराम आशीर्वाद लेने आने वाली लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करते थे। कथित तौर पर उन्हें गोद में लेकर अश्लील हरकतें करते थे। राम रहीम को भी साध्वी से बलात्कार का दोषी पाया गया है। वह भी अपने डेरे में आने वाली लड़कियों पर बुरी नजर रखते थे। कथित तौर पर वह पिछले काफी समय से लड़कियों का यौन शोषण कर रहे थे। लेकिन कोर्ट के सामने इन आरोपों से साफ इनकार कर दिया।
राम रहीम और आसाराम के लाखों अंध भक्त
राम रहीम ही नहीं आसाराम के भी लाखों अंध भक्त हैं, जो उनके एक कहने पर कुछ भी कर गुजरने के लिए तैयार नजर आते हैं। आसाराम को जेल में गए लगभग 4 साल का लंबा समय हो चुका है, लेकिन उनके भक्तों की हिम्मत अभी तक नहीं टूटी है। वे अब भी बाबा का प्रचार करते हुए सड़कों पर नजर आ जाते हैं। उधर राम रहीम के अंध भक्तों की गुंडागर्दी 25 अगस्त को पंचकूला और बाकी शहरों में दिखाई दी। इन कथित भक्तों ने दर्जनों गाडि़यों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस पर पथराव किया। इस दौरान 38 लोगों की जान भी चली गई। आसाराम के भी लाखों भक्त सड़कों पर उतरे थे, जिन्होंने दबाव बनाने का प्रसास किया, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ।
दोनों बाबा शारीरिक संबंध बनाने में हैं सक्षम
केस की सुनवाई के दौरान साल 2014 में राम रहीम ने अपराध प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 313 के तहत अपने बयानों में डेरा प्रमुख ने अदालत में कहा था- 'मैं निर्दोष हूं। मैंने कभी किसी से दुष्कर्म नहीं किया था। 1990 से मैं किसी के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए चिकित्सकीय या शारीरिक रूप से फिट नहीं हूं, परंतु उसका यह तर्क किसी काम नहीं आया। आसाराम ने भी कोर्ट में कुछ ऐसी ही दलील दी थी। साल 2013 में लगभग 72 साल के आसाराम ने कहा था कि वह किसी से शारीरिक संबंध बना ही नहीं सकते। लेकिन जब उनका मेडिकल टेस्ट किया गया, तो यह बात झूठी साबित हुई।
आश्रम से होता है लाखों का कारोबार
राम रहीम और आसाराम दोनों के आश्रमों में लाखों रुपये का कारोबार होता था। राम रहीम MSG नाम से प्रोडक्ट्स बाजार में बेचते हैं। MSG के पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में 200 स्टोर हैं। कंपनी के प्रोडक्ट्स में दाल, अनाज, चावल, आटा, देसी घी, मसाले, अचार, जैम, शहद, मिनरल वॉटर और नूडल्स शामिल हैं। बाबा के पास हरियाणा के सिरसा में करीब 700 एकड़ की खेती की जमीन है। वो एक गैस स्टेशन और मार्केट कॉम्पलेक्स भी चलाते हैं। आसाराम भी दवाओं से लेकर बिस्कुट तक अपने आश्रम में बेचते थे।
यह भी पढ़ें: राम रहीम को हो सकती है इतने साल की सजा, इन धाराओं के दोषी पाए गए डेरा प्रमुख!