विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Manipur Violence: मणिपुर में हिंसा के बाद मिजोरम में पुलिस अलर्ट, पूरे राज्य में बढ़ाई गई सुरक्षा

By AgencyEdited By: Devshanker Chovdhary
Published: Mon, 24 Jul 2023 07:52 AM (IST)Updated: Mon, 24 Jul 2023 08:00 AM (IST)

मैइती समुदाय को निकालने को लेकर मिजो संगठनों ने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। इसे ध्यान में रखकर ...और पढ़ें

मणिपुर हिंसा के बीच मिजोरम में बढ़ाई गई सुरक्षा। (सांकेतिक तस्वीर)
मणिपुर हिंसा के बीच मिजोरम में बढ़ाई गई सुरक्षा। (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. मिजोरम में मैतेई समुदाय को राज्य छोड़ने की मिली चेतावनी।
  2. मिजो संगठनों का राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का एलान।
  3. मणिपुर हिंसा के बीच मिजोरम में बढ़ाई गई सुरक्षा।

आइजोल, पीटीआई। पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में जारी हिंसा के बीच अब मिजोरम में भी स्थिति चिंताजनक होने लगी है। मिजोरम से खबर सामने आई है कि वहां से मैइती समुदाय को निकलने के लिए कहा गया है। बता दें कि मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हिंसा हो रही है।

मिजो संगठन करेगा विरोध प्रदर्शन

मैइती समुदाय को निकालने को लेकर मिजो संगठनों ने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। इसे ध्यान में रखकर पूरे मिजोरम में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कहा कि किसी प्रकार की अनहोनी न हो, इसलिए सुरक्षा बढ़ाई गई है।

मैतेई समुदाय छोड़ रहे हैं मिजोरम

बता दें कि रविवार को 78 लोगों ने मिजोरम छोड़ा और मणिपुर के लिए उड़ान भरी। वहीं, शनिवार को 65 लोगों ने मिजोरम छोड़ा था। हालांकि, इसमें ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि इनमें से कितने लोग नियमित यात्री थे और कितने लोग डर के कारण भाग रहे हैं।

मिजोरम में मैतेई समुदाय को मिली चेतावनी

मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न घुमाने के वायरल वीडियो के बाद पूर्व उग्रवादियों के समूह ने मैतेई समुदाय को मिजोरम छोड़ने के लिए कहा था, जिसके बाद मिजोरम के अन्य 41 मैतेई लोग सड़क मार्ग से असम के कछार जिले में चले गए। वहीं, मणिपुर से 31 मिजो छात्र वहां की मौजूदा स्थिति के कारण मिजोरम लौट आए।

बता दें कि एनजीओ को-ऑर्डिनेशन कमेटी, सेंट्रल यंग मिज़ो एसोसिएशन (सीवाईएमए) और मिज़ो ज़िरलाई पावल (एमजेडपी) सहित पांच प्रमुख नागरिक संगठनों का एक समूह मंगलवार को मिजोरम में प्रदर्शन करेगा। इसका आह्वान मणिपुर में हो रहे जातीय हिंसा के खिलाफ किया गया है।

डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की बैठक

इधर, मिजोरम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल शुक्ला ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रविवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में राज्य के विभिन्न हिस्सों में मैइती लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की गई।

डीजीपी अनिल शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जिलों, विशेषकर संवेदनशील क्षेत्रों में उचित तैनाती, गश्त और सतर्कता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक टीम ने आइजोल में उन स्थानों का भी दौरा किया, जहां मंगलवार को प्रदर्शन होगा।