वॉर्निंग लेवल से ऊपर बह रही 11 नदियां, देश में बाढ़ की स्थिति पर CWC ने जारी की रिपोर्ट; क्या चिंता की है बात?
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार देश में 11 नदियों का जल स्तर वार्निंग लेवल से ऊपर है पर खतरे के निशान से ऊपर नहीं। असम में कुशियारा और ब्रह्मपुत्र बिहार में कोसी बागमती और गंडक ओडिशा में सुवर्णरेखा उत्तर प्रदेश में गंगा घाघरा और गंडक तथा तमिलनाडु में कावेरी नदी का जलस्तर बढ़ा है।

पीटीआई, नई दिल्ली। देश में 11 नदियों में जल स्तर वार्निंग लेवल को पार कर गया है, लेकिन कहीं भी स्थिति खतरे के निशान से ऊपर या अत्यधिक बाढ़ की सीमा तक नहीं पहुंची है। केंद्रीय जल आयोग द्वारा जारी दैनिक बाढ़ बुलेटिन में इसकी जानकारी दी गई है।
बुलेटिन के मुताबिक, वर्तमान में किसी भी स्थान पर गंभीर या अत्यधिक बाढ़ की स्थिति नहीं है और कहीं भी जल स्तर खतरे के निशान या उच्चतम बाढ़ स्तर तक नहीं पहुंचा है। देश में स्थित 11 रिवर मॉनिटरिंग स्टेशन से आए डेटा के आधार पर स्थिति नियंत्रण में है।
राज्यों में नदियां उफान पर
असम की बात करें, तो करीमगंज में कुशियारा और जोरहाट में ब्रह्मपुत्र वार्निंग लेवल से ऊपर है। बिहार में कोसी, बागमती और गंडक का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। ओडिशा में सुवर्णरेखा नदी मथानी रोड ब्रिज और राजघाट पर सामान्य से ऊपर बह रही है।
उत्तर प्रदेश में फतेहगढ़ और कछला ब्रिज पर गंगा, एल्गिनब्रिज पर घाघरा और खड्डा पर गंडक वार्निंग लेवल पर बह रही है। यहां कड़ी निगरानी रखी जा रही है। तमिलनाडु के मुसिरी में कावेरी नदी का जलस्तर वॉर्निंग लेवल को पार कर गया है।
बता दें कि असम, बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु और यूपी में 12 जगहों को सामान्य से अधिक बाढ़ की स्थिति के लिए चिह्नित किया गया था। यहां वाटर लेवल खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन वॉर्निंग लेवल को पार कर गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।