'Thanks My Friend...', पुतिन के फोन कॉल के बाद आया पीएम मोदी का मैसेज; भारत-रूस रिश्ते पर हुई बड़ी बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने फोन पर बधाई दी जिसके लिए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर धन्यवाद व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह शुभकामना दोनों देशों के मजबूत रिश्तों का प्रतीक है। उन्होंने यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान में भारत के योगदान की तत्परता भी दोहराई।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने फोन कर शुभकामनाएं दी, जिसके बाद पीएम मोदी ने पुतिन को सोशल मीडिया पर धन्यवाद कहा है। पीएम मोदी ने कहा कि यह शुभकामना दोनों देशों के गहरे रिश्तों को दिखाती है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "धन्यवाद मेरे दोस्त राष्ट्रपति पुतिन, आपके फोन और शुभकामनाओं के लिए। हम अपनी विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेंगे।"
यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के पक्ष में भारत
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान में हर संभव योगदान देने को तैयार है। बता दें, पीएम मोदी और पुतिन के बीच लंबे समय से अच्छे रिश्ते रहे हैं। दोनों नेता कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे से मिलते रहे हैं।
भारत और रूस रक्षा, ऊर्जा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में करीबी साझेदार है। पीएम मोदी के इस संदेश से साफ है कि भारत रूस के साथ अपने रिश्तों को आगे और गहरा करना चाहता है। साथ ही यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए शांति की दिशा में योगदान देना चाहता है। रूस ने भी हमेशा भारत के साथ अपने संबंधों को विशेष और भरोसेमंद बताया है।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर कई अभियानों की शुरुआत की गई
पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर न सिर्फ पुतिन बल्कि दुनिया के कई नेताओं से शुभकामनाएं मिली। हर साल 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इस साल उनके जन्मदिन पर कई सामाजिक और डिजिटल अभियानों की शुरुआत की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।