Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    PM Modi America Visit: 11 साल में कितनी बार अमेरिका गए पीएम मोदी, USA के लिए क्यों खास है भारत, ट्रंप से क्या होगी बात?

    Updated: Mon, 10 Feb 2025 07:41 PM (IST)

    डोनाल्ड ट्रंप ने 20 जनवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इसके कुछ दिन बाद ही उन्होंने पीएम मोदी को फोन कर अमेरिका आने का निमंत्रण दिया था। अब 12 फरवरी को ट्रंप के निमंत्रण पर पीएम मोदी अमेरिका पहुंचेंगे। पिछले 11 साल में यह उनका 86वां विदेशी दौरा है। वहीं ये पीएम मोदी का 10वां अमेरिका दौरा भी होगा।

    Hero Image
    ट्रंप से मुलाकात में पीएम मोदी अप्रवासियों का मुद्दा उठा सकते हैं (फोटो: जागरण)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी से दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर जाएंगे। ये पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल का दूसरा अमेरिकी दौरा है। हालांकि बतौर प्रधानमंत्री वह 10वीं बार अमेरिका जाएंगे।

    अमेरिका से पहले पीएम मोदी दो दिन के लिए फ्रांस भी जाएंगे। 10 फरवरी की शाम वह पेरिस पहुंचेंगे और एलिसी पैलेस में आयोजित डिनर में शामिल होंगे। अगले दिन 11 फरवरी को वह एआई एक्शन समिट के तीसरे एडिशन की सह अध्यक्षता करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फ्रांस से ज्यादा पीएम मोदी के अमेरिका दौरे की चर्चा है। इससे भारत को क्या लाभ होगा, आइए विस्तार से जानते हैं...

    डोनाल्ड ट्रंप ने 20 जनवरी को दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ ली है। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका पहुंचने वाले मोदी दूसरे राष्ट्राध्यक्ष होंगे। सबसे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका पहुंचे। वहीं इसी हफ्ते जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा का दौरा भी प्रस्तावित है।

    ट्रंप के शपथ ग्रहण में पीएम मोदी शामिल नहीं हुए थे। विपक्ष इसे लेकर पीएम पर हमलावर था। हालांकि बाद में डोनाल्ड ट्रंप ने खुद पीएम मोदी से फोन पर बात कर उन्हें अमेरिका आने का निमंत्रण दिया था। इससे कूटनीति की दुनिया में भारत की धाक कितनी है, इसका पता चलता है।

    सबसे अधिक अमेरिका जाने वाले पीएम

    नरेंद्र मोदी सबसे ज्यादा बार अमेरिका जाने वाले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। पिछले 11 साल में ये पीएम मोदी का 10वां अमेरिका दौरा होगा। उनके पहले डॉ. मनमोहन सिंह ने सबसे ज्यादा 8 बार अमेरिका की यात्रा की थी।

    इनके अलावा जवाहर लाल नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी ने 4-4 बार, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने 3-3 बार, पीवी नरसिम्हा राव ने 2 बार, मोरारजी देसाई और इंद्र कुमार गुजराल ने 1-1 बार अमेरिका की यात्रा की है। जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद मोदी तीसरे ऐसे भारतीय पीएम होंगे, जिनका तीन अलग-अलग अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने दौरे पर स्वागत किया है।

    अमेरिका के लिए कितना अहम भारत?

    • भारत ने बीते कुछ समय में अपनी कूटनीतिक छवि का बदला है। यही वजह है कि सिर्फ अमेरिका ही नहीं, दुनिया के हर देश के लिए भारत का महत्व बढ़ गया है। भारत अपने हथियारों का 11 फीसदी आयात अमेरिका से करता है। अमेरिका ने अपाचे और चिनूक जैसे हेलीकॉप्टर भारत को दिए।
    • अमेरिकी संसद को पीएम मोदी ने दो बार संबोधित किया है। जून 2023 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने उन्हें स्टेट विजिट पर बुलाया था। इसके पहले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को भी अमेरिका ने स्टेट विजिट पर बुलाया था।
    • मैडिसन स्क्वायर पर आयोजित कार्यक्रम, हाउडी मोदी से अमेरिका में पीएम मोदी की लोकप्रियता का भी पता चलता है। भारत अमेरिका के साथ क्वाड का भी मेंबर है। सितंबर 2014 में पीएम मोदी बराक ओबामा के कार्यकाल में उद्योगपतियों को भारत में निवेश का निमंत्रण देने के लिए भी गए थे।

    ट्रंप के साथ मुलाकात में क्या होगी बात?

    डोनाल्ड ट्रंप के साथ पीएम मोदी की यह 8वीं मुलाकात होगी। इसके अर्जेंटीना और जापान में हुए जी20 शिखर सम्मेलन और फ्रांस में हुए जी7 देशों के सम्मेलन सहित दोनों नेता 7 बार मिल चुके हैं। ट्रंप के भारत दोरे के वक्त अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था।

    हाल ही में अमेरिका ने 104 भारतीय अप्रवासियों को अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश की कोशिश करते हुए पकड़े जाने पर डिपोर्ट कर दिया था। इन्हें हथकड़ी और बेड़ियों में बांधकर भारत लाया गया था। लेकिन भारत की तरफ से अमेरिका के इस रुख का विरोध नहीं किया गया।

    माना जा रहा है कि पीएम मोदी के अमेरिका दौरे से पहले भारत कोई टिप्पणी कर तनाव नहीं पैदा करना चाहता था। ट्रंप से मुलाकात में पीएम मोदी इन अप्रवासियों का मुद्दा उठा सकते हैं। इसके अलावा अमेरिका के साथ ट्रेड और भारत में निवेश को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हो सकती है।

    सोर्स:

    history.state.gov/departmenthistory/visits/india

    www.pmindia.gov.in/en/pm-visits/

    यह भी पढ़ें: पीएम मोदी से मुलाकात से पहले बड़ी घोषणा करेंगे ट्रंप, कई देशों को लगेगा झटका