विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने उठाया 'डीप-फेक समस्या' का मुद्दा, कहा- पुलिस को तकनीक में अपडेट रहने की है जरूरत

By Jagran NewsEdited By: Versha Singh
Published: Sat, 18 Nov 2023 03:59 PM (IST)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल और डीप-फेक की समस्या पर बात की। उन्होंने शनिवार को कहा कि ...और पढ़ें

राष्ट्रपति मुर्मु ने उठाया 'डीप-फेक समस्या' का मुद्दा
राष्ट्रपति मुर्मु ने उठाया 'डीप-फेक समस्या' का मुद्दा

HighLights

  1. राष्ट्रपति मुर्मु ने उठाया 'डीप-फेक समस्या' का मुद्दा
  2. कहा- पुलिस को तकनीक में अपडेट रहने की है जरूरत

पीटीआई, नई दिल्ली। अपराधियों द्वारा जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल और डीप-फेक की समस्या पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी गंभीरता दिखाई। इस दौरान उन्होंने शनिवार को कहा कि पुलिस अधिकारियों को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हमेशा अपडेट रहना होगा।

मिली जानकारी के अनुसार, यहां राष्ट्रपति भवन में उनसे मुलाकात करने आए 2022 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) परिवीक्षाधीन अधिकारियों के एक समूह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि पुलिस बलों के सामने साइबर अपराध, ड्रग कार्टेल, वामपंथी उग्रवाद और आतंकवाद जैसी कई चुनौतियां हैं।

मुर्मु ने उठाई डीप फेक की समस्या

मुर्मु ने कहा, नई तकनीक और सोशल मीडिया के प्रभाव से परिस्थितियां तेजी से बदलती हैं। अपराधियों द्वारा जेनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जाता है और डीप-फेक जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को तकनीक के क्षेत्र में हमेशा अपडेट रहना होगा और अपराधियों पर बढ़त बनानी होगी।

प्रोबेशनर्स को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था की मुख्य जिम्मेदारी राज्य सरकारों की है।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान में उनके हवाले से कहा गया, लेकिन, आईपीएस अधिकारी राज्य सरकारों द्वारा नियुक्त पुलिस कर्मियों को नेतृत्व प्रदान करते हैं। इस प्रकार देश की पुलिस व्यवस्था को एक अखिल भारतीय सूत्र में पिरोने का कार्य भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी करते हैं।

पुलिस विभाग को रहना होगा सतर्क- मुर्मु

राष्ट्रपति ने कहा कि आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए कानून-व्यवस्था की मजबूती आवश्यक शर्त है।

मुर्मु ने कहा, वैश्विक स्तर पर, राष्ट्रीय स्तर पर और स्थानीय स्तर पर यह देखा गया है कि जहां कानून व्यवस्था मजबूत नहीं है, वहां उद्यमी निवेश नहीं करना चाहते हैं। इस प्रकार पुलिस विभाग किसी भी क्षेत्र के बहुआयामी विकास में केन्द्रीय भूमिका निभाता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि पुलिस बलों ने देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में अमूल्य योगदान दिया है।

मुर्मु ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की प्रतिभा और क्षमता के विकास के लिए अवसर प्रदान करना है।

राष्ट्रपति ने कहा, यह हमारी राष्ट्रीय प्राथमिकता है कि सभी नागरिक विकास यात्रा में भागीदार बनें।

उन्होंने कहा कि अमृत काल में देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में पुलिस अधिकारी भी निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

यह भी पढ़ें- Israel Hamas War: सार्वजनिक सेवा नेतृत्व के लिए इजरायल के लोगों को मिलेगा पुरस्कार, कनाडाई सुरक्षा मंच ने की घोषणा

यह भी पढ़ें- India Vs Australia: ऑस्ट्रेलियाई उपप्रधानमंत्री मार्ल्स अहमदाबाद में देखेंगे भारत-ऑस्ट्रेलिया विश्व कप क्रिकेट फाइनल