Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    G20 Summit Dinner: राष्ट्रपति मुर्मु, PM मोदी ने रात्रिभोज में बाइडन और ऋषि सुनक सहित मेहमानों का किया स्वागत

    By AgencyEdited By: Anurag Gupta
    Updated: Sat, 09 Sep 2023 11:30 PM (IST)

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को शिखर सम्मेलन स्थल भारत मंडपम में आयोजित भव्य रात्रि भोज में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सहित जी20 नेताओं और अन्य मेहमानों का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने भारत मंडपम में जी20 नेताओं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के लिए रात्रिभोज की मेजबानी की। इस भोज में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन शामिल हुए।

    Hero Image
    राष्ट्रपति ने की रात्रिभोज की मेजबानी (फोटो: पीटीआई)

    नई दिल्ली, पीटीआई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को शिखर सम्मेलन स्थल भारत मंडपम में आयोजित भव्य रात्रि भोज में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सहित जी20 नेताओं और अन्य मेहमानों का स्वागत किया।

    रात्रि भोज शुरू होने से पहले जिस मंच पर मेहमानों की अगवानी की गई, उसकी पृष्ठभूमि में बिहार में नालंदा विश्वविद्यालय के गौरव और भारत के जी20 अध्यक्षता की थीम - 'वसुधैव कुटुंबकम - एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' को दर्शाया गया था। विश्व धरोहर स्थलों की यूनेस्को की सूची में शामिल नालंदा विश्वविद्यालय, दुनिया के सबसे पुराने विश्वविद्यालयों में से एक थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसे भी पढ़ें: अक्षता मूर्ति और जी-20 नेताओं की पत्नियों ने सीखी 'मोटे अनाज' को पकाने की विधि, लहरी बाई से भी की मुलाकात

    राष्ट्रपति ने की रात्रिभोज की मेजबानी

    राष्ट्रपति ने भारत मंडपम में जी20 नेताओं, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के लिए रात्रिभोज की मेजबानी की। प्रगति मैदान में नवनिर्मित कन्वेंशन सेंटर आयोजित इस भोज में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन शामिल हुए।

    रात्रिभोज में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, चीन के प्रधानमंत्री ली क्यांग, जर्मनी के चांसलर ओलफ शुल्ज, आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अलबनिजी शामिल हुए।

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ पहुंचे। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पत्नी योको किशिदा के साथ रात्रि भोज में शामिल हुए। मारीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा पत्नी रितु बंगा के साथ पहुंचे।

    इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट किया था, नई दिल्ली में 18वें जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले जी20 देशों के सभी प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों, अतिथि देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों का हार्दिक स्वागत है।

    भारतीयता के रंग में रंगी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि

    जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा की पत्नी युको किशिदा से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) की प्रबंध निदेशक और अध्यक्ष क्रिस्टालिना जार्जीवा तक कई शीर्ष विदेशी मेहमान रात्रिभोज में पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर पहुंचीं। जार्जीवा बैंगनी रंग के सूट में पहुंचीं, जिसके साथ उन्होंने सुनहरा दुपट्टा पहन रखा था।

    जापानी पीएम फुमियो किशिदा की पत्नी युको हरे रंग की साड़ी पहनी थी। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा की पत्नी त्शेपो मोत्सेपे ने इंडो-वेस्टर्न पोशाक पहनी थीं। उन्होंने अपने बालों को जूड़े में बांधा और गजरा लगाया।

    मारीशस के प्रधानमंत्री प्र¨वद कुमार जगन्नाथ की पत्नी कोबिता जगन्नाथ साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मोती के हार के साथ साड़ी पहन रखी थीं।

    इसे भी पढ़ें: समृद्ध भारत के लिए बड़ी सफलता, PM मोदी के नेतृत्व क्षमता का प्रतीक बना नई दिल्ली लीडर्स घोषणा पत्र

    रात्रिभोज में 170 मेहमानों को न्यौता

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा आयोजित जी20 रात्रिभोज के लिए 170 मेहमानों को न्यौता दिया गया। इनमें जी- 20 में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे विदेश के नेताओं के साथ उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, सभी केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार के सभी सचिव शामिल हैं।

    पूर्व प्रधानमंत्रियों डा. मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा को भी आमंत्रित किया गया। सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों को भी न्यौता मिला। भारत के सीएजी गिरीश चंद्र मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष, ओम बिरला, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना, जी20 शेरपा अमिताभ कांत और अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी और विशिष्ट अतिथियों का न्यौता मिला।