Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अयोध्या में रामलला का सूर्यतिलक... यहां रामसेतु के दर्शन, वीडियो पोस्ट कर PM मोदी ने कहा- यह ईश्वरीय संयोग

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को श्रीलंका से भारत लौटते समय अपने विमान से बनाया गया राम सेतु का भव्य वीडियो साझा किया। पीएम ने लिखा कि थोड़ी देर पहले श्रीलंका से लौटते समय मुझे राम सेतु के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। बता दें कि भारत में धार्मिक मान्यता है कि रामसेतु का निर्माण भगवान राम की सेना ने किया था।

    By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Sun, 06 Apr 2025 03:07 PM (IST)
    Hero Image
    पीएम मोदी ने साझा किया रामसेतु का वीडियो। ( फोटो- @narendramodi)

    पीटीआई, कोलंबो। तीन दिवसीय यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वतन लौटे। श्रीलंका से लौटते वक्त पीएम मोदी ने रामसेतु का वीडियो भी अपने सोशल मीडिया पर अपलोड किया। पीएम ने लिखा कि आज रामनवमी के पावन अवसर पर श्रीलंका से वापस आते समय आकाश से रामसेतु के दिव्य दर्शन हुए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने आगे लिखा कि ईश्वरीय संयोग से मैं जिस समय रामसेतु के दर्शन कर रहा था, उसी समय मुझे अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक के दर्शन का भी सौभाग्य मिला। मेरी प्रार्थना है, हम सभी पर प्रभु श्रीराम की कृपा बनी रहे।

    सात समझौतों पर बनी बात

    अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ कई अहम बैठक की। इस दौरान दोनों देशों ने रक्षा समेत कुल 7 समझौतों पर सहमति जताई। दोनों देश ऊर्जा और डिजिटलीकरण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे।

    पीएम मोदी ने श्रीलंका के लोगों का जताया आभार

    पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि मेरी यात्रा के दौरान गर्मजोशी दिखाने पर श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके, वहां के लोगों और सरकार का बहुत आभारी हूं। चाहे वह कोलंबो हो या अनुराधापुरा... इस यात्रा ने हमारे दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत संबंधों की पुष्टि की है। यह निश्चित रूप से हमारे द्विपक्षीय संबंधों को गति देगा।

    थाईलैंड से सीधे कोलंबो थे पहुंचे

    थाईलैंड में बिम्सटेक की बैठक में हिस्सा लेने के बाद पीएम मोदी श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे थे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा कि श्रीलंका की एक बहुत ही उपयोगी राजकीय यात्रा समाप्त हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लिए रवाना हुए।

    भारत के खिलाफ नहीं होगा श्रीलंका की जमीन का इस्तेमाल

    अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की सुरक्षा एक-दूसरे से जुड़ी है। हम एक-दूसरे पर निर्भर हैं। नई दिल्ली हमेशा श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ी रहेगी। इस पर श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके ने कहा कि श्रीलंका अपने भू-भाग का इस्तेमाल किसी भी तरह से भारत के खिलाफ नहीं होने देगा।

    यह भी पढ़ें: श्रीलंका में PM मोदी ने रेल ट्रैक और सिग्नलिंग सिस्टम का किया उद्घाटन, जय श्री महा बोधि मंदिर में लिया आशीर्वाद

    यह भी पढ़ें: उत्‍तराखंड की नीती-मलारी रोड पर मिली कर्नाटक की जली हुई कार, अंदर महिला का कंकाल; दहशत में लोग