Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Monsoon Update 2024: केरल और पूर्वोत्तर में एक साथ पहुंचा मानसून, यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में समय से पहले होगी झमाझम बारिश

    Monsoon Update 2024 मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) ने एक्स पर एक पोस्ट में एलान किया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 30 मई 2024 को केरल पहुंच गया है। यह पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भी आगे बढ़ गया है। केरल के विभिन्न इलाकों में मानसून के आगमन पर भारी वर्षा हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं।

    By Jagran News Edited By: Babli Kumari Updated: Thu, 30 May 2024 10:13 PM (IST)
    Hero Image
    दक्षिण भारत में मानसून ने दी दस्तक (फाइल फोटो)

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर भारत की झुलस रही धरती के लिए दक्षिण ने राहत की उम्मीद जगाई है। कृषि के लिए यह अच्छी खबर है कि केरल में अनुमान से एक दिन पूर्व ही मानसून ने दस्तक दी है। इसके अलावा मानसून पूर्वोत्तर भी पहुंच गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने एक्स पर एक पोस्ट में एलान किया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 30 मई, 2024 को केरल पहुंच गया है। यह पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भी आगे बढ़ गया है। केरल के विभिन्न इलाकों में मानसून के आगमन पर भारी वर्षा हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं।

    कोझिकोड जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से आठ लोग घायल हो गए। माना जा रहा है कि मानसून बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी समय से पहले ही पहुंच जाएगा। अंडमान-निकोबार में 19 मई को बनी मानसून की परिस्थितियों को बंगाल की खाड़ी में उठे रेमल चक्रवात ने तेजी से आमंत्रित किया। केरल में मानसून के आगमन की तिथि एक जून है।

    मौसम विभाग ने मानसून को लेकर किया पूर्वानुमान

    इस बार मौसम विभाग ने 31 मई तक मानसून के आने का पूर्वानुमान जताया था। पूर्वोत्तर के राज्यों-त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर एवं असम में मानसून आम तौर पर पांच जून को आता है। आइएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने समय से एक-दो दिन पहले मानसून के आगमन को सामान्य बताया है।

    दिल्ली में 25 से 27 जून के बीच दस्तक देगा मानसून

    पिछले 10 वर्षों के दौरान यह चौथी बार है, जब मानसून अपने पूर्वानुमान से पहले आया है। आइएमडी के अनुसार यदि 10 मई के बाद केरल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार दो दिन ढाई मिमी या उससे अधिक वर्षा होती है और हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिम की ओर होती है तो मान लिया जाता है कि मानसून आ गया। केरल में पिछले चार-पांच दिनों से लगातार भारी वर्षा हो रही है। आइएमडी का अनुमान है कि बिहार में 10 जून एवं उत्तर प्रदेश में 15 से 20 जून के बीच मानसून पहुंच सकता है। दिल्ली में 25 से 27 जून के बीच मानसून के आने का अनुमान है।

    ला-नीना कराएगा ज्यादा वर्षा

    मौसम विज्ञानियों का मानना है कि प्रशांत महासागर में अभी अलनीनो की स्थिति बरकरार है, लेकिन 'तटस्थ' है। जुलाई के बाद ला-नीना सक्रिय हो जाएगा। ला-नीना वर्ष के दौरान भारतीय उपमहाद्वीप में सामान्य से अधिक मानसूनी वर्षा होती है। अलनीनो के दौरान प्रशांत महासागर का पानी गर्म रहता है, जो भारत में कमजोर मानसूनी हवाओं और शुष्क परिस्थितियों को प्रभावित करता है। ला-नीना इसके विपरीत है। इससे मानसून के दौरान अच्छी वर्षा होती है। आइएमडी भी इस बार सामान्य से अधिक वर्षा का पूर्वानुमान जारी कर चुका है।

    यह भी पढ़ें- Heatwaves Alert: क्या होता है रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट? समझिए IMD कब जारी करती हे ये चेतावनी