यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नरेंद्र मोदी ने पोछे पीड़ितों के आंसू
प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार पहुंचकर पटना सीरियल ब्लास्ट में मारे गए छह ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, पटना। प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार पहुंचकर पटना सीरियल ब्लास्ट में मारे गए छह लोगों के परिजनों के आंसू पोछे और 'हम हैं ना' का भरोसा दिया। उन्होंने पीड़ितों से कहा, 'आप लोगों को चिंता की जरूरत नहीं है। पूरी भाजपा आपके साथ है, हम आपके परिवार के सदस्य हैं। दुख की घड़ी में हौसला रखें, यही आतंकियों को कारगर जवाब है।' अहमदाबाद रवाना होने से पूर्व पटना हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में मोदी ने कहा कि मैं बिहार की बहादुर जनता को नमन करता हूं। उन्होंने बड़े ही धैर्य का परिचय दिया।
पढ़ें: धमाकों के बाद भी मोदी के रैली करने पर खुर्शीद ने उठाए सवाल
पढ़ें: मोदी को सिब्बल ने दी खुली बहस की चुनौती
पढ़ें: पटना रैली में धमाकों के बारे में नहीं था इंटेलिजेंस इनपुट: नीतीश
पढ़ें: मोदी की सुरक्षा पर गंभीर हुई सरकार
शनिवार को मोदी की यात्रा करीब दो घंटे विलंब से शुरू हुई। मौसम खराब था। हेलीकॉप्टर धुंध की वजह से उड़ नहीं सकता था। मौसम की गड़बड़ी के चलते ही वह गोपालगंज व सुपौल नहीं जा सके। उन्होंने फोन पर ही मुन्ना श्रीवास्तव की विधवा से बात की तथा उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिया। मुन्ना की पत्नी ने मोदी से गुजराती भाषा में बात की और परिवार के लिए मदद मांगी। मोदी ने सुपौल के भरत रजक के घर वालों से भी फोन पर बात की। ज्यादातर ने उनसे सहायता करने का आग्रह किया। भाजपा की तरफ से सबको तत्काल पांच-पांच लाख रुपये का चेक दिया गया है।
नमो सबसे पहले पटना के गौरीचक स्थित राजनारायण सिंह के आवास पहुंचे। वहां मृतक आश्रितों से मिलने के बाद कैमूर गए। कैमूर में विकास कुमार सिंह परिजनों से मिलने के बाद मोदी गोपालगंज के लिए रवाना हुए, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से उनका हेलीकॉप्टर वहां उतर नहीं पाया। सुपौल में भी यही हुआ। आखिर में उन्हें वापस पटना लौटना पड़ा। फिर वह बेगूसराय व नालंदा गए। यहां हुंकार रैली में बिंदेश्वरी चौधरी व राजेश कुमार मारे गए थे। कमोबेश इन सभी गांवों में देश का प्रधानमंत्री कैसा हो, नरेंद्र मोदी जैसा हो..के नारे गूंजे।
पटना एयरपोर्ट पर मोदी ने कहा कि जिन लोगों हम नहीं मिल पाए हैं भविष्य में अवसर मिला तो जरूर मिलेंगे। उन्होंने बिहार की जनता के धैर्य और साहस की तारीफ की। कहा कि हुंकार रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे लेकिन धमाकों के बावजूद लोगों ने धैर्य नहीं खोया। उन्होंने सबको दीपावली व छठ पर्व की बधाई दी। बाद में मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि उन्हें पीड़ित परिवारों से मिलकर गर्व महसूस हुआ है।
बर्बर बादशाह के अंदाज में आए मोदी : त्यागी
नरेंद्र मोदी की यात्रा पर सत्ताधारी दल जदयू ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा कि नमो ठीक उसी अंदाज में बिहार पहुंचे जैसे मध्यकालीन युग में बर्बर बादशाह अपने पड़ोसी राज्यों पर हमला बोलने के लिए जाते थे। बहाना था हुंकार रैली में हुए धमाकों में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करना। लेकिन असल में वह बिहार में भी गोधरा या मुजफ्फरनगर जैसे कांड दोहराना चाहते हैं।
त्यागी ने कहा कि बिहार की जनता उनकी मंशा पूरी नहीं होने देगी। गुजरात में तो पांच सौ से अधिक विधवाएं और इतनी ही संख्या में अनाथ बहुत दिनों से उनका इंतजार कर रहे हैं। लेकिन वे उनसे मिलने अब तक नहीं गए। अक्षरधाम मंदिर में हुए हमले में 30 हिंदू श्रद्धालु मारे गए थे। उनके परिजनों को भी नरेंद्र मोदी का इंतजार है।
दिल मजबूत करो, बच्चों को दो अच्छी शिक्षा
जागरण संवाददाता, कैमूर : 'विकास की मौत से हम दुखी हैं। ..पर होनी को कौन टाल सकता है। आपके बच्चों को हम अच्छी शिक्षा दिलाएंगे। कोई समस्या हो तो बिना संकोच पार्टी के लोगों को बताएं। हम तन, मन और धन से आपके साथ खड़े हैं।' शनिवार को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पटना रैली के दौरान विस्फोट में मारे गए विकास सिंह (27) के परिवार वालों से मिले, ढाढ़स बंधाया।
पूर्वाह्न 10.40 बजे भभुआ के अंतर्गत निसिझा गांव में विकास के घर से दो सौ मीटर दूर नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर उतरा। उन्हें विकास के घर तक ले जाने के लिए गाड़ियों का काफिला तैयार था लेकिन वह पैदल ही चल दिए। मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग खड़े थे। सबका अभिवादन करते हुए वह आगे बढ़ते गए। विकास के घर पहुंचने पर सबसे पहले पत्नी बीना देवी से मिले। कहा, आप पुत्री समान हो। जो चला गया वह लौटकर नहीं आएगा। अब दिल मजबूत कर बच्चों को अच्छी शिक्षा दो। पांच लाख का चेक देते हुए कहा यह छोटी सी मदद है, बच्चों की शिक्षा और अच्छी परवरिश के लिए पार्टी उनके साथ है। विकास के पिता मेघनाथ और मां को भी उन्होंने ढांढस बंधाया। घर से निकलने के बाद वह विकास के चाचा, ताऊ से मिले और बोले, इस परिवार को कोई तकलीफ न हो। नरेंद्र मोदी के लौटने के बाद विकास की पत्नी बीना देवी, पिता मेघनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि मोदी उनके परिवार का ख्याल रखेंगे। बीना देवी ने कहा, पहले तो घबराहट थी लेकिन उन्होंने जिस ढंग से बात की उससे लगा मोदी जी बहुत अच्छे इंसान हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
