Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Manipur Violence: मणिपुर में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की हत्या, तीन जवान घायल; इंफाल में विरोध-प्रदर्शन

    मणिपुर में अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति और उसके बेटे सहित चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार 61 वर्षीय ओइनम बमोलजाओ और उनके 35 वर्षीय बेटे ओइनम मैनिटोम्बा को गुरुवार को बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने मार डाला। भीड़ ने सरकार से मोरेह में राज्य सुरक्षाबलों पर आतंकवादियों के लगातार हमलों का मुकाबला करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भेजने की मांग की।

    By Agency Edited By: Sonu Gupta Updated: Thu, 18 Jan 2024 11:47 PM (IST)
    Hero Image
    मणिपुर में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की हत्या। प्रतीकात्मक फोटो।

    आईएएनएस, इंफाल। मणिपुर में अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति और उसके बेटे सहित चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 61 वर्षीय ओइनम बमोलजाओ और उनके 35 वर्षीय बेटे ओइनम मैनिटोम्बा को गुरुवार को बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने मार डाला। गांव की रक्षा के लिए तैनात 54 वर्षीय थियाम सोमेन को भी गुरुवार को उसी जिले में प्रतिद्वंद्वी समुदाय के सशस्त्र लोगों ने गोली मार दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गोली लगने से बीएसएफ के तीन जवान घायल

    पुलिस ने कहा कि बुधवार रात कांगपोकपी जिले की सीमा से लगे इंफाल पश्चिम जिले के कांगचुप में दो समुदायों के बीच गोलीबारी में एक अन्य गांव की रक्षा के लिए तैनात 26 वर्षीय ताखेललंबम मनोरंजन की मौत हो गई और एक अन्य युवा मंगशताबम वांगलेन गोली लगने से घायल हो गया है। हिंसा की ताजा घटनाएं बुधवार देर रात मणिपुर के थौबल जिले में अज्ञात सशस्त्र हमलावरों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी के बाद हुईं, जिसमें बीएसएफ के तीन जवान गोली लगने से घायल हो गए।

     सुरक्षाकर्मियों ने हमले को किया विफल

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात समूहों के कुछ सशस्त्र कैडरों ने बुधवार देर रात थौबल जिला पुलिस मुख्यालय पर हमला करने का प्रयास किया और सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी की। सुरक्षाकर्मियों ने हमले को विफल कर दिया। सशस्त्र कैडर मुख्यालय पर एकत्र हुई गुस्साई भीड़ में शामिल हो गए थे। तीन बीएसएफ कर्मियों में से दो सहायक उप-निरीक्षक सोबराम सिंह और रामजी थे और तीसरे की पहचान कांस्टेबल गौरव कुमार के रूप में की गई। उन्हें इंफाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

     थौबल जिले में लगाया गया पूर्ण कर्फ्यू

    एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि भीड़ ने थौबल जिले के खंगाबोक में तीसरी मणिपुर सशस्त्र बटालियन मुख्यालय को निशाना बनाया। भीड़ ने सरकार से मोरेह में राज्य सुरक्षाबलों पर आतंकवादियों के लगातार हमलों का मुकाबला करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भेजने की मांग की। घटना के कारण थौबल जिले में पूर्ण कर्फ्यू लगा दिया गया और पूरे जिले में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

    यह भी पढ़ेंः Manipur Violence: मणिपुर में फिर भड़की हिंसा की आग, मोरेह में उग्रवादियों से मुठभेड़ में 2 जवान शहीद; छह घायल

    महिलाओं ने किया विरोध-प्रदर्शन

    हत्याओं के खिलाफ इंफाल घाटी में गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मांग की है कि हिंसा बंद होनी चाहिए और साथ ही उन्होंने इंटर एजेंसी यूनिफाइड कमांड के चेयरमैन को पद से हटाने की भी मांग की।

     प्रदर्शनकारी महिलाएं और सुरक्षाकर्मियों में हुई झड़प

     बीते साल मणिपुर सरकार ने इंटर एजेंसी यूनिफाइड कमांड का प्रमुख कुलदीप सिंह को नियुक्त किया था। महिलाओं ने इंफाल के मुख्य बाजार से लेकर सीएम आवास और राजभवन तक मार्च किया। राजभवन से 300 मीटर दूर महिला प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया, जिसके चलते प्रदर्शनकारी महिलाएं और सुरक्षाकर्मियों में झड़प भी हुई।

    यह भी पढ़ेंः Manipur: मणिपुर के कांगपोकपी में दो गुटों के बीच गोलीबारी, एक की मौत