Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कर्नाटक के होयसल मंदिर समूह यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल, PM Modi बोले- भारत के लिए गौरव की बात

    By Jagran NewsEdited By: Sonu Gupta
    Updated: Tue, 19 Sep 2023 12:27 AM (IST)

    कर्नाटक के ऐतिहसिक होयसल मंदिर को यूनेस्को ने विश्व धरोहर की सूची (UNESCO World Heritage List) में शामिल कर लिया है। वहीं इस घोषणा पर पीएम मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह भारत के लिए गौरव की बात है। अब होयसल के शानदार पवित्र स्मारकों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है ।

    Hero Image
    UNESCO की विश्व धरोहर सूची में शामिल हुआ ऐतिहासिक मंदिर होयसल। फोटोः @UNESCO

    नई दिल्ली, पीटीआई। कर्नाटक में बेलूर, हलेबिड और सोमनाथपुरा के होयसल मंदिर समूह को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल किया गया है। यह फैसला सऊदी अरब के रियाद में चल रहे विश्व धरोहर समिति के 45वें सत्र के दौरान लिया गया। विश्व निकाय ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में यह घोषणा की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बधाई हो भारत: यूनेस्को

    एक दिन पहले रविवार को बंगाल के शांतिनिकेतन को प्रतिष्ठित टैग प्रदान किया गया था। शांतिनिकेतन में ही कवि रवींद्रनाथ टैगोर ने एक सदी पहले विश्वभारती की स्थापना की थी। यूनेस्को ने कहा, "होयसल के पवित्र मंदिर समूह को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल किया गया। बधाई हो भारत।"

    भारत के लिए और भी गौरव की बातः पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर कहा, "भारत के लिए और भी गौरव की बात है! होयसल के शानदार पवित्र मदिरों को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल किया गया है। होयसल मंदिरों की सुंदरता और जटिल निर्माण कला भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और हमारे पूर्वजों के असाधारण शिल्प कौशल का प्रमाण हैं।"

    विदेश मंत्री ने क्या कहा?

    वहीं, कर्नाटक के ऐतिहासिक मंदिर होयसल को यूनेस्को की विश्व धरोहर की सूची में शामिल होने पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि इस तरह की अच्छी खबरें समय-समय पर आती रहती हैं। उन्होंने  होयसल को विश्व धरोहर की सूची में शामिल होने पर भारत की पारंपरिक कला और वास्तुकला के लिए एक योग्य मान्यता करार दिया। 

    यह भी पढ़ेंः UNESCO की विश्व धरोहर सूची में शामिल हुआ शांतिनिकेतन, PM मोदी बोले- भारतीयों के लिए गर्व का क्षण

    सीएम सिद्दरमैया ने क्या कहा?

    "होयसल के पवित्र मंदिर समूह" अप्रैल 2014 से यूनेस्को की अस्थायी सूची में शामिल थे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने कहा कि होयसल मंदिरों को विश्व धरोहर का दर्जा दिया जाना खुशी और गर्व की बात है।

    अब भारत में 42 यूनेस्को विरासत स्थल: एएसआइ

    कर्नाटक में होयसल राजवंश के 13वीं सदी के मंदिरों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने के बाद भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने कहा कि भारत में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। इनमें सांस्कृतिक श्रेणी में 34, प्राकृतिक श्रेणी में सात और एक मिश्रित श्रेणी में शामिल है।