‘डॉ. आंबेडकर का ऐसा अपमान भारत बर्दाश्त नहीं करेगा’, प्रियंका गांधी ने की अमित शाह की टिप्पणी की निंदा
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह की डॉ. भीमराव आंबेडकर के बारे में की गई टिप्पणी की निंदा की। प्रियंका गांधी ने कहा कि भारत में इस तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रियंका ने कहा- वे जानते हैं कि आंबेडकर जी के लिए उनकी सच्ची भावनाएं सामने आ चुकी हैं। इसलिए वे अब विपक्ष से डरे हुए हैं।
एएनआई, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहब भीमराव आंबेडकर पर की गई टिप्पणी को लेकर राजनीतिक हंगामा बरपा हुआ है। विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ही एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
इस मामले को लेकर एक बार फिर से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का बयान सामने आया है। प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह की डॉ. भीमराव आंबेडकर के बारे में की गई टिप्पणी की निंदा की। प्रियंका गांधी ने कहा कि भारत में इस तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वे अब विपक्ष से डरे हुए हैं- प्रियंका गांधी
मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, वे जानते हैं कि आंबेडकर जी के लिए उनकी सच्ची भावनाएं सामने आ चुकी हैं। इसलिए, वे अब विपक्ष से डरे हुए हैं क्योंकि हम इस मुद्दे को उठा रहे हैं। इस मामले से राष्ट्रहित जुड़ा हुआ है। हमारा संविधान आंबेडकर जी, इस देश के लोगों और हमारे स्वतंत्रता संग्राम ने दिया है। उनका ऐसा अपमान भारत बर्दाश्त नहीं करेगा।
#WATCH | Congress MP Priyanka Gandhi Vadra says, "This Government is scared. This Government is scared to have a discussion on Adani matter. It is scared of having any discussion. They know that their true sentiments for Ambedkar ji have come out. So, they are now scared of the… pic.twitter.com/SU9LR6xUss
— ANI (@ANI) December 20, 2024
उन्होंने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर अडानी मामले पर चर्चा करने से डरने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, यह सरकार डरी हुई है। यह सरकार अडानी मामले पर चर्चा करने से डरती है। यह कोई भी चर्चा करने से डरती है।
भाजपा ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज कराया केस
वायनाड से कांग्रेस सांसद ने भाजपा द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में "हमला और उकसावे" के लिए शिकायत दर्ज कराने की भी निंदा की और कहा कि केंद्र सरकार ने हताशा में "झूठी" और "आधारहीन" एफआईआर दर्ज की हैं।
उन्होंने कहा, यह सरकार की हताशा है। वे इतने हताश हैं कि वे झूठी एफआईआर दर्ज कर रहे हैं। राहुल जी कभी किसी को धक्का नहीं दे सकते। मैं उनकी बहन हूं, मैं उन्हें जानती हूं। वे ऐसा कभी नहीं कर सकते। सच कहूं तो देश भी यह जानता है। देश देख रहा है कि वे कितने हताश हैं कि वे आधारहीन एफआईआर दर्ज कर रहे हैं। ये सब ध्यान भटकाने वाली बातें हैं।
गुरुवार को एनडीए और इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया, जब दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें दो भाजपा सांसद घायल हो गए।
प्रताप चंद्र सारंगी ने लगाए राहुल गांधी पर आरोप
भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा एक अन्य सांसद को धक्का दिए जाने के बाद वह घायल हो गए, जिसके बाद वह उनके ऊपर गिर गए। सारंगी ने दावा किया कि वह सीढ़ियों के पास खड़े थे, तभी एक अन्य सांसद उन पर गिर गए, जिससे उनके सिर पर चोट लग गई। उन्हें एंबुलेंस में इलाज के लिए ले जाया गया।
सारंगी ने संवाददाताओं से कहा, मैं सीढ़ियों के पास खड़ा था, तभी राहुल गांधी आए और एक साथी सांसद को धक्का दे दिया। वह सांसद मेरे ऊपर गिर गया, जिससे मैं भी गिर गया।
इस घटना के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद शुरू हो गया, जिसमें दोनों दलों के नेताओं ने संसद परिसर में कथित हाथापाई को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।
अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सांसदों ने दिल्ली पुलिस में राहुल गांधी के खिलाफ "हमला और उकसाने" का मामला दर्ज कराया है।
इसके कुछ ही देर बाद महिला सांसदों सहित कांग्रेस सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने संसद मार्ग पुलिस से संपर्क किया और भाजपा नेताओं पर संसद परिसर में हाथापाई के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने लगाए भाजपा सांसदों पर गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने बचाव में कहा कि वे संसद के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी प्रवेश द्वार के पास प्रदर्शन कर रहे भाजपा सांसदों ने उन्हें धक्का दिया और धमकाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी धक्का दिया गया।
राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा, यह आपके कैमरे में हो सकता है। मैं संसद के प्रवेश द्वार से अंदर जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भाजपा सांसद मुझे रोकने, धक्का देने और धमकाने की कोशिश कर रहे थे। ऐसा हुआ है। हां, ऐसा हुआ है (मल्लिकार्जुन खड़गे को धक्का दिया गया है)।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।