यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेंगे, जरूरत पड़ी तो...' असीम मुनीर की गीदड़भभकी पर भारत का करारा जवाब; US को भी लताड़ा
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने अमेरिका में परमाणु हथियारों को लेकर धमकी दी जिस पर भारत ने ...और पढ़ें

जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। अपने बेहद करीबी रणनीतिक साझेदार देश अमेरिका की धरती से पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने जिस तरह से परमाणु हथियारों को लेकर गीदड़ भभकी दी है, भारत ने उस पर बेहद कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
भारत ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी तरह के परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा और अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाता रहेगा। साथ ही अमेरिका को भी आड़े हाथों लिया है।
हम परमाणु बम का इस्तेमाल करेंगे अगर...
आसिम मुनीर इस समय अमेरिका दौरे पर हैं। फ्लोरिडा में पाकिस्तानी प्रवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि यदि भविष्य में भारत के साथ युद्ध में पाकिस्तान को अस्तित्व का खतरा होगा, तो वह परमाणु बम का इस्तेमाल करेगा। अगर भारत ने पाकिस्तान की ओर जाने वाले जल प्रवाह को बाधित किया, तो इस्लामाबाद भारतीय बांध को नष्ट कर देगा।
उन्होंने कहा था-हम एक परमाणु राष्ट्र हैं। अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यह भी रेखांकित किया कि पाकिस्तान में सेना और आतंकवादी संगठनों के बीच गहरे संबंध हैं। इसके कारण वहां परमाणु कमान और नियंत्रण की विश्वसनीयता पर वैश्विक समुदाय में संदेह बना हुआ है।
परमाणु हथियारों को लेकर पाकिस्तान की ब्लैकमेलिंग को उसकी पुरानी आदत बताते हुए जायसवाल ने इसे गैर-जिम्मेदाराना ठहराया है। जायसवाल ने इस पर भी अफसोस जताया कि जनरल मुनीर ने यह बयान एक मित्र देश (अमेरिका) की धरती से दिया। जनरल मुनीर पिछले दो महीने में दूसरी बार अमेरिका की यात्रा पर गए हैं।
दो महीने में दूसरी बार अमेरिका की यात्रा पर गए मुनीर
एक तरफ जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शुल्क नीति की वजह से भारत और अमेरिका के बीच रिश्ते बेहद तनाव में हैं, वहीं ट्रंप प्रशासन पाकिस्तानी सेना प्रमुख के लिए रेड कार्पेट बिछा रहा है।
शनिवार को पाकिस्तानी मूल के एक उद्योगपति की तरफ से दिए गए रात्रिभोज में मुनीर ने भारत के खिलाफ काफी बयानबाजी की। मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक जनरल मुनीर ने भारत की तरफ से निर्मित बांध को 10 मिनट में ध्वस्त करने की धमकी दी है।
उन्होंने कहा कि सिंधु नदी भारतीयों की पारिवारिक संपत्ति नहीं है। हम भारत द्वारा बांध बनाने का इंतजार करेंगे और जब वह ऐसा करेगा तो हम उसे नष्ट कर देंगे। इन खबरों की आधिकारिक तौर पर पाकिस्तान की तरफ से निंदा भी नहीं की गई है।
भारत के कुछ विशेषज्ञ मानते हैं कि जिस तरह से डोनाल्ड ट्रंप ही तकरीबन रोजाना यह दावा कर रहे हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित परमाणु युद्ध को रुकवाया है, उससे पाक सेना प्रमुख इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना बयान देने के लिए उत्साहित हुए होंगे।
