Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'आंख बंद करके काम नहीं करेंगे', अमेरिका से व्यापार वार्ता पर केंद्रीय मंत्री का बड़ा बयान; टैरिफ पर कही ये बात

    Updated: Sun, 08 Jun 2025 10:00 PM (IST)

    केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता में भारत अपने किसानों के हितों को प्राथमिकता देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत लाभ और हानि का आकलन करके ही व्यापार समझौते को अंतिम रूप देगा। अमेरिका कृषि उत्पादों के लिए अधिक बाजार पहुंच की मांग कर रहा है पर भारत अपने किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

    Hero Image
    कृषि मंत्री का बयान अमेरिका से व्यापार वार्ता में किसानों के हित सर्वोपरि। (फाइल फोटो)

    पीटीआई, नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अमेरिका के साथ चल रही व्यापार वार्ताओं में भारत अपने किसानों के हितों की रक्षा को प्राथमिकता देगा। एक साक्षात्कार में कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि हमारी प्राथमिकता हमारे किसानों के हितों की रक्षा करना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारत आंखें बंद करके काम नहीं करेगा। हम अपने लाभ और हानि का आकलन करेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने भी बताया कि अमेरिका कृषि और बागवानी उत्पादों के लिए अधिक बाजार पहुंच की मांग कर रहा है। लेकिन भारत अपने किसानों की सुरक्षा को सुनिश्चित करेगा।

    दोनों देशों के बीच अक्तूबर में समझौता होने की उम्मीद

    वार्ताकारों से उम्मीद की जा रही है कि वे द्विपक्षीय समझौते के पहले चरण के व्यापक ढांचे पर सहमति बनाएंगे। दोनों देशों के बीच सितंबर-अक्टूबर में समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। नीति आयोग की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीते तीन वर्षों के दौरान के दौरान अमेरिका ने भारत को करीब 2.22 अरब डॉलर मूल्य के कृषि और संबद्ध उत्पादों का निर्यात किया गया।

    भारत ने तीन वर्षों में 5.75 अरब डॉलर का कृषि उत्पाद किया निर्यात

    इस दौरान भारत ने अमेरिका को 5.75 अरब डॉलर मूल्य के कृषि उत्पादों का निर्यात किया। भारत के मुख्य कृषि निर्यातों में झींगा, बासमती चावल, मसाले, प्रसंस्कृत अनाज और अन्य मूल्य वर्धित उत्पाद शामिल हैं।

    हालांकि, अमेरिका अधिक कृषि उत्पादों जैसे मक्का, सोयाबीन और पशु चारा का निर्यात करना चाहता है, लेकिन उसे उच्च भारतीय टैरिफ का सामना करना पड़ता है। केंद्रीय मंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब दोनों देश कृषि व्यापार को बढ़ाने पर बातचीत कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें: 'बीजिंग से तोड़ दें संबंध, कोरोना से भी बड़ा खतरा...', अमेरिका में क्या साजिश रच रहा ड्रैगन? चीनी एक्सपर्ट ने अमेरिका को दी चेतावनी