Operation Kaveri: भारत ने हिंसाग्रस्त सूडान से निकाले 3,862 भारतीय, ऑपरेशन कावेरी हुआ समाप्त
Operation Kaveri भारत ने हिंसाग्रस्त सूडान से भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी शुरू किया था जो अब समाप्त हो गया। ऑपरेशन कावेरी के तहत सूडान से 3862 भारतीयों को बचाया गया। सूडान में 15 अप्रैल को सेना और आरएसएफ अर्धसैनिक बलों के बीच लड़ाई छिड़ी थी। Photo- AP

नई दिल्ली, एएनआई। Operation Kaveri: भारत ने हिंसाग्रस्त सूडान से भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी शुरू किया था, जो अब समाप्त हो गया। ऑपरेशन कावेरी के तहत सूडान से 3,862 भारतीयों को बचाया गया। इसके साथ ही, जेद्दा के एक स्कूल में बनाई गई सुविधा कैंप को भी बंद कर दिया गया। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी दी।
भारत ने बंद किया ऑपरेशन कावेरी
सऊदी अरब में भारत दूतावास ने ट्वीट किया, "आज, हमने ऑपरेशन कावेरी के दौरान सूडान से निकाले गए लोगों के लिए इंटरनेशनल इंडियन स्कूल जेद्दा में बनाई गई पारगमन सुविधा को बंद कर दिया। इसने 3,500 से अधिक लोगों को निकालने में मदद किया। साथ ही सूडान से निकाले गए लोगों के लिए आगे की कार्य योजना बनाने के लिए तंत्रिका केंद्र के रूप में कार्य किया।''
शुक्रवार सुबह सूडान से निकाले गए 47 भारतीय
इससे पहले, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार सुबह भारतीय वायु सेना (IAF) C130 J की उड़ान में 47 यात्रियों की वापसी की पुष्टि की। जयशंकर ने ट्वीट किया, "47 यात्रियों को लेकर एक भारतीय वायु सेना का C130J विमान भारत में उतरा है। इस आगमन के साथ 3862 लोगों को ऑपरेशन कावेरी के माध्यम से सूडान से बाहर निकाला गया है।"
विदेश में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित
विदेश मंत्री ने कहा, "विदेश में सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता हमारी प्रेरणा है। अनिश्चित सुरक्षा परिस्थितियों में देश भर के विभिन्न स्थानों से यात्रियों को पोर्ट सूडान ले जाना एक जटिल काम था। 17 भारतीय वायु सेना की उड़ानों और 5 भारतीय नौसेना के जहाज के माध्यम से लोगों को पोर्ट सूडान से सऊदी अरब के जेद्दा ले जाया गया।''
ऑपरेशन कावेरी में शामिल लोगों का काम सराहनीय
इसके साथ ही, विदेश मंत्री ने इस काम में मदद करने वाले देशों को धन्यवाद दिया। विदेश मंत्री ने सूडान में फंसे भारतीयों के बचाव अभियान में शामिल सभी लोगों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कावेरी में शामिल सभी लोगों की भावना, दृढ़ता और साहस की सराहना करते हैं। खार्तूम में हमारे दूतावास ने इस कठिन समय में असाधारण समर्पण दिखाया है।
युद्ध क्षेत्र में बदला सूडान
बता दें कि भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारतीय नागरिकों को हिंसाग्रस्त सूडान से बचाने के लिए ऑपरेशन कावेरी शुरू किया था। मालूम हो कि सूडान में 15 अप्रैल को सेना और आरएसएफ अर्धसैनिक बलों के बीच लड़ाई छिड़ गई। साथ ही, अस्पतालों और अन्य सेवाओं को बंद कर दिया गया और रिहायशी इलाके युद्ध क्षेत्र में बदल गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।