इस साल मई में रहेगा सामान्य से अधिक तापमान, उत्तर भारत में अधिक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मई 2025 में देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लू के दिनों की संख्या बढ़ सकती है। उत्तर भारत में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है जबकि आंधी-वर्षा के कारण तापमान 2024 के मुकाबले ज्यादा नहीं बढ़ेगा। राजस्थान गुजरात एमपी यूपी सहित कई राज्यों में लू के दिन औसत से ज्यादा रहेंगे।
पीटीआई, नई दिल्ली। मौसम विभाग ने बुधवार कहा कि मई में देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। हालांकि कभी-कभी आंधी-वर्षा से तापमान पिछले वर्ष के गंभीर स्तर तक नहीं पहुंच पाएगा।
मौसम विभाग के निदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं बंगाल के अधिकांश हिस्सों में लू चलने के दिन सामान्य (एक से चार दिन) से अधिक रहने की संभावना है।
गुजरात, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के कुछ इलाकों में भी लू के दिवस सामान्य से अधिक रह सकते हैं। सामान्य तौर पर दक्षिण-पश्चिम प्रायद्वीपीय भारत को छोड़कर देश के विभिन्न हिस्सों में मई में लू के दिनों की संख्या एक से तीन तक होती है।
आंधी-वर्षा से तापमान में राहत मिल सकती है
महापात्र ने कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य एवं पूर्वोत्तर भारत को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य और सामान्य से अधिक वर्षा होने की उम्मीद है। उत्तर भारत में वर्षा सामान्य से अधिक होने की संभावना है जो दीर्घकालिक औसत 64.1 मिलीमीटर की 109 प्रतिशत से अधिक हो सकती है। उन्होंने कहा मई में बार-बार आंधी-वर्षा से तापमान के 2024 के स्तर से ऊपर जाने की संभावना नहीं है।
अप्रैल में कई राज्यों में सामान्य से अधिक लू के दिन
मौसम विभाग के निदेशक ने बताया कि अप्रैल में लू चलने के सामान्य दो से तीन दिवसों के मुकाबले राजस्थान व गुजरात (छह से 11 दिन) और पूर्वी मध्य प्रदेश व विदर्भ (चार से छह दिवस) में लू के दिवसों की संख्या सामान्य से अधिक रही। मध्य-पूर्व भारत, महाराष्ट्र एवं उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में लू के दिवसों की संख्या एक से तीन तक दर्ज की गई, जो सामान्य दो-तीन दिवसों से थोड़ी कम है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।