Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    लगातार बारिश से पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का दौर जारी, हिमाचल से लेकर जम्मू तक स्कूल बंद; उत्तराखंड में कई सड़कें बंद

    Updated: Tue, 26 Aug 2025 07:15 AM (IST)

    पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त है। हिमाचल जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भूस्खलन से रास्ते बंद हैं। हिमाचल में मणिमहेश यात्रा पर गए तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई जिसके बाद यात्रा स्थगित कर दी गई है। जम्मू-कश्मीर के आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

    Hero Image
    हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भूस्खलन से महत्वपूर्ण मार्ग बंद (फोटो: पीटीआई)

    टीम जागरण, नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों में लगातार वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर की नदियों से आ रहे पानी के कारण पंजाब में भी कई जिलों में बाढ़ आ गई है। हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में कई जगहों पर वर्षा के कारण हो रहे भूस्खलन से महत्वपूर्ण मार्ग बंद हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मंगलवार को भी इन राज्यों में वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उधर हिमाचल में प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा पर गए पंजाब के तीन श्रद्धालुओं की आक्सीजन की कमी के कारण मौत हो गई। हिमाचल में मौसम विभाग के अलर्ट के बाद चंबा प्रशासन ने फिलहाल मणिमहेश यात्रा स्थगित कर दी है। मणिमहेश यात्रा में हड़सर से लकर डल तक करीब 800 श्रद्धालु फंसे हुए हैं।

    हिमाचल में बंद रहेंगे स्कूल

    कांगड़ा जिले में पौंग बांध का जलस्तर बढ़ गया है। बिलासपुर-स्वारघाट के पास चंडीगढ़-मनाली एनएच पर छडोल में भूस्खलन की चपेट में दो वाहन आए। भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए चंबा, कांगड़ा, मंडी और ऊना जिलों में मंगलवार को भी सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

    सोमवार को शिंकुला दर्रे, बारालाचा, खरदूंगला व रोहतांग में हिमपात हुआ है। मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया है। बिलासपुर जिले में सोमवार को कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर जगातखाना में चंडीगढ़ से मनाली की ओर जा रही लग्जरी बस पर पत्थर गिरे, जिससे चार यात्रियों को चोटें आई हैं।

    जम्मू के आठ जिलों में रेड अलर्ट

    जम्मू-कश्मीर में सोमवार को लगातार दूसरे दिन भी कहीं मूसलधार तो कहीं हल्की वर्षा जारी रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिन, मंगलवार व बुधवार दोपहर तक जम्मू संभाग के आठ जिलों में रेड अलर्ट व कश्मीर के तीन जिलों में अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बादल फटने, बाढ़ आने और भूस्खलन का खतरा है।

    उधर भारी वर्षा से ऊधमपुर और रियासी जिलों में एक दर्जन से ज्यादा कच्चे मकानों को नुकसान हुआ और भूस्खलन से कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। कश्मीर में राजधान पास, गुलमर्ग के ऊपर अफरबट, श्री अमरनाथ गुफा और जोजि ला में बर्फबारी हुई है। जम्मू-पठानकोट हाईवे पर कठुआ के सहार खड्ड पर बने पुल की मरम्मत कर यातायात को बहाल कर दिया गया है। तवी, चिनाब व झेलम का जलस्तर बढ़ा हुआ है।

    जम्मू में भी स्कूल बंद

    मौसम को देखते हुए स्कूल शिक्षा निदेशालय ने जम्मू संभाग के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को मंगलवार को भी बंद रखने का आदेश दिया है। उत्तराखंड में वर्षा व भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित: राज्य में वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। रविवार रात जोरदार और सोमवार को दिनभर हल्की वर्षा हुई। राजमार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण गंगोत्री व यमुनोत्री की यात्रा स्थगित की गई है, जबकि बदरीनाथ व केदारनाथ धाम की यात्रा भी निरंतर अंतराल पर भूस्खलन के चलते बाधित हो रही है।

    राज्य के 90 से अधिक संपर्क मार्ग भूस्खलन से अवरुद्ध हैं। सोमवार को वर्षा के अलर्ट के चलते देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर व नैनीताल के स्कूलों में अवकाश रहा। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी समेत कई जिलों में वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।

    रणजीत सागर बांध के सभी फ्लड गेट खोले

    हिमाचल और जम्मू में हो रही वर्षा से पठानकोट स्थित रणजीत सागर बांध के सभी सात फ्लड गेट वर्ष 2007 के बाद पहली बार खोल दिए गए हैं। इससे रावी नदी में पानी बढ़ने से आसपास के गांवों में बाढ़ आ गई है। सीमावर्ती गांव ताश में बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने में प्रशासन जुट गया है। उधर, रविवार को पठानकोट-जालंधर नेशनल हाईवे पर स्थित चक्की दरिया पर बने पुल से आवाजाही सोमवार को भी शुरू नहीं हो पाई है।

    इसी बीच माधोपुर-कठुआ नेशनल हाईवे पर बने पुल के पिलर कमजोर होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। लगातार पानी छोड़े जाने से गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों में बाढ़ आ चुकी है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने गुरदासपुर जिले के रावी और ब्यास दरिया के किनारे स्थित 12 गांव देश से कट गए हैं। उधर, मौसम विभाग ने मंगलवार को भी राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

    यह भी पढ़ें- राजस्थान में भारी बारिश से हाहाकार, कई जिलों में बाढ़; स्कूल किए गए बंद