Monsoon: राजस्थान और झारखंड के बाद यूपी में तेजी से बढ़ा मानसून, लखनऊ सहित 40 से अधिक जिलों भारी बारिश का अलर्ट
बीते 15 दिनों तक मुंबई और उसके आसपास ठिठका रहा मानसून बुधवार को मध्य प्रदेश में सक्रिय हो गया। दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से एक सप्ताह पहले राजस्थान में भी प्रवेश कर गया है जिससे कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई है।यूपी में मानसून का आगमन 13 जून को होता है। बुधवार 18 जून को सोनभद्र बलिया मऊ गाजीपुर समेत विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

जागरण टीम, नई दिल्ली। बीते 15 दिनों तक मुंबई और उसके आसपास ठिठका रहा मानसून बुधवार को मध्य प्रदेश में सक्रिय हो गया। दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से एक सप्ताह पहले राजस्थान में भी प्रवेश कर गया है, जिससे कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई है।
बिहार में बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत
झारखंड के कई इलाकों को प्रभाव में लेने के बाद मानसून ने सामान्य समय से चार से पांच दिन देरी से उत्तर प्रदेश में दस्तक दी है। बिहार में पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
यूपी में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा
सामान्यत: उत्तर प्रदेश में मानसून का आगमन 13 जून को होता है। बुधवार 18 जून को सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर समेत विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा और अगले दो से तीन दिन में लखनऊ सहित 40 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी, जिससे गर्मी से काफी राहत मिलेगी।
मध्य प्रदेश की सीमा में पहुंचा मानसून
सोमवार को मध्य प्रदेश की सीमा में पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया है। गुरुवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में अच्छी वर्षा की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर, ग्वालियर, खजुराहो, सोनभद्र, गया से होकर गुजर रही है।
मानसून ने पूरे झारखंड को कवर कर लिया है
मानसून ने पूरे झारखंड को कवर कर लिया है, जिससे 18-19 जून को भारी से अत्यधिक बारिश की संभावना है। रांची प्रशासन ने 19 जून को सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। ओडिशा में भी भारी बारिश की सूचना है, जहां पिछले 24 घंटों में महत्वपूर्ण वर्षा हुई है।
यह भी पढ़ें- पूरब से पश्चिम तक आज से भारी बारिश का अलर्ट, पढ़िए IMD का ताजा अपडेट
पंजाब में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी
पंजाब में 21 से 23 जून तक भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते बुधवार सुबह भी पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 20 जून तक राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।