Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आसमान से बरसी आग, बर्फ व बारिश; टिटलागढ़ में पारा 48 के पार

    By Sachin MishraEdited By:
    Updated: Sun, 24 Apr 2016 07:45 AM (IST)

    शनिवार को ओडिशा के टिटलागढ़ में पारा 48.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शाम को उत्तराखंड स्थित बदरीनाथ धाम और हेमकुंड में बर्फबारी हो गई।

    नई दिल्ली, [जेएनएन]। मौसम का मिजाज शनिवार को तीन तरह का दिखा। ओडिशा के टिटलागढ़ में आसमान से आग बरसने जैसे हालात रहे। यहां पारा रिकॉर्ड 48.5 डिग्री सेल्सियस तक उछला। शाम को उत्तराखंड स्थित बदरीनाथ धाम और हेमकुंड में बर्फबारी हो गई। कई पर्वतीय जिलों में बारिश भी हुई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ओडिशा सरकार ने गर्मी से मौतों को देखते हुए लोगों को पूर्वाह्न 11 से लेकर अपराह्न तीन बजे तक घरों में रहने की सलाह दी है। सूबे में शनिवार को गर्मी से चार लोगों की मौत हो गई, इनमें तीन आंगुल और बलांगीर में एक मौत शामिल है। बलांगीर का टिटलागढ़ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। सूबे के 15 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा।

    पढ़ेंः गर्मी की वजह से स्कूलों का समय बदला

    पश्चिम बंगाल में बांकुड़ा और झारखंड में देवघर सबसे गर्म रहे। झारखंड के चतरा में भीषण गर्मी और लू के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक दिन पहले शुक्रवार को राज्य में लू लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी। पश्चिमी विक्षोभ के पिछले चार दिनों से उत्तरी क्षेत्र में प्रबल रहने के कारण राजधानी दिल्ली के लोगों को गर्मी से कुछ राहत रही। यहां तापमान सामान्य एक डिग्री सेल्सियस नीचे 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में आर्द्रता का स्तर भी सामान्य रहा।

    पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। शनिवार शाम को बदरीनाथ धाम व हेमकुंड में बर्फबारी हुई, जबकि चमोली, रुद्रप्रयाग जिलों के कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई। उत्तरकाशी में आसमान पर बादल छाए रहे। देहरादून समेत अन्य मैदानी जिलों में धूप रही। कश्मीर में रुक-रुक कर हो रही बारिश शनिवार दूसरे दिन भी जारी रही। तापमान के सामान्य से नीचे बने रहने के चलते पूरी वादी ठंड की चपेट में रही।

    मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड, बंगाल में गंगा के तटीय क्षेत्र, ओडिशा, आंध्र के तटीय इलाकों और बिहार के कुछ क्षेत्रो में अगले चार दिनों तक लोगों को लू के थपेड़ों के साथ भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी। अरुणाचल प्रदेश और असम में बारिश का सिलसिला रह सकता है।
    संबंधित अन्य खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें