Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब भारत को नहीं होगी कच्चे तेल की टेंशन! अबू धाबी के क्राउन प्रिंस ने दी बड़ी सौगात; 4 समझौतों से किसे-क्या फायदा?

    भारत और यूएई ने चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इन समझौते के तहत भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। वहीं यूएई के पहले परमाणु ऊर्जा संयंत्र के रख-रखाव और संचालन में भारत अहम भूमिका निभाएगा। गुजरात में एक फूड पार्क भी यूएई स्थापित करेगा। इस पार्क से किसानों को फायदा होगा तो वहीं रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

    By Ajay Kumar Edited By: Ajay Kumar Updated: Tue, 10 Sep 2024 12:41 PM (IST)
    Hero Image
    अबू धाबी के क्राउन प्रिंस और पीएम मोदी।

    एजेंसी, नई दिल्ली। अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान बड़ी सौगात दी है। दोनों देशों ने ऊर्जा सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। इस दौरान भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने चार समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान क्राउन प्रिंस ने रणनीतिक संबंधों को बढ़ावा देने जोर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह भी पढ़ें: पुरुष कर्मचारी से जबरन यौन संबंध बनाती थी महिला सीनेटर, इच्छा नहीं की पूरी तो नौकरी से निकाला; चौंकाने वाले खुलासे

    परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में हुआ समझौता

    भारत और यूएई परमाणु ऊर्जा और पेट्रोलियम के क्षेत्र में सहयोग और बढ़ाएंगे। चार समझौतों में पहला अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (एडीएनओसी) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बीच दीर्घकालिक एलएनजी आपूर्ति का समझौता है। दूसरा अमीरात परमाणु ऊर्जा कंपनी और भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड के मध्य समझौता हुआ है। इसके तहत यूएई के बाराकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र का संचालन और रख-रखाव किया जाएगा।

    तीसरा समझौता इंडिया स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व लिमिटेड के बीच हुआ। चौथे समझौते के तौर पर ऊर्जा भारत और एडीएनओसी के बीच अबू धाबी ऑनशोर ब्लॉक-1 के लिए उत्पादन रियायत समझौता पर भी दोनों देशों ने हस्ताक्षर किया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि रियायत ऊर्जा भारत को देश में कच्चा तेल लाने का अधिकार प्रदान करेगा। इस समझौते से देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान मिलेगा।

    गुजरात में फूड पार्क स्थापित करेगा यूएई

    यूएई गुजरात में एक फूड पार्क स्थापित करेगा। इसके लिए गुजरात सरकार और अबू धाबी डेवलपमेंटल होल्डिंग कंपनी पीजेएससी के बीच अलग से एक समझौता हुआ है।

    पीयूष गोयल ने किया प्रिंस का स्वागत

    विदेश मंत्रालय ने बताया कि शेख खालिद बिन जायद अल नाहयान 8 सितंबर को अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने क्राउन प्रिंस का स्वागत किया।

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "भारत और यूएई के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। हाल के वर्षों में भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, निवेश, संपर्क, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और संस्कृति समेत कई क्षेत्रों में गहरी हुई है।"

    फरवरी में पीएम मोदी पहुंचे थे यूएई

    बता दें कि इसी साल फरवरी में प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई का दौरा किया था। उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ भारत-यूएई द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा और आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए थे।

    यह भी पढ़ें: चुनाव में ट्रंप ने बना ली तगड़ी रणनीति, अब नए अंदाज में करेंगे कैंपेन; इन वोटर्स पर है नजर